App

दुनिया देखेगी टाटा का कमाल! स्टील प्लांट से निकलने वाली जहरीली गैस से बनेगी हाइड्रोजन; एक दिन की गैस से 33 द‍िन तक दौड़ेगी ट्रेन

टाटा स्टील और यूटीलिटी ग्लोबल मिलकर ओडिशा के कलिंगनगर में स्टील प्लांट की गैस से रोजाना 10 टन हाइड्रोजन तैयार करेंगे. इस प्लांट में एक दिन में तैयार की जाने वाली गैस से जींद से सोनीपत के बीच चलने वाली हाइड्रोजन ट्रेन को 33 दिन तक संचालित किया जा सकेगा.

दुनिया देखेगी टाटा का कमाल! स्टील प्लांट से निकलने वाली जहरीली गैस से बनेगी हाइड्रोजन; एक दिन की गैस से 33 द‍िन तक दौड़ेगी ट्रेन
Image Credit: (AI) कलिंगनगर प्लांट से हर दिन 10 टन हाइड्रोजन गैस का प्रोडक्शन किया जा सकेगा.

जरा सोचिए, किसी फैक्ट्री से निकलने वाला जहरीला धुंआ हवा को गंदा करने के बजाय गाड़ियों और ट्रेनों का ईंधन बन जाए तो कैसा रहेगा. सुनने में भले ही आपको यकीन न हो लेकिन टाटा स्टील का इसे हकीकत में बदलने का प्लान है. टाटा स्टील की तरफ से उठाए जा रहे इस कदम की दुनियाभर में चर्चा हो रही है. इसके लिए टाटा ने अमेरिका के ह्यूस्टन की नामचीन कंपनी यूटीलिटी ग्लोबल (Utility Global) से हाथ मिलाया है. यूटीलिटी ग्लोबल के साथ किये गए करार का मकसद ओडिशा के कलिंगनगर स्थित टाटा स्टील के प्लांट में स्टील बनाते समय निकलने वाली बेकार गैसों से हाई-प्योरिटी हाइड्रोजन तैयार करना है. देश में यह अपनी तरह का अनोखा और पहला प्रोजेक्ट होगा. टाटा की तरफ से तैयार की जाने वाली एक दिन की हाइड्रोजन गैस से 33 दिन तक देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को चलाया जा सकेगा.

क्या है पूरा प्लान और कैसे होगा काम?

जब किसी प्लांट में स्टील बनाया जाता है तो इस प्रोसेस के दौरान भारी मात्रा में कार्बन मोनोऑक्साइड और दूसरी गैसे निकलती हैं. इन गैसों को मैनेज करना और प्रदूषण रोकना कंपनियों के लिए बड़ी चुनौती होती है. लेकिन टाटा स्टील ने इस समस्या से निजात पाने का प्लान तैयार कर लिया है. कलिंगनगर फैसिलिटी में लगने वाले यह प्रपोज्ड प्लांट हर दिन 10 टन हाइड्रोजन तैयार कर सकेगा. इसके लिए Utility Global की खास H2Gen तकनीक का यूज किया जाएगा. इस तकनीक की मदद से स्टील प्लांट से निकलने वाली 'ऑफ गैस' (Off-Gases) को सीधे हाई-प्योरिटी हाइड्रोजन में बदला जाएगा. इसमें अच्छी बात यह है कि इसके लिए टाटा स्टील को सब कुछ नया प्लान करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. इसके लिए कंपनी अपने मौजूदा इंफ्रास्ट्रक्चर का ही स्मार्ट तरीके से इस्तेमाल करेगी.

क्या है H2Gen टेक्नोलॉजी?

आपके मन में भी यही सवाल होगा कि आखिर यह मशीन काम कैसे करती है. आपको बता दें यूटीलिटी ग्लोबल ने खास तरह का इलेक्ट्रोकेमिकल प्रोसेस डेवलप किया है. यह प्रोसेस स्टील प्लांट में बनने वाली कार्बन मोनोऑक्साइड और उससे संबंधित गैसों को सोखकर बिना किसी ज्यादा खर्च के प्योर हाइड्रोजन में बदल देता है. इस तकनीक का कनाडा के स्टील कंपनी के प्लांट में असली ब्लास्ट फर्नेस गैस का यूज करके इस तकनीक का सफल डेमो दिया जा चुका है. वहां के शानदार रिजल्ट के बाद अब इस तकनीक को देश के कलिंगनगर प्लांट में बड़े पैमाने पर उतारने की तैयारी की जा रही है.

