रुपये को बचाने के लिए RBI का मास्टरस्ट्रोक, बैंकों के बदले नियम; कुछ ही घंटे में 1% चढ़ गई भारतीय करेंसी
RBI Rules: रुपये में पिछले कई सत्र से जारी गिरावट को रोकने के लिए आरबीआई (RBI) की तरफ से कड़े कदम उठाए गए हैं. नॉन-डिलीवरेबल डेरिवेटिव्स (NDD) कॉन्ट्रैक्ट्स के नियमों को पहले से सख्त बनाते हुए रिजर्व बैंक ने 20% कैश रिजर्व की शर्त लागू कर दी है. इस फैसले का बाजार पर क्या असर होगा? आइए जानते हैं-
Indian Rupee vs US Dollar: ग्लोबल मार्केट में महंगे क्रूड ऑयल और विदेशी निवेशकों (FPI) की तरफ से लगातार पैसा निकाले जाने से लगातार दबाव में चल रहे भारतीय रुपये को सपोर्ट देने के लिए रिजर्व बैंक (RBI) पूरी तरह से एक्शन मोड में है. आरबीआई (RBI) ने नॉन-डिलीवरेबल डेरिवेटिव (NDD) कॉन्ट्रैक्ट्स के नियमों को बेहद सख्त कर दिया है. अब विदेशी क्लाइंट्स इसका यूज केवल हेजिंग (रिस्क से बचाव) के लिए ही कर पाएंगे. आरबीआई की तरफ से लिये गए इस फैसले का असर बाजार पर तुरंत देखा गया और रुपये में 1% की शानदार तेजी दर्ज की गई. इसके बाद रुपया सोमवार शाम को डॉलर के मुकाबले 95.63 रुपये पर बंद हुआ.
आरबीआई (RBI) ने रुपये के नॉन-डिलीवरेबल डेरिवेटिव्स (NDD) कॉन्ट्रैक्ट्स से जुड़े नियमों में बदलाव किया है. रिजर्व बैंक की तरफ से उठाए गए इस कदम का सीधा मकसद रुपये में होने वाली गैर जरूरी सट्टेबाजी को रोकना है. RBI ने बैंकों को अपने रुपये के करेंसी हेज पर 20% कैश रिजर्व (Cash Reserve) की शर्त को पहले से ज्यादा सख्त कर दिया है. अब ऑथराइज डीलर्स को अपनी संपत्तियों और देनदारियों के करेंसी रिस्क से बचाव के लिए फॉरेक्स रिस्क रिजर्व रखना जरूरी होगा. यह रिजर्व रोजाना के बेस पर आरबीआई (RBI) के पास नकद जमा करना होगा.
क्यों उठाना पड़ा सख्त कदम?
2026 के दौरान भारतीय रुपया डॉलर के मुकाबले 7 प्रतिशत तक गिर गया. कच्चे तेल की लगातार बढ़ती कीमत और विदेशी निवेशों की निकासी (Capital Outflows) के कारण रुपये पर दबाव बना हुआ था. इसी दबाव को कम करने और करेंसी मार्केट को स्टेबिलिटी देने के लिए रिजर्व बैंक ने कुछ ही दिन में कई बड़े फैसले लिये हैं. आरबीआई के फैसले के बाद रुपये में जोरदार उछाल देखने को मिला. रिजर्व बैंक की इस कार्रवाई के बाद भारतीय रुपया डॉलर के मुकाबले 1% उछल गया. जानकारों की तरफ से उम्मीद जताई गई कि आरबीआई के इन सख्त कदमों से विदेशी मुद्रा बाजार में अस्थिरता कम होगी और रुपये को लगातार मजबूती मिलेगी. आइए जानते हैं इन नियमों का आम भारतीय और शेयर बाजार (Stock Market) पर क्या असर पड़ेगा?
महंगाई दर नीचे आएगी!
रुपये के कमजोर होने पर विदेश से आने वाली चीजें महंगी हो जाती हैं. भारत अपनी जरूरत का 80% से ज्यादा क्रूड ऑयल (Crude Oil) इम्पोर्ट करता है. RBI की तरफ से उठाए गए इस कदम से रुपया मजबूत होगा. इससे पेट्रोल-डीजल और खाने का तेल (Edible Oil) महंगा कम होगा और बजट संतुलित रहेगा. यदि आपके बच्चे विदेश में पढ़ाई कर रहे हैं या विदेश यात्रा (Foreign Tour) का प्लान कर रहे हैं तो रुपया मजबूत होने से आपको राहत मिलेगी. फीस भेजने या डॉलर में खर्च करने पर आपको पहले के मुकाबले कम भुगतान करना होगा.
शेयर बाजार पर असर
रुपये में कमजोरी के कारण एफआईआई (FIIs) देश के बाजार से अपना पैसा निकालकर बेच रहे थे. RBI की तरफ से लिये गए फैसल से रुपया स्थिर होगा तो FII की बिकवाली का दबाव कम होगा. इसका तेल कंपनियों (OMCs), ऑटो, पेंट्स और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स जैसी कंपनियों को सीधा फायदा होगा. इन सभी कंपनियों का कच्चा माल विदेश से आता है. आयात सस्ता होने से कंपनियों के मार्जिन में सुधार होगा और इनके शेयर ऊपर जा सकते हैं.
क्या है नॉन-डिलीवरेबल डेरिवेटिव
नॉन-डिलीवरेबल डेरिवेटिव (NDD) एक प्रकार का फाइनेंशियल कॉन्ट्रैक्ट (Financial Contract) होता है. इसका इस्तेमाल खासतौर पर विदेशी मुद्रा (Forex) के ट्रांजेक्शन और सट्टेबाजी या रिस्क से बचाव (Hedging) के लिए किया जाता है. नॉर्मल करेंसी ट्रेड में जब आप डॉलर खरीदते हैं तो आप डॉलर के बदले रुपये देते हो. लेकिन एनडीडी के तहत मार्केट में असली करेंसी की फिजिकल डिलीवरी नहीं होती. इसमें केवल कॉन्ट्रैक्ट के दिन तय की गई दर और मैच्योरिटी (अंतिम तिथि) वाले दिन की असल दर के बीच के अंतर का भुगतान किया जाता है. यह भुगतान अमेरिकी डॉलर ($) में नकद में होता है.
आसान उदाहरण से समझिए
उदाहरण के लिए मान लीजिए कोई विदेशी निवेशक आज की तारीख में एक महीने बाद के लिए 1,000 डॉलर की डील करता है. यदि डॉलर आज 95 रुपये का है तो इसकी कुछ वैल्यू 85,000 रुपये हो गई. एक महीने बाद मैच्योरिटी के दिन बाजार में दो संभावनाएं डॉलर के मजबूत होने की या फिर कमजोर होने की बनती है. यदि डॉलर मजबूत होकर ₹97 का हो जाता है तो निवेशक को प्रति डॉलर ₹2 का बेनिफिट हुआ तो उसे 97,000 रुपये के बदले पूरे डॉलर नहीं दिए जाएंगे. इस स्थिति में उसे उसका मुनाफे के बराबर ₹2,000 (20.61 डॉलर) दिये जाएंगे. लेकिन यही डॉलर यदि कमजोर होकर ₹93 का हो जाता है तो निवेशक को प्रति डॉलर 2 रुपये का नुकसान हुआ. ऐसे में उसे केवल नुकसान की राशि ₹2,000 के बराबर डॉलर का भुगतान करना होगा.