SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

छत्तीसगढ़ में चक्रवात 'अर्नब' का असर: भारी बारिश और तूफानी हवाओं की चेतावनी, कई जिलों में स्कूल बंद, किसानों की बढ़ी चिंता

छत्तीसगढ़ में चक्रवात 'अर्नब' के प्रभाव से मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है. इसके बाद कई जिलों में स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में छुट्टी घोषित कर दी गई है.

Written By Sumit Rai
Published: Oct 28, 2026, 08:41 AM IST | Updated: Oct 28, 2026, 08:48 AM IST
Image Credit: चक्रवाती तूफान 'अर्नब' का असर छत्तीसगढ़ के कई जिलों में दिखने लगा है.
Join

बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान 'अर्नब' ने बुधवार तड़के आंध्र प्रदेश और यनम तट पर दस्तक देना शुरू कर दिया है. इसके बाद तूफान का असर छत्तीसगढ़ के कई जिलों में दिखने लगा है और कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है. इस बीच मौसम विभाग ने बस्तर और दंतेवाड़ा में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिसके बाद कई जिलों में प्रशासन ने स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्रों को बंद करने का फैसला किया है. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्री एडवाइजरी की है और यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन का स्टेटस चेक करने की अपील की है. वहीं, चक्रवाती तूफान 'अर्नब' ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है.

जगदलपुर में लगातार हो रही बारिश

चक्रवाती तूफान अर्नब ने बस्तर में दस्तक दे दी है और जगदलपुर शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार हल्की बारिश हो रही है. बस्तर जिले के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और बुधवार को बस्तर में भारी बारिश की आशंका जताई है. बस्तर में तूफान के अलर्ट को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है. जिला प्रशासन ने आपदा प्रबंधन की टीमों को सक्रिय कर दिया है. इंद्रावती नदी के तटीय इलाकों में स्थित गांवों में कोटवारों के माध्यम से मुनादी कराई जा रही है और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है.

बस्तर में स्कूल-आंगनवाड़ी बंद

मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है. डिप्टी कलेक्टर सीपी बघेल ने बताया कि सभी ब्लॉकों में कंट्रोल रूम सक्रिय कर दिए गए हैं और राजस्व, पंचायत और नगर निगम की टीमों को मैदान में तैनात किया गया है. प्रशासन के अनुसार, तूफान से निपटने के लिए सभी जरूरी इंतजाम कर लिए गए हैं और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत शिविरों की पहचान कर ली गई है. साथ ही बिजली विभाग, स्वास्थ्य विभाग और खाद्य आपूर्ति विभाग को भी अलर्ट पर रखा गया है. वहीं, जिले के सभी आंगनवाड़ियों और स्कूलों में 28 अक्टूबर को छुट्टी घोषित कर दी गई है.

चक्रवात की आहट से किसानों में हड़कंप

बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती सिस्टम की आहट और बारिश की आशंका ने कोंडागांव के किसानों की चिंता बढ़ा दी है. किसानों में हड़कंप है और फसल बचाने को लेकर खेतों में भागदौड़ मची है. कई महीनों की मेहनत से तैयार फसल खराब न हो, इसलिए किसान उसे सुरक्षित घर पहुंचाने में युद्धस्तर पर जुटे हैं. कोई ट्रैक्टर से, कोई साइकिल पर, तो कोई सिर और कंधों पर फसल लादकर घर पहुंचा रहा है. कोंडागांव में सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ है. आसमान में बादल और हल्की हवाओं के बीच किसानों को बारिश का डर सताने लगा है. खेतों में कटी पड़ी फसल भीगकर खराब न हो, इसलिए किसान जल्द से जल्द अपनी उपज समेटने में जुटे हैं.

सरगुजा अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टी निरस्त

सरगुजा जिला प्रशासन भी चक्रवर्ती तूफान को लेकर हाई अलर्ट मोड पर है, जहां जिले के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टी आगामी आदेश तक निरस्त कर दी गई है. सरगुजा कलेक्टर अजीत बसंत ने कहा कि चक्रवर्ती तूफान की वजह से 28 और 29 अक्टूबर को तेज बारिश और तेज हवा में चलने की सूचना मौसम विभाग ने दी है, जिसको लेकर जिला प्रशासन द्वारा सारी तैयारियां कर ली गई है. आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य विभाग, मौसम विभाग सहित अन्य सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रहने को कहा गया है. साथ ही लोगों से अपील भी की गई है कि सभी सुरक्षित स्थान पर रहे, किसी भी तरह के जर्जर मकान का सहारा ना ले की अपील की गई हैं.

ये भी पढ़ें- MP के 31 जिलों में दिखेगा चक्रवात अर्नब का असर: 6 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, अगले 24 घंटे भारी

दंतेवाड़ा में देर रात से हो रही हल्की बारिश

तूफान ‘अर्नब’ का असर दंतेवाड़ा में में दिख रहा और देर रात से ही हल्की बारिश हो रही है. दंतेवाड़ा जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में देर रात से हल्की बारिश हो रही है. हालांकि, फिलहाल हवाएं शांत हैं, लेकिन इंद्रावती नदी का जलस्तर धीरे-धीरे बढ़ रहा है. नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नदी किनारे बसे गांवों के मछुआरे सतर्क नजर आ रहे हैं. मछुआरे अपनी लकड़ी की नावों को सुरक्षित स्थानों पर रख रहे हैं, ताकि जलस्तर बढ़ने की स्थिति में किसी तरह का नुकसान न हो. फिलहाल जिले में मौसम पर प्रशासन की नजर बनी हुई है.

दंतेवाड़ा में स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद

चक्रवात के मद्देनजर दंतेवाड़ा जिले में बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के निर्देश पर 28 अक्टूबर को जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय स्कूलों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित कर दिया गया है और प्रशासन ने खराब मौसम के दौरान नागरिकों से पूरी तरह सतर्क रहने तथा सभी सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

न्यूज़ मीडिया में 13 सालों से अधिक के अनुभव के साथ सुमित राय एक डिजिटल पत्रकार हैं. वर्तमान में सुमित राय Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम के लीड की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति, प्रशासनिक फैसलों, क्राइम और हाइपरलोकल मुद्दों के सटीक और गहरे विश्लेषण पर उनकी मजबूत पकड़ है.भोपाल स्थित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से जर्नलिज्म में मास्टर डिग्री पूरी करने के बाद सुमित ने मीडिया जगत में अपनी पहचान बनाई. अपने करियर के दौरान उन्होंने राजस्थान पत्रिका, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी और लोकमत हिंदी जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है. ग्राउंड रिपोर्टिंग के साथ-साथ जटिल राजनीतिक और सामाजिक घटनाक्रमों पर आसान भाषा में 'एक्सप्लेनर' और 'ओपिनियन' लिखना उनकी मुख्य पहचान है. वे न्यूज़ डेस्क मैनेजमेंट और क्वालिटी एश्योरेंस के उच्च मानकों को बनाए रखते हैं, ताकि पाठकों तक प्रामाणिक, निष्पक्ष और तथ्य-आधारित खबरें ही पहुंचे.सुमित राय से संपर्क करने के लिए आप उन्हें sumit2.kumar@zeemedia.com पर ईमेल कर सकते हैं. इसके अलावा, आप एक्स (ट्विटर), फेसबुक और लिंक्डइन पर उनके हैंडल @imSumitKRai के जरिए उनसे सीधे जुड़ सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES