)
अगर आपको भी ट्रेन से सफर करना पसंद है तो यह खबर आपको खुश कर देगी. प्रधानमंत्री मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने सोमवार को वर्चुअली सरयू-कमला एक्सप्रेस (saryu kamla express) को हरी झंडी दिखाकर रवाना कर दिया है. दोनों नेताओं ने हैदराबाद हाउस से वर्चुअली ट्रेन को हरी झंडी दिखाई. इस ट्रेन के जरिये यूपी के अयोध्या को सीधे नेपाल के जनकपुर से जोड़ा जा रहा है. मार्च 2026 में कार्यभार संभालने के बाद बालेंद्र शाह की यह पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा है. इस दो दिवसीय यात्रा के दौरान ट्रेन को हरी झंडी दिखाया जाना सबसे अहम माना जा रहा है. अयोध्या में आयोजित हो रहे कार्यक्रम में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और यूपी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी शिरकत की.
अयोध्या से जनकपुर के बीच चलने वाली नई ट्रेन सरयू-कमला एक्सप्रेस की रेगुलर सर्विस 28 नवंबर से उपलब्ध होगी. इस ट्रेन से अयोध्या कैंट और जनकपुर धाम के बीच की 604 किमी की दूरी को करीब 19 घंटे में पूरा कर लिया जाएगा. दोनों तरफ से ट्रेन का संचालन हफ्ते में एक-एक बार किया जाएगा. हर सोमवार शाम को अयोध्या से रवाना होने के बाद ट्रेन मंगलवार को जनकपुर स्टेशन पहुंचेगी. वापसी में यह ट्रेन जनकपुर से शनिवार दोपहर को चलेगी और रविवार सुबह अयोध्या पहुंच जाएगी. अयोध्या से जनकपुर के बीच यात्रियों को ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी.

ट्रेन की खास बात यह है कि कंफर्म टिकट वालों को ही इसमें बैठने की इजाजत दी जाएगी. नेपाल से अयोध्या के बीच शुरू होने जा रही ट्रेन का फर्स्ट लुक सामने आ गया है. ट्रेन में यात्रियों के बैठने और सोने के लिए आरामदायक सीटें लगाई गई हैं. इसकी भव्यता और सुविधाएं तस्वीरों में साफ दिखाई दे रही हैं. खूबसूरत कोच, आरामदायक सीटें और यात्रियों के लिए की गई व्यवस्थाएं सफर को खास बनाने वाली हैं. नेपाल से अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह ट्रेन किसी सौगात से कम नहीं है. यह केवल दो शहरों को नहीं, बल्कि दो देशों की आस्था, संस्कृति और ऐतिहासिक रिश्तों को जोड़ने वाली रेल सर्विस है.

इस रेल सर्विस से रामायण सर्किट को मजबूती मिलेगी. भगवान राम की जन्मस्थली अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर के बीच ट्रेन का संचालन करना रामायण सर्किट को मजबूत करना है. ट्रेन के जरिये धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है. इसके साथ ही बॉर्डर से लगने वाले एरिया में व्यापार में भी इजाफा होगा और रोजगार के नए मौके बनेंगे. ट्रेन को रवाना करने के बाद पीएम मोदी और नेपाली प्रधानमंत्री शाह के बीच होने वाली बातचीत में ऊर्जा, जलविद्युत, रेलवे, कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर फोकस रहेगा. शाह एक दिन पहले रविवार दोपहर नई दिल्ली पहुंचे थे. रविवार शाम के समय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने नेपाली प्रधानमंत्री से मुलाकात की और सोशल मीडिया पर भारत-नेपाल की मित्रता को लेकर लिखा.