'इही तो फर्क हे…', छत्तीसगढ़ में PM आवास को लेकर सियासत, बीजेपी बोली-कांग्रेस ने छीने हक, सुशासन में साकार हो रहे गरीबों के सपने
प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) को लेकर छत्तीसगढ़ में भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी तकरार जारी है. बीजेपी ने सोशल मीडिया पर पोस्टर जारी कर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर निशाना साधा है. पोस्टर में कांग्रेस के कार्यकाल और बीजेपी सरकार के कामकाज की तुलना करते हुए पीएम आवास योजना को लेकर दोनों के बीच अंतर दिखाया गया है.
छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) को लेकर सियासी बयानबाजी जारी है. उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा औप पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बीच इस मुद्दे पर बहस की तारीख का इंतजार किया जा रहा है. इसी बीच भाजपा ने सोशल मीडिया पर पोस्टर जारी कर कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर एक बार फिर निशाना साधा है.
छत्तीसगढ़ बीजेपी ने सोशल मीडिया पर पीएम आवास योजना को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर निशाना साधा है. एक पोस्टर में कांग्रेस के कुशासन और बीजेपी के सुशासन के बीच का अंतर दिखाया गया है. एक तरफ, पूर्व सीएम भूपेश बघेल को आवास आवंटन रद्द करने का नोटिस पकड़े हुए दिखाया गया है, जबकि दूसरी तरफ, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय लाभार्थियों को पीएम आवास के घरों की चाबियां सौंपते हुए दिख रहे हैं.
बीजेपी का पोस्टर वार
बीजेपी ने पोस्टर के जरिए यह बता रही है कि जहां कांग्रेस सरकार ने राज्य के जरूरतमंद परिवारों को पक्के घरों के अधिकार से वंचित रखा, वहीं मौजूदा सुशासन वाली सरकार गरीब परिवारों के सपनों को हकीकत में बदल रही है. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की कोशिशों से राज्य को अतिरिक्त 3.65 लाख पीएम आवास (घर) बनाने की मंजूरी मिली है. अब हर गांव में पक्के घर बन रहे हैं, रोजगार बढ़ रहा है और परिवारों का भविष्य मजबूत हो रहा है. यही कांग्रेस के कुशासन और बीजेपी के सुशासन के बीच का फर्क है.
डिप्टी सीएम ने दी थी चुनौती
बता दें कि कुछ दिन पहले, डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने पूर्व सीएम भूपेश बघेल को पीएम आवास के मुद्दे पर खुली बहस की चुनौती दी थी. उन्होंने कहा कि वह किसी भी जगह पर भूपेश बघेल के साथ इस मामले पर चर्चा करने के लिए तैयार हैं. बहस का विषय और जगह तय करने की जिम्मेदारी प्रेस क्लब पर छोड़ते हुए, विजय शर्मा ने कहा कि जब भी प्रेस क्लब चर्चा का समय तय करेगा, वह इसके लिए तैयार रहेंगे.
15 सितंबर को प्रेस क्लब में होगी बहस
इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विजय शर्मा की चुनौती स्वीकार करते हुए बहस के लिए तारीख तय कर दी है. बघेल ने कहा कि वह 15 सितंबर को रायपुर प्रेस क्लब में पीएम आवास के मुद्दे पर बहस करने के लिए तैयार हैं. बघेल ने जोर देकर कहा कि न सिर्फ वह, बल्कि कांग्रेस के सभी नेता इस मुद्दे पर बहस करने के लिए तैयार हैं.
भूपेश बघेल के आरोप
इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आरोप लगाया था कि, पीएम आवास को लेकर राज्य सरकार द्वारा बताए गए आंकड़े गलत है. भूपेश बघेल ने कहा कि राज्य में पहले ही 11 लाख से ज्यादा घर बन चुके हैं, इस संख्या में पिछली सरकारों के कार्यकाल में बने घर भी शामिल हैं. हमारे कार्यकाल के दौरान लगभग 7 लाख घरों को मंजूरी दी गई थी. सरकार को साफ तौर पर बताना चाहिए कि उसने कितने घरों को मंजूरी दी है और उनमें से कितने घर बनकर तैयार हो चुके हैं.
ये भी पढ़ें: अनोखी अदालत: सालभर क्या किया? कटघरे में इंसानों की जगह देवी-देवताओं से सवाल, दोषी मिलने पर सुनाई जाती है सजा