)
हैदराबाद में सुरक्षा एजेंसियों की नींद उस वक्त उड़ गई, जब एक धमकी भरे ईमेल के जरिए शहर को दहलाने की चेतावनी दी गई. इस ईमेल के सामने आने के बाद पूरे हैदराबाद को हाई अलर्ट पर रखा गया है. खुद को आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) से जुड़ा बताने वाले एक शख्स ने ईमेल भेजकर शहर के एक प्रमुख होटल और रेलवे स्टेशन पर बम धमाके करने की धमकी दी है.
धमकी देने वाले ने दावा किया है कि इन हमलों में कम से कम 300 लोगों की जान ली जाएगी. इस गंभीर चेतावनी के बाद पुलिस और खुफिया विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है. हैदराबाद पुलिस की स्पेशल ब्रांच की ओर से 21 नवंबर को जारी किए गए एक विशेष अलर्ट के मुताबिक, इस धमकी भरे ईमेल में सीधे तौर पर काचीगुड़ा स्थित 'होटल टूरिस्ट प्लाजा' और 'काचीगुड़ा रेलवे स्टेशन' को निशाना बनाने की बात कही गई है.
ईमेल भेजने वाले ने बेहद खौफनाक इरादा जाहिर करते हुए लिखा है कि आगामी 26 नवंबर को हैदराबाद में ठीक वैसा ही आतंकी हमला दोहराया जाएगा, जैसा 26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुआ था. ईमेल में इस संभावित हमले के पीछे की वजह भी बताई गई है. भेजने वाले ने दावा किया है कि यह हमला भारतीय सेना द्वारा लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर लतीफ भट और उसके अन्य साथियों को मार गिराए जाने का बदला लेने के लिए किया जाएगा.
धमकी की गंभीरता को देखते हुए हैदराबाद सिटी पुलिस ने बिना कोई वक्त गंवाए शहर में एहतियाती सुरक्षा कदम उठाने शुरू कर दिए हैं. स्पेशल ब्रांच के संयुक्त पुलिस आयुक्त की ओर से शहर के सभी थाना प्रभारियों (SHOs), सहायक पुलिस आयुक्तों (ACPs) और पुलिस उपायुक्तों (DCPs) को हाई अलर्ट पर रहने के सख्त निर्देश दिए गए हैं. इसके अलावा ट्रैफिक पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स की टीमों को भी मैदान में उतार दिया गया है.
होटल टूरिस्ट प्लाजा और काचीगुड़ा रेलवे स्टेशन के साथ-साथ शहर के तमाम भीड़भाड़ वाले इलाकों, बस अड्डों, धार्मिक स्थलों, अन्य होटलों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर सुरक्षा व निगरानी कई गुना बढ़ा दी गई है. पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, लावारिस वस्तु, संदिग्ध वाहन या असामान्य गतिविधि पर पैनी नजर रखें. संभावित खतरों को टालने के लिए संदिग्ध ठिकानों पर लगातार एंटी-सैबोटाज चेकिंग (तोड़फोड़ रोधी जांच) की जा रही है और पुलिस गश्त भी तेज कर दी गई है. साथ ही, अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ भी लगातार तालमेल बिठाया जा रहा है.
एक तरफ जहां जमीन पर पुलिस बल पूरी मुस्तैदी से तैनात है, वहीं दूसरी तरफ तकनीकी मोर्चे पर भी जांच तेज कर दी गई है. हैदराबाद की साइबर क्राइम पुलिस इस बात का पता लगाने में जुट गई है कि यह धमकी भरा ईमेल किस आईपी एड्रेस और कहां से भेजा गया है. पुलिस की कोशिश है कि जल्द से जल्द इसके पीछे छिपे असली गुनहगारों की पहचान कर उन तक पहुंचा जा सके, ताकि यह भी साफ हो सके कि यह किसी आतंकी संगठन की असली साजिश है या फिर किसी शरारती तत्व की करतूत.
सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के साथ-साथ हैदराबाद सिटी पुलिस ने आम नागरिकों से भी शांति बनाए रखने की अपील की है. पुलिस की ओर से जारी एक प्रेस नोट में कहा गया है कि लोग इस धमकी को लेकर किसी भी तरह की अफवाहों पर यकीन न करें और न ही सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से ऐसी कोई भ्रामक जानकारी फैलाएं. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आम लोगों के जान-माल की सुरक्षा के लिए पुलिस बल 24 घंटे तैनात और पूरी तरह प्रतिबद्ध है. इसके साथ ही नागरिकों से सहयोग मांगते हुए कहा गया है कि यदि उन्हें कहीं भी कोई संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु दिखाई दे, तो वे बिना घबराए तुरंत इमरजेंसी नंबर 112 पर कॉल करके पुलिस को सूचित करें.