)
Venezuela Crude Oil Deal: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में वेनेजुएला के साथ बड़ी ऑयल डील का ऐलान किया है. ट्रंप ने इसे दुनिया की सबसे बड़ी ऑयल डील (Oil Deal) बताया है. इस करार के तहत अमेरिकी कंपनियों को वेनेजुएला के 17 बड़े ऑयल सेक्टर डेवलप करने और वहां से तेल निकासी का रास्ता मिलेगा. इन क्षेत्रों में करीब 65 अरब बैरल कच्चा तेल होने का अनुमान है. वेनेजुएला के पास दुनिया का सबसे बड़ा ऑयल रिजर्व है. हैरानी की बात यह है कि इतना बड़ा ऑयल रिजर्व होने के बावजूद वहां तेल का प्रोडक्शन काफी कम है.
वेनेजुएला में तेल का प्रोडक्शन कम होने का कारण लंबे समय से चली आ रही राजनीतिक अस्थिरता, पैसे की कमी, तेल निकालने वाली मशीनों और दूसरे स्ट्रक्चर की खराब हालत है. अब अमेरिका इसी तेल को दोबारा जमीन से निकालने की तैयारी में है. सवाल यह है कि आखिर ट्रंप ने वेनेजुएला के तेल पर इतना बड़ा दांव क्यों लगाया? क्या इससे अमेरिका में पेट्रोल के दाम नीचे आएंगे? इससे वेनेजुएला को क्या फायदा होगा. क्या इस डील से दुनिया के ऑयल मार्केट का पूरा गणित बदल सकता है. आइए जानते हैं हर सवाल से जुड़ा जवाब-
ट्रंप ने 28 अगस्त 2026 को इस बड़े ऑयल एग्रीमेंट को लेकर घोषणा की. उनके अनुसार अमेरिका और वेनेजुएला के बीच हुए इस समझौते से अमेरिकी कंपनियों को वेनेजुएला के बड़े तेल क्षेत्रों में काम करने का मौका मिलेगा. योजना में करीब 17 ऑयल फील्ड शामिल किये गए हैं. इन क्षेत्रों में करीब 65 अरब बैरल ऑयल रिजर्व होने का अनुमान है. इसका मतलब यह नहीं है कि अमेरिका अगले ही दिन से 65 अरब बैरल तेल निकालना शुरू कर देगा. पहले इन क्षेत्रों में अमेरिका को काम शुरू करना होगा. पुरानी मशीनों और पाइपलाइन को ठीक करना होगा. नई तकनीक के साथ ही भारी निवेश की जरूरत होगी. यह पूरा एक लंबा प्रोसेस है.
वेनेजुएला दुनिया में सबसे ज्यादा ऑयल रिजर्व वाला देश है. उसके पास 300 अरब बैरल से ज्यादा क्रूड ऑयल का भंडार बताया जाता है. इसे आप ऐसे समझ सकते हैं कि वेनेजुएला के पास जमीन के नीचे तेल का इतना बड़ा खजाना है कि वह दुनिया के कई बड़े तेल उत्पादक देशों से आगे निकल जाता है. लेकिन तेल का सिर्फ जमीन के नीचे होना ही काफी नहीं है. तेल निकालने के लिए बड़े पैमाने पर मशीनें, तकनीक, पाइपलाइन, कर्मचारी और पैसा सभी का होना जरूरी है. इन सभी मामलों में वेनेजुएला दूसरे तेल उत्पादक देशों से पीछे रह गया.
वेनेजुएला की ऑयल इंडस्ट्री पिछले कई साल से मुश्किल में है. देश में राजनीतिक संकट के चलते सरकारी तेल कंपनियों को आर्थिक और तकनीकी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. तेल के कुओं और दूसरे स्ट्रक्चर में पर्याप्त निवेश नहीं किया गया. इन सभी खामियों का नतीजा यह रहा कि तेल का प्रोडक्शन लगातार गिरता गया. एक लाइन में कहे तो समस्या तेल की कमी की नहीं है, समस्या तेल को जमीन से निकालने की रही. इसी वजह से आज वेनेजुएला दुनिया के सबसे बड़े ऑयल रिजर्व वाला देश होते हुए भी दुनिया के सबसे बड़े तेल उत्पादक देशों में शामिल नहीं है.
