Zee Entertainment ने किया बड़ा ऐलान, संगीता शेट्टी बनीं नई चीफ कंप्लायंस ऑफिसर और कंपनी सेक्रेटरी
संगीता शेट्टी मुंबई स्थित कंपनी के मुख्यालय से काम करेंगी और सीधे कंपनी के सीईओ पुनीत गोयनका को रिपोर्ट करेंगी.
Zee Entertainment : जी एंटरटेनमेंट (Zee Entertainment ) में बड़ा बदलाव हुआ है. जी एंटरटेनमेंट ने संगीता शेट्टी को अपना नया चीफ कंप्लायंस ऑफिसर और कंपनी सेक्रेटरी नियुक्त करने की घोषणा की है. 29 अक्टूबर 2026 को आशीष अग्रवाल के इस्तीफे के बाद ये नियुक्ति 2 नवंबर 2026 से प्रभावी होगी.
दो दशकों से अधिक का अनुभव
शेट्टी के पास कॉर्पोरेट गवर्नेंस और रेगुलेटरी कंप्लायंस (नियामक अनुपालन) के क्षेत्र में दो दशकों से अधिक का अनुभव है. वो सीधे चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर पुनीत गोयनका को रिपोर्ट करेंगी और मुंबई स्थित कंपनी के मुख्यालय से काम करेंगी. नॉमिनेशन एंड रेमुनरेशन कमिटी ने उनकी नियुक्ति की सिफारिश की थी. इसे बाद में 30 अक्टूबर 2026 को हुई बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक में मंजूरी दे दी गई है.
गवर्नेंस और कंप्लायंस पर फोकस
शेट्टी नई भूमिका में कंपनी के गवर्नेंस फ्रेमवर्क को मजबूत करने, रेगुलेटरी कंप्लायंस को बेहतर बनाने और शेयरधारकों के साथ जुड़ाव बढ़ाने का काम करेंगी. कंपनी ने बताया कि ये कदम उसकी भविष्य की विकास योजनाओं के मुताबिक है. इसका उद्देश्य ऐसे मजबूत गवर्नेंस मानक स्थापित करना है, जो पारदर्शिता, जवाबदेही और प्रभावी जोखिम प्रबंधन को बढ़ावा दें.
कंपनी के सीईओ पुनीत गोयनका ने कहा कि मजबूत गवर्नेंस और पारदर्शिता, सतत विकास और स्टेकहोल्डर्स (हितधारकों) के भरोसे के लिए बहुत जरूरी हैं. उन्होंने कहा कि लिस्टेड कंपनियों के लिए कंप्लायंस प्रक्रियाओं को संभालने का शेट्टी का व्यापक अनुभव, कंपनी की संस्थागत क्षमताओं को मजबूत करने में मददगार साबित होगा.
ये भी पढ़ें : 34 साल की विरासत पर आगे बढ़ता ‘Z’, कंटेंट से टेक्नोलॉजी तक, मनोरंजन के नए दौर के लिए ग्रोथ पर फोकस
संगीता शेट्टी का प्रोफेशनल बैकग्राउंड
संगीता शेट्टी कंपनी सेक्रेटरी हैं और 'इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरीज ऑफ इंडिया' (ACS 18865) की एसोसिएट मेंबर हैं. उन्हें कंपनी अधिनियम 2013, SEBI (LODR), SAST, PIT, ICDR और इनसाइडर ट्रेडिंग गवर्नेंस जैसे क्षेत्रों में विशेषज्ञता हासिल है. उनके पास एंटरप्राइज कंप्लायंस फ्रेमवर्क बनाने और बिना किसी गलती के फाइलिंग करने का बेहतरीन ट्रैक रिकॉर्ड है.
अपने करियर के दौरान, उन्होंने कई प्रमुख संगठनों में काम किया है: इसमें ये कंपनियां शामिल हैं
- एबॉट इंडिया लिमिटेड
- आदित्य बिड़ला सन लाइफ इंश्योरेंस
- आदित्य बिड़ला मनी
- एडेलवाइस ग्रुप
- MSEI
- एंजल वन
आशीष अग्रवाल ने दे दिया है इस्तीफा
आशीष अग्रवाल ने सात साल से अधिक समय तक जी एंटरटेनमेंट में कंपनी सेक्रेटरी के रूप में काम करने के बाद निजी कारणों से अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. कंपनी ने उनके कार्यकाल के दौरान सेक्रेटेरियल कार्यों में उनके योगदान को सराहा है. कंपनी का लक्ष्य निगरानी तंत्र को बेहतर बनाना और लगातार बदलते रेगुलेटरी माहौल में सही दिशा में आगे बढ़ना है.