App

Cristiano Ronaldo Net Worth: करोड़ों की कमाई, अरबों की नेटवर्थ! आखिर कितनी संपत्ति के मालिक हैं क्रिस्टियानो रोनाल्डो?

क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने 23 साल के शानदार सफर के बाद पुर्तगाल की नेशनल फुटबॉल टीम से संन्यास का ऐलान कर दिया है. हालांकि, वह क्लब फुटबॉल खेलना जारी रखेंगे.

Cristiano Ronaldo Net Worth: करोड़ों की कमाई, अरबों की नेटवर्थ! आखिर कितनी संपत्ति के मालिक हैं क्रिस्टियानो रोनाल्डो?
Image Credit: फुटबॉल जगत के महानायक क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्‍यास का ऐलान कर द‍िया है । AI

Cristiano Ronaldo Net Worth: क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अपने इंटरनेशनल करियर को अलविदा कह दिया है. 41 वर्षीय रोनाल्डो ने गुरुवार को नेशनल टीम से संन्यास की घोषणा की है. इस घोषणा के साथ ही दो दशक से अधिक लंबे और छह फीफा विश्व कप तक फैले उनके करियर का समापन हो गया है. वे 2016 यूरो चैंपियनशिप और दो यूईएफए नेशंस लीग खिताब जीतने की उपलब्धि के साथ विदा ले रहे हैं.

मेसी के एक महीने बाद रोनाल्डो का संन्यास

रोनाल्डो का ये संन्यास उनके प्रतिद्वंद्वी और अच्छे दोस्त लियोनेल मेसी द्वारा बेनिन के खिलाफ अर्जेंटीना के लिए अपना आखिरी मैच खेलने के ठीक एक महीने बाद आया है. हालांकि, रोनाल्डो क्लब फुटबॉल खेलना जारी रखेंगे. रोनाल्डो अपने करियर के 1000वें गोल के लक्ष्य की ओर बढ़ रहे हैं और फिलहाल उनके नाम 985 गोल दर्ज हैं. इनमें से 146 गोल उन्होंने पुर्तगाल के लिए 234 मैचों में किए हैं. ये एक रिकॉर्ड है.

सोशल मीडिया पर जारी एक लंबे वीडियो मैसेज में 41 वर्षीय रोनाल्डो ने कहा, 'पुर्तगाल के लोगों, अब वह दिन आ गया है जब मैं हमारी नेशनल टीम की नंबर 7 जर्सी वापस सौंप रहा हूं. मुझे कभी ऐसा नहीं लगा कि यह सिर्फ मेरी है. लेकिन, 23 वर्षों तक मुझे इसे पहनने. इसका मान रखने और दुनिया भर के स्टेडियमों में इसे अपने साथ ले जाने का सौभाग्य और जिम्मेदारी मिली.'

'आज इसे भविष्य की पीढ़ी को सौंपने का समय आ गया है. यह फैसला लेना आसान नहीं था, क्योंकि कुछ फैसले सिर्फ दिमाग से नहीं, बल्कि दिल से लिए जाते हैं. अगस्त 2003 में शुरू हुआ वह सफर, जिसने मेरी जिंदगी हमेशा के लिए बदल दी, अब खत्म हो गया है.'

Cristiano Ronaldo

कितनी है क्रिस्टियानो रोनाल्डो की नेट वर्थ?

फोर्ब्स के अनुसार, 5 नवंबर 2026 तक रोनाल्डो की नेट वर्थ 1.2 बिलियन डॉलर है. हालांकि, उनकी करियर की अधिकांश कमाई फुटबॉल से हुई है. लेकिन, पुर्तगाल के इस दिग्गज खिलाड़ी ने कई बड़े ब्रांड्स के विज्ञापनों (एंडोर्समेंट) से भी काफी पैसा कमाया है.

दुनिया के सबसे लोकप्रिय एथलीट माने जाने वाले रोनाल्डो ने मैनचेस्टर यूनाइटेड, रियल मैड्रिड और युवेंटस में अपना नाम बनाया है. इसके बाद 2023 में उन्होंने सऊदी क्लब अल-नस्र के साथ करार किया. फोर्ब्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अल-नस्र उन्हें सालाना 200 मिलियन डॉलर से ज्यादा का पेमेंट करता है. इस वजह से वे लगातार चार वर्षों तक दुनिया में सबसे ज्यादा कमाई करने वाले एथलीट रहे हैं.

गल्फ न्यूज के मुताबिक, मैनचेस्टर यूनाइटेड, जुवेंटस और रियल मैड्रिड में अपने समय के दौरान, रोनाल्डो ने लगातार 10 सीजन तक हर साल कम से कम 100 मिलियन डॉलर की कमाई की है. वे 2003 में स्पोर्टिंग लिस्बन से मैनचेस्टर यूनाइटेड (सर एलेक्स फर्ग्यूसन के नेतृत्व में) आए और 2009 तक ओल्ड ट्रैफर्ड में रहे. इसके बाद वे रियल मैड्रिड चले गए, जहां उन्होंने 2018 तक खेला.

2 बिलियन डॉलर की कमाई करने वाले पहले एक्टिव खिलाड़ी

हालांकि उनकी नेट वर्थ 1.2 बिलियन डॉलर है. लेकिन, फोर्ब्स की रिपोर्ट के अनुसार, उनके करियर की कुल कमाई (मैदान के अंदर और बाहर) 2 बिलियन डॉलर से अधिक है. ऐसा करने वाले वे पहले एक्टिव फुटबॉलर हैं, जो मेसी (जिनकी नेट वर्थ लगभग 1.1 बिलियन डॉलर आंकी गई है) से भी आगे हैं. रोनाल्डो जिन ब्रांड्स का प्रचार करते हैं. उनमें नाइकी, हर्बालाइफ, बायनेन्स, जैकब एंड कंपनी, वूप, विस्टा एलेग्रे, यूएफएल, क्लियर (Clear - यूनिलीवर), सिक्सपैड और परप्लेक्सिटी एआई (Perplexity AI) शामिल हैं.

इसके अलावा, स्पेन के दूसरे डिवीजन क्लब 'यूडी अल्मेरिया' (UD Almeria) में उनकी 25% हिस्सेदारी है. रोनाल्डो 'CR7 लाइफस्टाइल' (जिसमें CR7 अंडरवियर, फुटवियर, खुशबू/परफ्यूम और आईवियर शामिल हैं) के मालिक भी हैं और 'पेस्टाना होटल ग्रुप' (Pestana Hotel Group) में पार्टनर हैं. साथ ही, वे 'URSU9' (एक अल्कलाइन मिनरल वॉटर ब्रांड) के को-फाउंडर भी हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Gaurav Singh

Gaurav Singh

जी न्यूज में सीनियर सब-एडिटर हैं और वर्तमान में बिजनेस व फाइनेंशियल न्यूज कवर करते हैं.  देश की राजनीति से लेकर दुनिया के बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों और घटनाओं को कवर कर चुके हैं  पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो UPTU से इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन किया है. उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले गौरव ने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल मीडिया से की और पिछले 6 वर्षों से लगातार इस क्षेत्र में सक्रिय हैं. आप गौरव सिंह से Gaurav.Singh@India.Com पर ईमेल के जरिए सीधे जुड़ सकते हैं. 
Read More