)
छत्तीसगढ़ में होने वाले विधानसभा चुनाव में अभी करीब 2 साल का समय बचा है, लेकिन कांग्रेस पार्टी ने अभी से राज्य में राजनीतिक जमीन को एक बार फिर से मजबूत करने के लिए अपनी कमर कस ली है. इसी कड़ी में कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत आगामी 16 नवंबर से तीन दिवसीय सरगुजा प्रवास पर पहुंच रहे हैं. 16, 17 और 18 नवंबर को सुखदेव भगत लगातार क्षेत्र में रहकर पार्टी की जमीनी स्थिति का जायजा लेंगे और कार्यकर्ताओं में नया जोश भरने का काम करेंगे.
पिछले चुनाव में कांग्रेस पार्टी को मिली हार और अगले चुनाव की तैयारियों के बीच राजनीतिक परिदृश्य और अंदरूनी समीकरणों को साधने के लिहाज से प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत के इस दौरे को बेहद अहम माना जा रहा है. बताया जा रहा है कि स्थानीय स्तर पर पार्टी की पकड़ और सुगबुगाहट को टटोलने के लिए सुखदेव भगत अपने इस प्रवास के दौरान संभाग के तमाम वरिष्ठ नेताओं, विधायकों, पूर्व विधायकों और जिला अध्यक्षों के साथ मैराथन बैठकें और व्यक्तिगत मुलाकातें करेंगे.
पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात के अलावा सुखदेव भगत कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद कर फीडबैक भी लेंगे, ताकि ग्राउंड पर आ रही समस्याओं का पता लगाया जा सके और आगामी रणनीतियों को धरातल पर मजबूती के साथ उतारा जा सके. इस तरह कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी का यह दौरा संगठन में कसावट लाने और असंतुष्ट नेताओं को साधने के उद्देश्य से एक बड़ा कदम साबित हो सकता है.
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ का 'खेरा' बना पहला सोलर गांव, 141 घरों की छतों पर लगे पैनल, जानिए कैसे बदली गांव की जिंदगी?
छत्तीसगढ़ में साल 2023 में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी को हार का सामना करना पड़ा था. 3 दिसंबर 2023 को घोषित परिणामों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 54 सीटों पर कब्जा किया था और बहुमत हासिल करते हुए कांग्रेस से सत्ता छीन ली थी. 2018 के चुनाव में बड़ी जीत हासिल करने वाली कांग्रेस पार्टी सिर्फ 35 सीटें ही जीत पाई थी. इसके बाद 13 दिसंबर को विष्णु देव साय ने मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली थी. कांग्रेस पार्टी को सरगुजा जिले की सभी तीन सीटों (अंबिकापुर, लुंड्रा और सीतापुर) पर हार का सामना करना पड़ा था.