SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

छत्तीसगढ़ में पेड़ से टकराई तेज रफ्तार बस, 6 की मौत, 32 घायल...गाड़ी के उड़े परखच्चे

मनेंद्रगढ़ से केल्हारी जा रही एक यात्री बस सेमरमथानी मोड़ के पास अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई. इस भीषण सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई और 32 अन्य घायल हो गए. मुख्यमंत्री साय ने इस घटना पर दुख जताया है.

Written By Ranjana Kahar
Published: Oct 22, 2026, 09:03 PM IST | Updated: Oct 22, 2026, 09:06 PM IST
Image Credit: छत्तीसगढ़ में भीषण सड़क हादसा
Join

छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले में हुई एक भीषण सड़क दुर्घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. मनेंद्रगढ़ से केल्हारी जा रही एक यात्री बस सेमरामथानी मोड़ के पास अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई. हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत की खबर है, जबकि 32 यात्री घायल हुए हैं. घायलों में से 20 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है. बस में लगभग 46 यात्री सवार थे. घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. घायलों को मनेंद्रगढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. गंभीर रूप से घायल बस चालक को प्राथमिक उपचार के बाद अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है.

यह भी पढ़ें: तेज रफ्तार ट्रॉले ने बाइक को मारी टक्कर, 3 स्कूली बच्चों की मौत, दो सगे भाई भी शामिल
 

हादसे में 6 लोगों की मौत

पुलिस के अनुसार, यह हादसा केल्हारी थाना क्षेत्र के सेमरमथानी मोड़ के पास हुआ. बताया जा रहा है कि बस मनेंद्रगढ़ से केल्हारी की ओर जा रही थी, तभी ड्राइवर ने बस से नियंत्रण खो दिया और बस सीधे एक पेड़ से जा टकराई. यह भी जानकारी मिली है कि इस हादसे में बस मालिक सिपाही लाल की मौत हो गई है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए. घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनका इलाज शुरू हो गया है. MCB की SP रत्ना सिंह ने पुष्टि की है कि इस हादसे में 6 लोगों की मौत हुई है और 20 यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं. उन्होंने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है.

नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने जताई चिंता

छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने इस दुखद हादसे पर शोक व्यक्त किया है. उन्होंने राज्य में वाहनों की तेज रफ्तार और गति पर नियंत्रण न होने को लेकर चिंता जताई है. सरकार पर निशाना साधते हुए महंत ने कहा कि बसों और अन्य वाहनों की गति पर कोई प्रभावी नियंत्रण नहीं है. वहीं, पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने हादसे में गंभीर रूप से घायल लोगों के बेहतर उपचार के लिए जरूरत पड़ने पर निजी अस्पतालों में इलाज की व्यवस्था करने और आर्थिक सहायता देने की मांग की है. उन्होंने मृतकों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये और घायलों को 10-10 लाख रुपये का मुआवजा देने की मांग उठाई है.

सीएम साय ने जताया दुख

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दुर्घटना पर दुख जताते हुए 'X' पर लिखा कि, मनेंद्रगढ़-केल्हारी मार्ग पर हुई भीषण बस दुर्घटना में 6 लोगों के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है. इस हृदयविदारक घटना में अपनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं. राज्य शासन द्वारा मृतकों के परिजनों को ₹5-5 लाख तथा घायलों को ₹50-50 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी. घायलों का सिविल अस्पताल मनेंद्रगढ़ एवं जिला अस्पताल चिरमिरी में उपचार जारी है, जबकि गंभीर रूप से घायल 2 यात्रियों को बेहतर उपचार के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया है. घायलों के इलाज के लिए जिला प्रशासन को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं.


 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रंजना कहार एक डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें न्यूज़ मीडिया और डेस्क ऑपरेशंस के क्षेत्र में 4 सालों से ज्यादा का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर की जिम्मेदारी संभाल रही हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीतिक हलचलों, क्राइम और स्थानीय मुद्दों (हाइपरलोकल खबरों) की सटीक, निष्पक्ष व तथ्य-आधारित कवरेज में उनकी एक्सपर्टीज है.छत्तीसगढ़ के प्रतिष्ठित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (बिलासपुर) से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री पूरी करने के बाद रंजना ने अपने करियर की शुरुआत ETV भारत से की थी. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने APN न्यूज़ के साथ भी काम किया है. कंटेंट एडिटिंग, न्यूज़ प्रोडक्शन और डेस्क मैनेजमेंट पर मजबूत पकड़ होने के कारण वे रीडर्स तक खबरें तेजी, गुणवत्ता और प्रामाणिकता के साथ पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं.रंजना कहार से आप ranjana.kahar@india.com पर ईमेल के माध्यम से सीधे संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES