App

बस्तर में खौफनाक वारदात: गड़े धन की लालच में नरबलि की कोशिश, गांव में दहशत का माहौल

Chhattisgarh News: बस्तर संभाग के जगदलपुर स्थित कोहकापाल गांव में गड़े धन के लालच में 12 साल के बच्चे की नरबलि की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है.

बस्तर में खौफनाक वारदात: गड़े धन की लालच में नरबलि की कोशिश, गांव में दहशत का माहौल
Image Credit: AI जनरेटेड फोटो

छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग की कोहकापाल पंचायत से अंधविश्वास और अपराध से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. जमीन में गड़ा खजाना पाने के लालच में दो स्थानीय युवकों ने 12 साल के एक बच्चे की बलि देने की कोशिश की. गनीमत रही कि बच्चा आरोपियों की चंगुल से भागने में कामयाब रहा और उसकी जान बच गई. इस घटना से पूरे गांव में हड़कंप मच गया है. इस घटना के बाद गांव की पंचायत बुलाई गई, जिसमें दोनों आरोपियों ने ग्रामीणों के सामने तंत्र-मंत्र और बलि देने की साजिश रचने की बात कबूल की. ​​

जानिए पूरा मामला
दरअसल, ये पूरा मामला बस्तर संभाग के जगदलपुर के कोहकापाल गांव का है. स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, गांव के दो युवकों लाखीराम और गुणसाय ने जमीन में गड़ा खजाना पाने के लालच में एक 12 साल के लड़के की बलि देने की कोशिश की. ग्रामीणों ने बताया कि इसके बाद गांव में पंचायत की बैठक बुलाई गई, जिसमें दोनों आरोपियों ने अपना अपराध कबूल कर लिया. नगरनार पुलिस स्टेशन में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी, लेकिन उस समय पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की. दोनों आरोपी अभी भी गांव में खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे निवासियों में डर का माहौल है. हालांकि, बुधवार देर शाम पुलिस ने BNS की विभिन्न धाराओं के तहत नामजद दोनों आरोपियों और एक बाबा के खिलाफ मामला दर्ज किया. फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. शुरुआती जांच से पता चलता है कि इस घटना में कुछ अन्य लोगों की भी भूमिका हो सकती है.

पहले भी आ चुकी हैं ऐसी घटनाएं
ग्रामीणों के मुताबिक कोहकापाल में नरबलि की कोशिश का ये पहला मामला नहीं है. पहले भी ऐसी घटना सामने आ चुकी है. एक के बाद एक ऐसी वारदात सामने आने से माता-पिता अपने छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर डरे हुए हैं. ग्रामीणों ने कहा कि अंधविश्वास और गड़े धन के लालच में हो रही ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन को सख्त कदम उठाने चाहिए.

बच्चे की सूझबूझ से टली अनहोनी
बता दें कि अंधविश्वास की बेड़ियों में जकड़ी यह भयानक घटना, इस बात की कड़वी याद दिलाती है कि आज के आधुनिक दौर में भी, गड़े हुए खजाने के लालच में मासूमों की बलि जैसी बर्बर प्रथाएं समाज में नासूर की तरह फैली हुई हैं. गनीमत रही कि पीड़ित बच्चे की सूझबूझ से एक बड़ी अनहोनी टल गई, और ग्रामीणों की पहल से मामला पुलिस तक पहुंच सका. अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले की कितनी गहराई से जांच करती है, और इस घिनौनी साजिश में शामिल तांत्रिक व उसके साथियों पर क्या सख्त कार्रवाई करती है, ताकि इलाके से अंधविश्वास और डर के माहौल को खत्म किया जा सके.
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ranjana Kahar

Ranjana Kahar

रंजना कहार एक डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें न्यूज़ मीडिया और डेस्क ऑपरेशंस के क्षेत्र में 4 सालों से ज्यादा का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर की जिम्मेदारी संभाल रही हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीतिक हलचलों, क्राइम और स्थानीय मुद्दों (हाइपरलोकल खबरों) की सटीक, निष्पक्ष व तथ्य-आधारित कवरेज में उनकी एक्सपर्टीज है.छत्तीसगढ़ के प्रतिष्ठित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (बिलासपुर) से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री पूरी करने के बाद रंजना ने अपने करियर की शुरुआत ETV भारत से की थी. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने APN न्यूज़ के साथ भी काम किया है. कंटेंट एडिटिंग, न्यूज़ प्रोडक्शन और डेस्क मैनेजमेंट पर मजबूत पकड़ होने के कारण वे रीडर्स तक खबरें तेजी, गुणवत्ता और प्रामाणिकता के साथ पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं.रंजना कहार से आप ranjana.kahar@india.com पर ईमेल के माध्यम से सीधे संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More