एक दिन की हाइड्रोजन से 33 दिन चलेगी ट्रेन

अमेरिका की कंपनी के साथ मिलकर टाटा स्टील की तरफ से जो प्लानिंग की जा रही है, यह आने वाले समय में काफी कारगर साबित होने वाली है. पॉल्यूशन कम करने के लिए सरकार का फोकस लगातार ग्रीन एनर्जी की तरफ बढ़ रहा है. पिछले दिनों केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी हाइड्रोजन कार से संसद पहुंचे थे. रेलवे ने पिछले दिनों जींद से सोनीपत के बीच चलने वाली देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का संचालन शुरू किया है. आने वाले समय में और भी हाइड्रोजन ट्रेनों का संचालन किये जाने का प्लान है. आपको बता दें जींद से सोनीपत के बीच के चलने वाली हाइड्रोजन ट्रेन दो राउंड ट्रिप (चार वन-वे यात्राएं) लगाती है. इस 356 किमी की कुल दूरी को तय करने में रोजाना करीब 300 किलो हाइड्रोजन की खपत होती है. यानी हाइड्रोजन ट्रेन के एक किमी संचालन के लिए 0.84 किलो गैस की जरूरत होती है. टाटा के प्लांट में हर दिन 10 टन हाइड्रोजन प्रोड्यूस किये जाने का प्लान है. ऐसे में इस गैस से 33 द‍िन तक ट्रेन का संचालन किया जा सकेगा.

कब शुरू होगा प्लांट पर काम?

रिपोर्ट के अनुसार दोनों कंपनियां मिलकर फ्रंट-एंड इंजीनियरिंग एंड डिजाइन (FEED) स्टडी करेंगी. इसमें प्रोजेक्ट का पूरा ब्लूप्रिंट तैयार किया जाएगा, इससे यह साफ होगा कि प्लांट लगाने में कितना खर्च आएगा और तकनीकी रूप से यह कितना सफल रहेगा. यह स्टडी रिपोर्ट आने के बाद टाटा स्टील का बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स इस पर अपना फाइनल इन्वेस्टमेंट डिसीजन (FID) लिया जाएगा. बोर्ड की तरफ से मंजूरी दिये जाने के बाद कलिंगनगर प्लांट में इंस्टॉलेशन और ऑपरेशन का काम शुरू कर दिया जाएगा.

कंपनी की तरफ से क्या कहा गया?

अमेरिकी कंपनी के साथ हुए करार पर टाटा स्टील के वाइस-प्रेसिडेंट सुबोध पांडे ने बताया कि यह करार कंपनी को बड़े स्टील प्लांट से होने वाले कार्बन उत्सर्जन को कम करने के नए रास्ते तलाशने में मदद करेगा. उन्होंने बताया मौजूदा इंफ्रास्ट्रक्चर के जरिये ग्रीन एनर्जी की तरफ बढ़ना कंपनी की बड़ी ताकत होगी. आज दुनियाभर में क्लाइमेट चेंज और ग्लोबल वार्मिंग की समस्या हो रही है. स्टील इंडस्ट्री सबसे ज्यादा कार्बन उत्सर्जन करने वाला सेक्टर है. ऐसे में यदि देश की दिग्गज कंपनी खुद कचरे से क्लीन एनर्जी बनाने की पहल कर रही है तो यह दूसरी कंपनियों के लिए एक मिसाल बन जाएगा.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Kriyanshu Saraswat

Kriyanshu Saraswat

क्रियांशु सारस्वत वरिष्ठ बिजनेस जर्नलिस्ट (Business Journalist) हैं, उन्हें डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 साल का अनुभव है. मौजूदा समय में वह Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में बतौर 'असिस्टेंट न्यूज एडिटर' कार्यरत हैं. क्रियांशु को बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, टैक्सेशन, कमोडिटी और सरकारी योजनाओं आदि से जुड़ी खबरों को आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचाने में महारथ हासिल है. Zee News से पहले क्रियांशु ने टाइम्स इंटरनेट, हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण और अमर उजाला की वेबसाइट में अहम संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं. इस दौरान क्रियांशु ने ऑटो, टेक्नोलॉजी और लाइफस्‍टाइल लीड की जिम्मेदारी संभाली है. अभी क्रियांशु बिजनेस लीड हैं. यूपी से ताल्‍लुक रखने वाले क्र‍ियांशु पत्रकार‍िता में पोस्ट ग्रेजुएट हैं.
Read More

ट्रेंडिंग

  • न्यूज़
  • फोटो
  • वीडियो