अमेरिका को वेनेजुएला के तेल की जरूरत इसलिए है क्योंकि वहां के तेल की क्वालिटी बहुत अच्छी है. वेनेजुएला में मिलने वाला तेल हेवी क्रूड (Heavy Crude) यानी भारी कच्चा तेल है. अमेरिका के गल्फ कोस्ट एरिया में कई ऐसी रिफाइनरियां हैं, जो इस तरह के भारी तेल को आसानी से प्रोसेस कर पाती हैं. अमेरिका को घरेलू लेवल पर हल्का तेल आसानी से मिल जाता है. लेकिन उसकी कई रिफाइनरी को भारी तेल की भी जरूरत होती है. अमेरिका को पहले भी इस तरह का तेल कनाडा, मैक्सिको और वेनेजुएला आदि से मिलता रहा है. ऐसे में वेनेजुएला से यदि फिर से बड़े लेवल पर तेल निकलने लगता है तो अमेरिका को इसका सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है.
क्रूड ऑयल की बात करें तो 65 अरब बैरल काफी बड़ी मात्रा है. लेकिन आपका यह समझना जरूरी है कि ऑयल रिजर्व (Oil Reserve) और ऑयल प्रोडक्शन (Oil Production) अलग-अलग चीजें हैं. ऑयल रिजर्व का सीधा मतलब है, जमीन के नीचे कितना तेल मौजूद है. वहीं, ऑयल प्रोडक्शन का सीधा सा मतलब है कि किसी देश में एक दिन या एक साल में कितना तेल निकाला जा रहा है. वेनेजुएला के पास ऑयल रिजर्व तो काफी बड़ा है लेकिन इस देश की प्रोडक्शन की क्षमता काफी कम है. अमेरिका और वेनेजुएला के बीच हुई डील का मकसद इसी प्रोडक्शन को बढ़ाना है.
वेनेजुएला की ऑयल इंडस्ट्री (Oil Industry) को फिर से खड़ा करने के लिए बड़े निवेश की जरूरत है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस योजना में करीब 100 अरब डॉलर तक का निजी निवेश किये जाने की उम्मीद है. इस निवेश के जरिये पुराने तेल कुओं को दोबारा चालू किया जा सकता है और नई मशीनें लगाई जा सकती हैं. पाइपलाइन और ऑयल निकालने के दूसरे स्ट्रक्चर को सुधारा जा सकता है. इसके अलावा नई तकनीक का इस्तेमाल भी किये जाने की उम्मीद है. इसका सीधा सा मतलब है निवेश से पैसा आएगा तो तेल निकालने की क्षमता भी बढ़ेगी.
अमेरिका और वेनेजुएला के बीच होने वाली डील का सबसे बड़ा फायदा वेनेजुएला को आर्थिक रूप से होने की उम्मीद है. ऑयल प्रोडक्शन बढ़ने पर देश को ज्यादा पैसा मिलेगा और सरकार का टैक्स रेवेन्यू (Tax Revenue) बढ़ सकता है. इससे देश के अंदर नई नौकरियां पैदा हो सकती हैं. तेल के अलावा पाइपलाइन, ट्रांसपोर्ट (Transport), इंजीनियरिंग (Engineering) और दूसरे बिजनेस में भी काम बढ़ सकता है. कुल मिलाकर इस डील के जरिये वेनेजुएला की कमजोर इकोनॉमी को सहारा मिल सकता है. इसी वजह से वेनेजुएला सरकार भी इस करार को बड़ा कदम बता रही है.
मिडिल ईस्ट में तनाव के बाद से अमेरिका में भी पेट्रोल का रेट महंगा हो गया था. इस डील के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या अमेरिका में पेट्रोल के दाम नीचे आएंगे? डील के बाद खुद ट्रंप ने कहा था कि इस एग्रीमेंट से अमेरिका को ज्यादा तेल मिल सकता है और इससे आने वाले समय में पेट्रोल के दाम को नीचे लाने में मदद मिल सकती है. लेकिन यह भी हकीकत है इस बदलाव का असर तुरंत दिखाई नहीं देगा. समझौता होते ही वेनेजुएला से लाखों बैरल अतिरिक्त तेल अमेरिका पहुंच जाए, यह संभव नहीं है. अमेरिका को तेल सप्लाई किये जाने से पहले ऑयल फील्ड को तैयार करना होगा और प्रोडक्शन बढ़ाना होगा. इसके बाद तेल को पाइनलाइन और शिप के जरिये बाजार तक पहुंचाना होगा. इस पूरे प्रोसेस में समय लग सकता है. ऐसा में अभी यह कहना कि अमेरिका में पेट्रोल के दाम में तुरंत बड़ी गिरावट देखने को मिलेगी, यह कहना जल्दबाजी होगा.
दोनों देशों के बीच हुई डील का अमेरिका को बड़ा फायदा यह होने की उम्मीद है कि इससे यूएस का स्ट्रैटजिक पेट्रोलियम रिजर्व (Strategic Petroleum Reserve, SPR) बढ़ सकता है. एसपीआर (SPR) यानी इमरजेंसी के लिए रखा गया क्रूड ऑयल का बड़ा भंडार. किसी युद्ध या बड़े संकट के समय दुनिया में तेल की सप्लाई अचानक कम हो जाए तो अमेरिका इस रिजर्व का इस्तेमाल कर सकता है. वेनेजुएला से लंबे समय तक तेल मिलने पर अमेरिका के लिए अपना एसपीआर (SPR) मजबूत करना आसान होगा. इससे अमेरिका की एनर्जी सिक्योरिटी बढ़ सकती है.
वेनेजुएला के ऑयल सेक्टर (Oil Sector) में पहले से ही चीन और रूस की दिलचस्पी रही है. अब यदि अमेरिकी कंपनियां वेनेजुएला के ऑयल सेक्टर में बड़े स्तर पर निवेश करती हैं तो वहां अमेरिका का असर बढ़ सकता है. इसका असर केवल तेल के कारोबार पर नहीं, बल्कि पूरी राजनीति पर पड़ सकता है. अमेरिका को लैटिन अमेरिका (Latin America) में अपना प्रभाव बढ़ाने का मौका मिलेगा. चीन और रूस की आर्थिक और राजनीतिक पकड़ को चुनौती मिल सकती है. यानी यह डील महज तेल की कहानी नहीं है.
अमेरिका में पेट्रोल और डीजल की कीमत आम लोगों के लिए बड़ा मुद्दा है. पेट्रोल महंगा होने से न केवल गाड़ी चलाने का खर्च बढ़ता है बल्कि लॉजिस्टिक कॉस्ट भी बढ़ जाती है. इसका असर धीरे-धीरे खाने-पीने और रोजमर्रा की चीजों की कीमत पर भी पड़ सकता है. ट्रंप लंबे समय से अमेरिका फर्स्ट एनर्जी पॉलिसी की बात करते रहे हैं. वह अमेरिका में ज्यादा ऑयल और गैस प्रोडक्शन चाहते हैं. ऐसे में वेनेजुएला जैसे बड़े ऑयल रिजर्व वाले देश के साथ यह एग्रीमेंट उनके लिए बड़ी राजनीतिक उपलब्धि बन सकता है. लेकिन असली सफलता तभी मानी जाएगी जब इसका फायदा अमेरिकी लोगों तक पहुंचे.
