App

मोबाइल यूजर्स के लिए बड़ी खबर! अब 28 नहीं, 30 दिन चलेगा आपका रिचार्ज, जानिए आपको कैसे मिलेगा फायदा?

TRAI के नए नियमों से प्रीपेड यूजर्स को 30 दिन की वैधता और बिना डेटा वाले Voice-SMS रिचार्ज प्लान जैसे ज्यादा विकल्प मिलेंगे.

मोबाइल यूजर्स के लिए बड़ी खबर! अब 28 नहीं, 30 दिन चलेगा आपका रिचार्ज, जानिए आपको कैसे मिलेगा फायदा?

देश के करोड़ों प्रीपेड मोबाइल यूजर्स के लिए बड़ी खबर है. केंद्र सरकार ने टेलीकॉम कंपनियों को ग्राहकों के लिए ज्यादा लचीले रिचार्ज ऑप्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं. नए नियमों के तहत अब कंपनियों को 30 दिन की वैधता वाले प्रीपेड रिचार्ज प्लान के साथ-साथ सिर्फ वॉयस कॉल और SMS वाले प्लान भी उपलब्ध कराने होंगे.

28 दिन के बजाय 30 दिन की वैधता

टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) की ओर से जारी टेलीकॉम कंज्यूमर प्रोटेक्शन (Thirteenth Amendment) Regulations, 2026 के तहत टेलीकॉम ऑपरेटरों को 30 दिन की वैधता वाला रिचार्ज विकल्प देना होगा. अभी आम तौर पर 28 दिन की वैलिडिटी वाले प्लान बड़ी संख्या में देखने को मिलते हैं. 30 दिन की वैधता का विकल्प मिलने से ग्राहकों को सालभर में कम बार रिचार्ज कराने की जरूरत पड़ सकती है. 28 दिन के चक्र में जहां करीब 13 रिचार्ज की जरूरत पड़ती है. वहीं, 30 दिन के विकल्प के साथ 12 रिचार्ज में साल पूरा हो सकता है.

अब बिना डेटा वाले प्लान भी मिलेंगे

नए नियमों में उन ग्राहकों के लिए भी राहत है जिन्हें मोबाइल इंटरनेट की जरूरत नहीं है. टेलीकॉम कंपनियों को सिर्फ वॉयस कॉल और SMS की सुविधा वाले रिचार्ज प्लान उपलब्ध कराने होंगे. इन प्लान में डेटा को अनिवार्य रूप से शामिल नहीं किया जाएगा. ऐसे ऑप्शन खास तौर पर फीचर फोन इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों, वरिष्ठ नागरिकों और उन लोगों के लिए उपयोगी हो सकते हैं जिनकी डेटा की जरूरत बहुत कम या बिल्कुल नहीं है.

हर महीने एक ही तारीख पर रिन्यू कराने का विकल्प

नए नियमों के तहत वॉयस और SMS-only प्लान में 30 दिन तथा उससे कम अवधि वाले विकल्प भी उपलब्ध कराने होंगे. इसके अलावा ग्राहकों को ऐसा विकल्प भी दिया जाएगा, जिसमें रिचार्ज हर महीने उसी तारीख को रिन्यू किया जा सके. अगर किसी महीने में वह तारीख मौजूद नहीं है, तो रिन्यूअल उस महीने के आखिरी दिन किया जाएगा.

TRAI ने क्यों बदले नियम?

TRAI के मुताबिक, 2024 के टेलीकॉम कंज्यूमर प्रोटेक्शन रेगुलेशंस के बाद भी कम अवधि वाले वॉयस और SMS-only प्लान की उपलब्धता सीमित रही और ऐसे प्लान मुख्य रूप से लंबी वैधता के साथ उपलब्ध थे. नए बदलावों का उद्देश्य ग्राहकों को ज्यादा विकल्प देना और उन यूजर्स की जरूरतों को ध्यान में रखना है जिन्हें मोबाइल डेटा की आवश्यकता नहीं है.

30 दिन में लागू हो सकते हैं नए नियम

नए संशोधित नियम गजट में प्रकाशित होने के 30 दिनों के भीतर लागू होने की उम्मीद है. इसके बाद टेलीकॉम कंपनियों को निर्धारित नए रिचार्ज विकल्प उपलब्ध कराने होंगे.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Gaurav Singh

Gaurav Singh

जी न्यूज में सीनियर सब-एडिटर हैं और वर्तमान में बिजनेस व फाइनेंशियल न्यूज कवर करते हैं.  देश की राजनीति से लेकर दुनिया के बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों और घटनाओं को कवर कर चुके हैं  पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो UPTU से इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन किया है. उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले गौरव ने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल मीडिया से की और पिछले 6 वर्षों से लगातार इस क्षेत्र में सक्रिय हैं. आप गौरव सिंह से Gaurav.Singh@India.Com पर ईमेल के जरिए सीधे जुड़ सकते हैं. 
Read More