भारत में 4 साल में पेट्रोल-डीजल सिर्फ 7% महंगे, दुनिया में 70% तक बढ़ीं कीमतें, हरदीप पुरी का बड़ा बयान
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के मुताबिक, पिछले चार वर्षों में भारत में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में केवल 7% की बढ़ोतरी हुई है, जबकि दुनिया के कई देशों में ईंधन 50 से 70% तक महंगा हुआ है.
केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने रविवार को कहा कि वर्ष 2026 तक के चार वर्षों की अवधि में भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में केवल सात फीसदी की बढ़ोतरी हुई, जबकि दुनिया के अन्य देशों में इस दौरान ईंधन की कीमतें 50 से 70 फीसदी तक बढ़ गईं.
'तेल कंपनियों ने बढ़ी हुई लागत का बोझ खुद उठाया'
केंद्रीय मंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वैश्विक स्तर पर ऊर्जा की कीमतों में वृद्धि के बावजूद भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतों को नियंत्रित रखने में केंद्र सरकार की नीतियों की अहम भूमिका रही. सरकार ने दोनों ईंधनों पर केंद्रीय उत्पाद शुल्क में कटौती की और सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों ने बढ़ी हुई लागत का कुछ बोझ खुद उठाया, ताकि इसका सीधा असर उपभोक्ताओं पर न पड़े.
पुरी ने कहा, 'भारत वैश्विक स्तर पर एक अनूठा उदाहरण है. प्रधानमंत्री की सक्रिय नीतियों के कारण केंद्रीय उत्पाद शुल्क में तीन बार कटौती की गई. यह कटौती नवंबर 2021, मई 2022 और 10 मार्च 2026 को की गई. अगर चार साल की अवधि को देखें तो दुनिया के अन्य देशों में पेट्रोल और डीजल की कीमतें 50 से 70 फीसदी तक बढ़ीं, जबकि भारत में इनमें केवल सात फीसदी की वृद्धि हुई.'
ये भी पढ़ें : 2035 तक भारत और इटली के बीच 50 अरब यूरो का होगा कारोबार! जानिए किन सेक्टर्स में खुलेंगे कमाई और निवेश के नए रास्ते?
तेल कंपनियों ने निभाई अहम भूमिका
उन्होंने कहा कि भारत की तेल विपणन कंपनियों बीपीसीएल, आईओसीएल और एचपीसीएल ने जिम्मेदार कॉरपोरेट की भूमिका निभाई. इन कंपनियों ने उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ डालने के बजाय काफी नुकसान खुद उठाया और घाटे में काम किया.
केंद्रीय मंत्री ने एलपीजी की कमी को लेकर विपक्षी दलों के दावों को भी अफवाह करार दिया. उन्होंने कहा कि देश की तेल कंपनियों ने एलपीजी का दैनिक उत्पादन 34 हजार मीट्रिक टन से बढ़ाकर 55 हजार मीट्रिक टन कर दिया है. उन्होंने कहा कि देश के सभी 1.07 लाख खुदरा बिक्री केंद्रों पर ईंधन और गैस की आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी रही.
पुरी ने कहा, 'कुछ राजनीतिक विरोधियों ने बड़ी अफवाहें फैलाने की कोशिश की. पिछले संसद सत्र के दौरान वे गैस सिलेंडरों के कटआउट लेकर मेरा स्वागत करने आए थे और दावा कर रहे थे कि देश में भारी कमी होने वाली है और एलपीजी सिलेंडर खत्म हो जाएंगे. लेकिन, कहीं भी कोई कमी नहीं थी.'
हालांकि, केंद्रीय मंत्री ने स्वीकार किया कि भू-राजनीतिक तनाव के कारण तेल की कीमतों के मोर्चे पर चुनौतियां अभी बनी हुई हैं.
उन्होंने कहा, 'मैं यह नहीं कह रहा हूं कि यह मामला पूरी तरह खत्म हो चुका है. हमारे सामने अभी भी चुनौतियां हैं. रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध जारी है. इसके अलावा ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच भी तनाव है. हमें उम्मीद है कि ये तनाव कम होंगे और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आएगी.'
(IANS के इनपुट के साथ)