SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

नवंबर में विदेशी निवेशकों की जोरदार वापसी, शेयर बाजार में 1.29 लाख करोड़ का निवेश

भारतीय शेयर बाजार में पिछले कुछ हफ्ते से चला आ रहा तेजी का सिलसिला थम गया. निफ्टी हफ्ते के दौरान 0.75 फीसदी गिरकर 25,607.20 पर बंद हुआ.

Written By Kriyanshu Saraswat
Published: Nov 28, 2026, 15:14 IST | Updated: Nov 28, 2026, 15:17 IST
Image Credit: (File Pic) FII की वापसी अक्टूबर की भारी बिकवाली के बाद बड़ा बदलाव है.
Join

शेयर बाजार में नवंबर के दौरान एफआईआई (FII) की जोरदार वापसी देखने को मिली है. अस्थायी नकद बाजार आंकड़ों के अनुसार इस महीने अब तक विदेशी निवेशकों ने भारतीय बाजार में लगभग 1,29,579 करोड़ रुपए की शुद्ध खरीदारी की. इसके विपरीत, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने इस अवधि में लगभग 55,454 करोड़ रुपये की शुद्ध बिकवाली की. इसके बावजूद कुल मिलाकर संस्थागत निवेश प्रवाह लगभग 74,125 करोड़ रुपये पॉजिटिव रहा, जिसने बाजार को मजबूत सपोर्ट किया. जानकारों के अनुसार विदेशी निवेशकों (FII) की यह वापसी अक्टूबर की भारी बिकवाली के बाद एक बड़ा बदलाव है. पिछले महीने विदेशी निवेशकों ने भारतीय बाजारों से बड़ी निकासी की थी, जबकि नवंबर में उनका रुख पूरी तरह सकारात्मक रहा है.

हालांकि, इस हफ्ते विदेशी निवेश का प्रवाह जारी रहा, लेकिन खरीदारी की गति कुछ धीमी पड़ी. 23 से 27 नवंबर के बीच एफआईआई ने लगभग 17,630 करोड़ रुपए की शुद्ध खरीदारी की, जबकि इससे पिछले सप्ताह यह आंकड़ा 32,647 करोड़ रुपए था. औसत दैनिक एफआईआई निवेश भी घटकर 4,407 करोड़ रुपए रह गया, जबकि पिछले सप्ताह यह 6,529 करोड़ रुपए प्रतिदिन था. ट्रेडिंग सप्ताह छोटा होने के बावजूद इसमें करीब 32.5 फीसदी की कमी दर्ज की गई.

दो दिन की तेजी के बाद शेयर बाजार में हाहाकार, सेंसेक्स 900 अंक टूटा; निफ्टी 25600 के पास पहुंचा

सबसे ज्यादार दबाव बैंकिंग शेयरों में दिखा

विदेशी निवेश के मजबूत प्रवाह के बावजूद भारतीय शेयर बाजार इस सप्ताह गिरावट के साथ बंद हुए और लगातार चार हफ्ते से जारी तेजी का सिलसिला टूट गया. निफ्टी हफ्ते के दौरान 0.75 प्रतिशत गिरकर 25,607.20 पर बंद हुआ, जबकि सेंसेक्स में 0.69 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई और यह 83,339.26 पर बंद हुआ. सबसे ज्यादार दबाव बैंकिंग शेयरों में देखने को मिला. बैंक निफ्टी 2.47 प्रतिशत गिरकर 63,040.90 पर बंद हुआ. बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, नवंबर की तेजी को आगे बढ़ाने वाले बैंकिंग शेयरों में निवेशकों ने बड़े पैमाने पर मुनाफावसूली की.

बैंक निफ्टी रिकॉर्ड लेवल पर पहुंचा

हालिया तेजी के बाद निवेशकों ने वित्तीय क्षेत्र के शेयरों में अपनी होल्डिंग कम करना शुरू किया. इसके साथ ही घरेलू महंगाई को लेकर चिंताएं, आरबीआई की संभावित सख्त मॉनेटरी पॉलिसी और कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी ने भी बाजार भावना को प्रभावित किया. जानकारों का कहना है कि आने वाले सप्ताह में बाजार की दिशा इस बात पर निर्भर करेगी कि प्रमुख सूचकांक अपने अहम समर्थन स्तरों को बनाए रख पाते हैं या नहीं. निफ्टी का 26,000 के स्तर के पास से लौटना और बैंक निफ्टी का अपने रिकॉर्ड उच्च स्तर से नीचे आना इस बात का संकेत है कि ऊंचे स्तरों पर मुनाफावसूली बढ़ गई है.

इस बीच विदेशी मुद्रा बाजार में भी कुछ दबाव देखने को मिला. रुपया लगभग 0.50 प्रतिशत कमजोर होकर 92.98 प्रति डॉलर के आसपास कारोबार करता दिखा, जबकि डॉलर इंडेक्स लगभग 103.80 के स्तर पर बना रहा. इससे भारतीय मुद्रा पर दबाव बढ़ा. विशेषज्ञों का कहना है कि नवंबर में विदेशी निवेशकों की रिकॉर्ड खरीदारी भारतीय बाजारों के प्रति मजबूत वैश्विक विश्वास को दर्शाती है. हालांकि कच्चे तेल की कीमतों, महंगाई, आरबीआई की आगामी मौद्रिक नीति और वैश्विक बाजारों के रुझान पर निवेशकों की नजर बनी रहेगी, जो आगे बाजार की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

क्रियांशु सारस्वत वरिष्ठ बिजनेस जर्नलिस्ट (Business Journalist) हैं, उन्हें डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 साल का अनुभव है. मौजूदा समय में वह Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में बतौर 'असिस्टेंट न्यूज एडिटर' कार्यरत हैं. क्रियांशु को बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, टैक्सेशन, कमोडिटी और सरकारी योजनाओं आदि से जुड़ी खबरों को आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचाने में महारथ हासिल है. Zee News से पहले क्रियांशु ने टाइम्स इंटरनेट, हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण और अमर उजाला की वेबसाइट में अहम संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं. इस दौरान क्रियांशु ने ऑटो, टेक्नोलॉजी और लाइफस्‍टाइल लीड की जिम्मेदारी संभाली है. अभी क्रियांशु बिजनेस लीड हैं. यूपी से ताल्‍लुक रखने वाले क्र‍ियांशु पत्रकार‍िता में पोस्ट ग्रेजुएट हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES