)
टीम इंडिया के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी के फैंस सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि दुनियाभर में मौजूद हैं. 'बिहार के लाल' ने खेल के साथ-साथ अपने संस्कार से भी फैंस के दिलों में जगह बनाई है. इस बीच न्यूजीलैंड से एक दिल जीतने वाला वीडियो सामने आया है, जहां एक महिला 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को मां की तरह दुलार करती नजर आ रही हैं.
न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच में बेंच पर बैठने के बाद वैभव सूर्यवंशी के लिए प्लेइंग इलेवन का दरवाजा खुला. ईशान किशन चोटिल हुए और उनकी जगह वैभव की एंट्री हुई. दूसरे मैच में वो नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने आए और सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हो गए. वेलिंगटन में खेले गए तीसरे मुकाबले में वैभव का असली रूप देखने को मिला.
भले ही वैभव सूर्यवंशी बल्ले से बड़े-बड़े कारनामे कर रहे हैं, लेकिन उनकी उम्र बहुत छोटी है. वो अभी सिर्फ 15 साल के हैं. फैंस के लिए भी वो बहुत दुलारे हैं. इसका ताजा उदाहरण न्यूजीलैंड के वेलिंगटन में देखने को मिला. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देख सकते हैं कि जब वैभव सूर्यवंशी मैच खत्म होने के बाद दर्शकों को ऑटोग्राफ दे रहे थे, तब एक महिला ने उनसे कहा- हेलो वैभव, हम लोग भी बलिया से हैं, ठीक हो, गर्म पानी पियो ठंडा पानी मत पीना क्योंकि यहां पर ठंड है अभी.
हेलो वैभव, हम लोग भी बलिया से हैं, ठीक हो, गर्म पानी पियो ठंडा पानी मत पीना क्योंकि यहां पर ठंड है अभी न्यूज़ीलैंड में उत्तर प्रदेश वाले बिहारी को बोल रहे हैं हेलो वैभव हम लोग भी बलिया से हैं। #VaibhavSooryavanshi #INDvsNZ https://t.co/9JLx0GO7ZI
— Sadan Singh (@SadanJee) October 27, 2026
वैभव सूर्यवंशी के लिए बलिया की इस महिला का प्यार देखकर ये अंदाजा लगाया जा सकता है कि छोटी-सी उम्र में ही वैभव सिर्फ बच्चों में नहीं, बल्कि माताओं में भी लोकप्रिय हैं. कई औरतें उन्हें अपने बेटे की तरह मानती हैं. बता दें कि वैभव सूर्यवंशी बिहार के समस्तीपुर जिला के रहने वाले हैं, जबकि बलिया उत्तर प्रदेश में है. हालांकि, ये शहर बिहार के बक्सर से बहुत कम दूरी पर स्थित है.
न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन में खेले गए तीसरे टी20 मैच में भले ही अभिषेक शर्मा ने शतक जड़कर महफिल लूट ली, लेकिन वैभव सूर्यवंशी ने भी ताबड़तोड़ अंदाज में खेल कीवी गेंदबाजों के होश उड़ा दिए. अपने फेवरेट पोजीशन पर वापसी करते ही युवा बल्लेबाज ने 19 गेंदों पर 45 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली. उन्होंने अभिषेक शर्मा के साथ मिलकर 5 ओवर में ही 100 रनों रिकॉर्ड ब्रेकिंग पार्टनरशिप की. वो बेबाक अंदाज में खेले और ऐसा लगा ही नहीं कि न्यूजीलैंड में वो पहली बार ओपनिंग कर रहे हैं. अभिषेक और वैभव की तूफानी पार्टनरशिप के दम पर भारत ने महज 13.2 ओवरों में ही 199 रनों का पीछा कर लिया.