शेयर बाजार में रिकवरी, सेंसेक्स 2000 और निफ्टी 550 अंक उछला; निवेशकों की झोली में आए 3 लाख करोड़
सोमवार को भारी गिरावट के साथ बंद हुए शेयर बाजार में बुधवार को रिकवरी देखी गई और सेंसेक्स 2000 अंक से ज्यादा उछल गया. इसके अलावा निफ्टी सूचकांक 550अंक से ज्यादा चढ़ गया. बैंक निफ्टी भी करीब 1400 अंक चढ़कर 64000 अंक के लेवल पर पहुंच गया.
पिछले कारोबारी सत्र (सोमवार) में भारी गिरावट के साथ बंद हुए शेयर बाजार में आज रिकवरी देखी जा रही है. कारोबारी सत्र की शुरुआत में सेंसेक्स 1000 अंक से ज्यादा की तेजी के साथ खुला. इसके अलावा निफ्टी 50 भी 300 अंक से ज्यादा की बढ़त के साथ खुला. कारोबारी सत्र के दौरान सुबह करीब 9.30 बजे सेंसेक्स 1500 अंक की तेजी के साथ 83,939 अंक पर ट्रेड करते देखा गया. इसी समय निफ्टी में 442 अंक की तेजी देखी गई और यह 25,785 अंक पर ट्रेड कर रहा है. इससे पहले सोमवार (23 नवंबर 2026) को भारतीय शेयर बाजार में बड़ी गिरावट देखी गई थी और सेंसेक्स 1,483 अंक टूटकर 82,435.99 अंक पर बंद हुआ था. इसी तरह निफ्टी 450 अंक गिरकर 25,349 अंक पर बंद हुआ था. शेयर बाजार में बुधवार को आई रिकवरी से निवेशकों को 2 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का फायदा हुआ.
कारोबारी सत्र के दौरान दोहपर करीब 12 बजे सेंसेक्स 1914 अंक चढ़कर 84,311 अंक पर कारोबार करते देखा गया. इसी तरह निफ्टी 50 की बात करें तो यह 550 अंक की तेजी के साथ 25,907 अंक पर ट्रेड करते देखा गया. कारोबारी सत्र के दौरान एक समय सेंसेक्स 2000 अंक चढ़कर इंट्रा डे में 84,498 अंक के हाई लेवल तक पहुंच गया। निफ्टी ने इस दौरान 25,951.65 का हाई टच किया. सबसे ज्यादा 5 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी बजाज फिनसर्व के शेयर में देखी जा रही है. बैंक निफ्टी भी 1400 अंक से ज्यादा चढ़कर 64000 अंक के करीब पहुंच गया.
रिकॉर्ड हाई के करीब पहुंचा बाजार
24 नवंबर को गुरु नानक जयंती के मौके पर बाजार बंद रहने के बाद बुधवार को बाजार खुला तो चौतरफा लिवाली का माहौल दिखा. बीएसई सेंसेक्स 1500 अंक से ज्यादा चढ़कर 83,939 अंक पर पहुंच गया. दूसरी तरफ, एनएसई निफ्टी 50 भी 442 अंक की तेजी के साथ 25,785 अंक पर ट्रेड कर रहा है. इस शानदार तेजी के साथ निफ्टी दिसंबर 2025 में बनाए गए अपने 26,373 अंक के रिकॉर्ड हाई से कुछ ही पीछे है. बाजार में आई तेजी का सीधा फायदा निवेशकों को हूआ और कुछ ही मिनट में बीएसई लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 2.2 लाख करोड़ से ज्यादा बढ़ गया. इससे पहले सोमवार को चार हफ्तों की लगातार तेजी के बाद मुनाफावसूली के चलते दोनों प्रमुख सूचकांक टूट गए थे. आइए जानते हैं शेयर बाजार में आई तेजी के 3 बड़े कारण-
सोना चढ़ा पर गिरा बाजार, सेंसेक्स 1000 अंक ये ज्यादा डूबा...कहां गायब हो गई शेयर मार्केट की तेजी ?
विदेशी निवेशकों की जबरदस्त खरीदारी
भारतीय बाजार में विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) का भरोसा तेजी से लौटा है. एक्सचेंज के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार विदेशी निवेशकों ने शुद्ध रूप से 56.73 अरब (610.59 मिलियन डॉलर) की शेयर खरीद की. इस महीने अब तक FII भारतीय इक्विटी में रिकॉर्ड 14.28 अरब डॉलर (NSDL के अनुसार 13.2 अरब डॉलर से ज्यादा) का निवेश कर चुके हैं. इससे साफ है कि ग्लोबल इन्वेस्टर अब एआई से जुड़े शेयर से पैसा निकालकर भारतीय बाजार में पैसा लगा रहे हैं.
कच्चे तेल के दाम में गिरावट
इंटरनेशनल मार्केट में क्रूड ऑयल सस्ता होने से भी भारतीय बाजार में निवेशकों का उत्साह बढ़ा है. क्रूड ऑयल की सप्लाई बढ़ने और बाजार में ऑयल सरप्लस की उम्मीद के चलते ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स गिरकर 90.8 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया. नवंबर महीने में ही अब तक कच्चे तेल के दाम 23 प्रतिशत गिर गए हैं. भारत जैसे तेल आयातक देश के लिए यह बड़ी राहत मानी जा रही है, क्योंकि इससे महंगाई का दबाव कम होता है. क्रूड में गिरावट से कंपनियों के प्रॉफिट में सुधार आता है.
अमेरिका-यूरोप के बाजार बेहाल, गिरने के बाद आज संभला सेंसेक्स, किसके दम पर मार्केट ने किया बाउंस बैक?
डॉलर के मुकाबले रुपये में मजबूती
बाजार से मिल रहे लगातार पॉजिटिव संकेतों के बीच बुधवार के शुरुआती कारोबार में भारतीय रुपया यूए डॉलर के मुकाबले 10 पैसे मजबूत होकर 92.75 के लेवल पर पहुंच गया. रुपये में लगातार आ रही मजबूती, विदेशी फंडों के लगातार फ्लो और सस्ते क्रूड ऑयल ने मिलकर घरेलू शेयर बाजार को सपोर्ट किया है.
इन शेयर में दिखी चमक
सेंसेक्स के शेयरों में इंफोसिस, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, बजाज फाइनेंस और बजाज फिनसर्व में सबसे ज्यादा तेजी देखी गई. दूसरी तरफ, महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M), टाटा स्टील, टाइटन, पावर ग्रिड और सन फार्मा लाल निशान के साथ कारोबार करते देखे गए. सेक्टर के लिहाज से देखें तो प्राइवेट बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज, आईटी और पीएसयू बैंकिंग शेयर ने बाजार को ऊपर की तरफ धकेला. एफएमसीजी और रियल्टी शेयरों में भी तेजी बनी हुई है.