क्रूड सस्ता फिर भी चीन की छोटी रिफाइनरियों में मचा हड़कंप, अमेरिका के इस कदम से बदला खेल
सस्ते ईरानी तेल की सप्लाई बंद होने से चीन की छोटी रिफाइनरी कंपनियों का प्रॉफिट घट गया है. ऐसे में इन रिफाइनरी को महंगा तेल खरीदने पर मजबूर होना पड़ रहा है. ऐसे में ये कंपनियां कैसे मैनेज कर रही हैं? आएइ जानते हैं-
दुनिया में सबसे ज्यादा तेल आयात करने वाली इकोनॉमी चीन इस समय अजीब दोराहे पर है. सालों तक ईरान से भारी डिस्काउंट पर क्रूड ऑयल खरीद जमकर मुनाफा कमाने वाली चीन की छोटी और प्राइवेट रिफाइनरियों के अच्छे दिन खत्म होते दिख रहे हैं. जुलाई में ईरानी तेल शिपमेंट्स पर अमेरिकी नाकेबंदी के बाद सस्ते तेल की सप्लाई रुक गई है. ऐसे में इन कंपनियों को मजबूरी में बाजार से महंगा क्रूड खरीदना पड़ रहा है. इसका असर उनके प्रॉफिट पर देखा जा रहा है.
ड्रैगन के रिफाइनिंग सेक्टर में करीब 30 फीसदी हिस्सा रखने वाली छोटी रिफाइनरियों को इंडस्ट्री की भाषा में 'टीपॉट्स' कहा जाता है. 2020 से ये कंपनियां ईरान से मिलने वाले सस्ते क्रूड ऑयल के दम पर चल रही थीं. केप्लर के आंकड़ों के अनुसार 2025 में चीन के कुल तेल इम्पोर्ट में ईरानी तेल की हिस्सेदारी 13.6 प्रतिशत थी. इस साल शुरुआत में भी इन कंपनियों को ब्रेंट क्रूड के मुकाबले 10 से 11 डॉलर प्रति बैरल तक का शानदार डिस्काउंट मिल रहा था. इससे घरेलू बाजार में कम मार्जिन होने के बावजूद इनका काम चल रहा था.
जुलाई में अमेरिकी नाकेबंदी के कारण रोजाना 10 लाख बैरल से ज्यादा सस्ता ईरानी तेल मार्केट से गायब हो गया. इन रिफाइनरियों को इराक, कतर, अंगोला और ब्राजील जैसे देशों से तेल खरीदना पड़ रहा है. इस तेल पर इन्हें 6 से 20 डॉलर प्रति बैरल तक प्रीमियम देना पड़ रहा है. इस हालात में टीपॉट्स दोनों तरफ से पिस रही हैं. डिस्काउंट के बिना मिलने वाले तेल से उन्हें चीन की बड़ी सरकारी रिफाइनरी कंपनियों से मुकाबला करना पड़ रहा है. सरकारी कंपनियां रिफाइंड फ्यूल को विदेश में एक्सपोर्ट करके मोटा मुनाफा कमा सकती हैं, जबकि प्राइवेट रिफाइनरी न तो फ्यूल एक्सपोर्ट कर सकती हैं और न ही घरेलू बाजार में कीमतें बढ़ा सकती हैं.
इम्पोर्ट में 15 फीसदी की गिरावट
सस्ता तेल नहीं मिलने और ब्रेंट क्रूड के 90 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर रहने के कारण चीन के कुल तेल आयात में बड़ी गिरावट आई है. कस्टम डेटा के आंकड़ों को देखें तो साल के शुरुआती 10 महीने में अक्टूबर तक चीन का तेल आयात 15.1 फीसदी गिरकर 399.9 मिलियन टन रह गया. टीपॉट्स का हब कहा जाने वाला शेडोंग प्रांत 12 नवंबर को खत्म हुए हफ्ते में रिफाइनरियों का यूटिलाइजेशन रेट 54.7 प्रतिशत रहा. यह दूसरी तिमाही के 50 प्रतिशत से कम के लेवल से बेहतर है. लेकिन 2020 और 2021 के 65 से 75 प्रतिशत के मुकाबले काफी नीचे है.
ज्यादा लागत के साथ इराक और रूस बने नए सहारा
ईरान का ऑप्शन तलाशने के लिए चीनी कंपनियों ने सितंबर से अब तक इराक से 30 से 40 मिलियन बैरल क्रूड की खरीद की है. इराकी बसरा ऑयल कुछ दिन पहले तक ब्रेंट क्रूड से 10 से 13 डॉलर ऊपर बिक रहा था, यह अब फ्रेट रेट कम होने के बाद 6 डॉलर के प्रीमियम पर आया है. कम दूरी के कारण पसंदीदा माने जाने वाला रूसी ESPO ब्लेंड ब्रेंट से 22 डॉलर प्रति बैरल महंगा मिल रहा है. ब्राजील और वेस्ट अफ्रीका जैसे देशों से तेल मंगाने में लंबा समय लगता है. इससे कीमत में उतार-चढ़ाव का रिस्क बढ़ जाता है.