SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

बंद कमरे की लड़ाई अदालत की दहलीज पर...TVS फैमली में क्यों मची है रार, क्या है पूरा मामला

देश के प्रतिष्ठित कारोबारी घराने TVS फैमिली में बंटवारे को लेकर विवार गहराया हुआ है. लक्ष्मी वेणु ने साल 2024 के समझौते को मानने से इनकार कर दिया है. इसके साथ ही लक्ष्मी ने वेणु श्रीनिवासन को नोटिस भेजकर सही से बंटवारे की मांग की है. इस पूरे मामले में मां मल्लिका ने बेटी का सपोर्ट किया है.

Written By Kriyanshu Saraswat
Published: Nov 17, 2026, 12:31 IST | Updated: Nov 17, 2026, 12:42 IST
Image Credit: (AI) घर के अंदर चल रही कलह अब पब्लिकली सामने आ गई है और मामला अदालत तक पहुंच गया है.
Join

कहते हैं जब बात हजारों करोड़ के कारोबारी साम्राज्य की आती है तो बड़े-बड़े परिवारों की एकता डगमगाने लगती है. देश के प्रतिष्ठित और पुराने बिजनेस घरानों में से एक टीवीएस ग्रुप में इन दिनों हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिल रहा है. घर के अंदर चल रही कलह अब पब्लिकली सामने आ गई है और मामला अदालत तक पहुंच गया है. जी हां, कारोबारी वेणु श्रीनिवासन की बेटी लक्ष्मी वेणु ने अपने पापा को लीगल नोटिस भेजकर फैमिली की संपत्ति को बांटने की मांग कर डाली है. इस मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब लक्ष्मी की मां और मशहूर बिजनेसवुमन मल्लिका श्रीनिवासन ने बेटी का साथ देने का ऐलान कर दिया.

लक्ष्मी वेणु की तरफ से जारी बयान में कहा गया कि उन्होंने फैमिली के मुखिया के तौर पर अपने पिता वेणु श्रीनिवासन को पार्टीशन नोटिस भेजा है. इस नोटिस में लक्ष्मी की तरफ से गुजारिश की गई है कि फैमिली की प्रॉपर्टी का निष्पक्ष और कानूनी तरीके से बंटवारा किया जाए. हालांकि, वेणु श्रीनिवासन ने इस पूरे विवाद पर चुप्पी साध रखी है और उनकी तरफ से इस पर किसी तरह की प्रतिक्रिया नहीं आई है. इस बीच मल्लिका श्रीनिवासन ने चुप्पी तोड़ते हुए साफ किया कि घर के अंदर बैठकर मामले को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने की सभी कोशिश नाकाम साबित हो गईं हैं. बातचीत से किसी तरह का ठोस नतीजा नहीं निकलने के बाद ही बात इतनी आगे बढ़ गई है.

किस बात पर अटक रहा असली पेंच?

इस पूरे विवाद की जड़ में पारिवारिक दौलत और कारोबार की हिस्सेदारी का बंटवारा है. वेणु श्रीनिवासन का मानना है कि उन्होंने दोनों बच्चों के बीच काम और जिम्मेदारी का बंटवारा सही तरीके से किया है. उनके अनुसार बेटी लक्ष्मी वेणु को सुंदरम-क्लेटन (Sundaram-Clayton) की जिम्मेदारी सौंपी है. बेटे सुदर्शन वेणु को ग्रुप की सबसे बड़ी कंपनी टीवीएस मोटर (TVS Motor) का बिजनेस दिया गया है. हालांकि, इस पर लक्ष्मी और मल्लिका की सहमति नहीं है. उनका कहना है कि यह महज कंपनियों को ऑपरेट और कंट्रोल करने से जुड़ा बंटवारा है. परिवार की असली संपत्ति की वैल्यूएशन और पार्टीशन पर अभी तक किसी तरह का फैसला नहीं हुआ.

'मुनाफे के आगे हार जाएगी इंसानियत...' टाटा संस की लिस्टिंग को लेकर नोएल टाटा का बड़ा बयान

मार्च 2024 के समझौते को मानने से किया मना

पूरे विवाद में मार्च 2024 में हुए एक मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (MoU) का भी जिक्र किया जा रहा है. लक्ष्मी और मल्लिका का कहना है कि मार्च 2024 का समझौता केवल ब्रांड के इस्तेमाल, ट्रेडमार्क और नॉन-कम्पीट र्श्तों तक सीमित था. उस डॉक्यूमेंट में कहीं भी परिवार की कुल संपत्ति का सही वैल्यूएशन करके आपस में बांटने की बात तय नहीं हुई थी. लक्ष्मी का यह भी कहना है कि 2020 में जब बड़ी टीवीएस फैमिली के बीच बंटवारा हुआ तब वेणु श्रीनिवासन की ब्रांच को जो संपत्ति मिली थी, उसका आपसी विभाजन फैमिली के अंदर नहीं किया गया.