वेनेजुएला के पास दुनिया का सबसे बड़ा ऑयल रिजर्व है. लेकिन ऑयल मार्केट में किसी भी देश की ताकत केवल उसके रिजर्व से तय नहीं होती. किसी देश के पास कितना तेल है और वह एक दिन में कितना तेल निकाल सकता है, दोनों चीजें अलग-अलग हैं. सऊदी अरब (Saudi Arabia) की ताकत उसकी बड़ी प्रोडक्शन कैपिसिटी (Production Capacity) और ग्लोबल ऑयल मार्केट में उसके प्रभाव से आती है. यदि वेनेजुएला आने वाले सालों में अपना प्रोडक्शन बढ़ा लेता है तो ग्लोबल मार्केट में उसकी भूमिका फिर से बड़ी हो सकती है. इससे आने वाले समय में ऑयल सप्लाई बढ़ सकती है और इसका असर कीमत पर भी देखने को मिलेगा.
यदि वेनेजुएला अपने ऑयल प्रोडक्शन को तेजी से बढ़ाता है तो दुनिया के बाजार में ज्यादा क्रूड ऑयल आ सकता है. आमतौर पर जब बाजार में सप्लाई बढ़ती है तो कीमत में गिरावट का दबाव बनता है. लेकिन ऑयल के दाम केवल एक देश से ही तय नहीं होते. इसके लिए OPEC Plus की पॉलिसी, मिडिल ईस्ट में तनाव, अमेरिका का ऑयल प्रोडक्शन, चीन की तेल डिमांड और दुनिया की आर्थिक स्थिति जैसे कई कारण जिम्मेदार होते हैं. इसलिए यह कहना सही नहीं होगा कि वेनेजुएला डील होते ही दुनियाभर में पेट्रोल सस्ता हो जाएगा.
नहीं, यही बात सबसे ज्यादा समझने की जरूरत है. वेनेजुएला के कई ऑयल फील्ड को लंबे समय से पर्याप्त निवेश नहीं मिला है. ऐसे में वहां प्रोडक्शन को धीरे-धीरे बढ़ाया जाएगा. पहले जमीन और मशीनों की जांच होगी. इसके बाद नए निवेश की जरूरत होगी. इसके बाद ड्रिलिंग और प्रोडक्शन पर काम शुरू होगा. इसके बाद तेल को बाजार तक पहुंचाने की व्यवस्था करनी जरूरी होगी. इसलिए यह डील लॉन्ग टर्म यानी लंबे समय का प्लान है.
वेनेजुएला के सामने भी बड़ी चुनौती है. यदि विदेशी कंपनियां पैसा लगाती हैं और ऑयल प्रोडक्शन बढ़ता है तो देश की इकोनॉमी को बड़ा फायदा हो सकता है. लेकिन इसके लिए सबसे पहले राजनीतिक स्थिरता होनी जरूरी है. निवेशकों को भरोसा होना चाहिए कि उनका पैसा सुरक्षित रहेगा. तेल की कीमतें भी बहुत ज्यादा गिरनी नहीं चाहिए. सबसे जरूरी बात यह कि ऑयल इंडस्ट्री में आने वाला पैसा देश की इकोनॉमी और लोगों तक पहुंचे. यदि ऐसा होता है तो यह डील वेनेजुएला के लिए बड़ी गेम चेंजर साबित हो सकती है.
ट्रंप की वेनेजुएला डील को महज 65 अरब बैरल तेल की डील समझना सही नहीं होगा. इसके पीछे अमेरिका की एनर्जी सिक्योरिटी, वेनेजुएला की कमजोर इकोनॉमी, ग्लोबल ऑयल मार्केट और चीन-रूस के साथ अमेरिका का जियो-पॉलिटिकल कम्पटीशन जैसे कई बड़े मुद्दे जुड़े हैं. अमेरिका को वेनेजुएला के बड़े ऑयल रिजर्व तक पहुंच मिल सकेगी. वेनेजुएला को बड़ी रकम और नई टेक्नोलॉजी मिलने की उम्मीद है. ऑयल प्रोडक्शन बढ़ने पर दुनिया के बाजार में सप्लाई बढ़ सकती है. लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि अमेरिका में पेट्रोल अगले ही दिन सस्ता हो जाएगा. अभी सबसे बड़ा काम वेनेजुएला के पुराने ऑयल फील्ड को फिर से चालू करना और प्रोडक्शन को बढ़ाना है.