2005 में संशोधित नियम का दिया हवाला

अपने हक की लड़ाई को मजबूत करने के लिए लक्ष्मी वेणु ने कानूनी दांव आजमाया है. उन्होंने 2005 में संशोधित हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम, 1956 (Hindu Succession Act) के सेक्शन-6 का हवाला दिया है. लक्ष्मी का कहना है कानून के अनुसार परिवार की बेटी होने के नाते संयुक्त पारिवारिक संपत्ति में बराबर का हिस्सा पाने का अधिकार है और वह इसके बंटवारे को लेकर मांग कर सकती हैं. उनके दावे के दायरे में वीएस ट्रस्ट और अन्य होल्डिंग कंपनियों की संपत्तियां भी शामिल हैं. उनके दावे के अनुसार परिवार की संपत्तियों में टीवीएस होल्डिंग्स, टीवीएस मोटर कंपनी, टीवीएस क्रेडिट सर्विसेज और सुंदरम-क्लेटन जैसी दिग्गज कंपनियों की हिस्सेदारी भी आती है.

टाटा ग्रुप का विवाद और गहराया? नोएल टाटा ने मांगी बोर्ड मीटिंग की रिकॉर्डिंग, टाटा संस ने क्यों किया इनकार

भाई को ज्यादा फायदा देने का आरोप

लक्ष्मी वेणु ने अपने बयान में बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि ज्यादातर फायदे वाली हिस्सेदारी और इकोनॉमिक फायदे जानबूझकर भाई सुदर्शन वेणु के पक्ष में रखे गए हैं. इससे उन्हें उनके कानूनी अधिकारों से वंचित रखा गया है. लक्ष्मी ने इसे कानून का उल्लंघन बताने के साथ ही इसे भरोसा तोड़ने वाला कदम बताया है. उनका कहना है कि किसी भी एकतरफा फैसले या कॉर्पोरेट सिस्टम के जरिये ज्वाइंट फैमिली की संपत्ति में बेटियों के हक को दबाया नहीं जा सकता. इस पारिवारिक कलह की शुरुआत तब हुई जब सुंदरम-क्लेटन के बोर्डरूम में नोकझोंक देखने को मिली थी. इसके बाद रिश्तों में आई दरार लगातार बढ़ती चली गई.

मल्लिका श्रीनिवासन ने की भावुक अपील

संपत्ति के बंटवारे को लेकर चल रहे टकराव के बीच मल्लिका श्रीनिवासन का बयान बेहद अहम है. बेटी के दावे को सपोर्ट करते हुए मल्लिका ने कहा कि मां होने के नाते उनके लिए बेटा और बेटी एक समान हैं. उन्होंने कहा कि पारिवारिक संपत्ति में लक्ष्मी का वैध हिस्सा है, जो सुदर्शन की हिस्सेदारी के बराबर होना चाहिए. मल्लिका ने यह भी कहा कि बातचीत, समानता और आपसी सद्भाव के जरिये इस पूरे विवाद का हल निकाला जा सकता है. इससे परिवार की गरिमा के साथ आगे बढ़ा जा सकेगा. पूरे घटनाक्रम के बाद सभी की निगाहें वेणु श्रीनिवासन के अगले कदम पर टिकी हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

क्रियांशु सारस्वत वरिष्ठ बिजनेस जर्नलिस्ट (Business Journalist) हैं, उन्हें डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 साल का अनुभव है. मौजूदा समय में वह Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में बतौर 'असिस्टेंट न्यूज एडिटर' कार्यरत हैं. क्रियांशु को बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, टैक्सेशन, कमोडिटी और सरकारी योजनाओं आदि से जुड़ी खबरों को आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचाने में महारथ हासिल है. Zee News से पहले क्रियांशु ने टाइम्स इंटरनेट, हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण और अमर उजाला की वेबसाइट में अहम संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं. इस दौरान क्रियांशु ने ऑटो, टेक्नोलॉजी और लाइफस्‍टाइल लीड की जिम्मेदारी संभाली है. अभी क्रियांशु बिजनेस लीड हैं. यूपी से ताल्‍लुक रखने वाले क्र‍ियांशु पत्रकार‍िता में पोस्ट ग्रेजुएट हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES