App

GST में गिरफ्तारी के कड़े प्रावधानों पर ब्रेक! टैक्सपेयर्स को बड़ी राहत, खत्म हो सकता है अरेस्ट का खौफनाक फेज

GST काउंसिल 7 अक्टूबर को इस मुद्दे पर करेगी चर्चा. सरकार शीतकालीन सत्र में इसमें संशोधन ला सकती है.

GST में गिरफ्तारी के कड़े प्रावधानों पर ब्रेक! टैक्सपेयर्स को बड़ी राहत, खत्म हो सकता है अरेस्ट का खौफनाक फेज

GST : जुलाई 2017 में लागू होने के नौ साल से ज्यादा समय के बाद गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (GST) सिस्टम में एक बड़ा बदलाव होने जा रहा है. इसमें गिरफ्तारी के अधिकारों को हटाने पर फैसला हो सकता है. इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, निवेशकों का भरोसा बढ़ाने और टैक्स अधिकारियों के हद से ज्यादा दखल की को दूर करने के लिए 7 अक्टूबर को होने वाली GST काउंसिल की बैठक में प्रस्ताव पर चर्चा होगी.

गिरफ्तारी के प्रावधानों को हटाने पर आम सहमति!

रिपोर्ट के मुताबिक, केंद्र और राज्यों के बीच पिछले आठ-नौ महीनों में कई बैठकें हुई हैं. इसमें केंद्र सरकार के शीर्ष स्तर के अधिकारी भी शामिल थे. इन बैठकों का मकसद GST के तहत गिरफ्तारी के प्रावधानों को हटाने पर आम सहमति बनाना था, क्योंकि व्यापारियों और व्यवसायों के लिए ये प्रावधान एक बड़ी बाधा माने जा रहे थे. इस कदम को जरूरी माना जा रहा है क्योंकि हाल के दिनों में GST प्रावधानों के तहत कई बड़े अधिकारियों की गिरफ्तारियां हुई हैं. इसे इंडस्ट्री लीडर्स ने अधिकारियों का हद से ज्यादा दखल बताया था.

चर्चा के बाद होगा बड़ा फैसला

एक सूत्र ने बताया कि GST के तहत जानबूझकर की गई धोखाधड़ी और धोखे के मामलों में अधिकारी कानूनी कार्रवाई करेंगे और गिरफ्तारियां देश के क्रिमिनल कोड, 'भारतीय न्याय संहिता' के तहत की जाएंगी. 

सूत्रों के मुताबिक, 'पिछले आठ-नौ महीनों से बातचीत चल रही थी. इस चर्चा को आगे बढ़ाने के लिए गिरफ्तारियों के बारे में व्यवसायों से मिली प्रतिक्रिया को ध्यान में रखा गया है. GST काउंसिल इस मामले पर चर्चा करेगी और उसके बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा. इसमें बाद GST कानूनों के तहत गिरफ्तारी के प्रावधानों को हटाने के लिए कानूनी बदलाव किए जाएंगे.

जुलाई 2017 में GST लागू होने के बाद से धोखाधड़ी के कई मामले देखने को मिले हैं. इनमें धोखाधड़ी का तरीका मोटे तौर पर एक जैसा ही था. आमतौर पर, ऐसे मामलों में इनपुट टैक्स क्रेडिट का लाभ उठाने के लिए नकली पहचान या 'म्यूल अकाउंट्स' (दूसरे के नाम पर खोले गए खाते) का इस्तेमाल करके धोखाधड़ी वाले GST ट्रांजैक्शन किए जाते हैं या बिना सामान की असल सप्लाई के नकली बिल बनाए जाते हैं. कई सप्लायर अपने तैयार माल की कीमत कम दिखाते हैं और कच्चे माल की खरीद कम दरों पर दिखाते हैं या फिर वे केंद्र और राज्य सरकारों को GST का सही भुगतान किए बिना ही टैक्स लगने वाले सामान और सर्विस सप्लाई करते हैं.

4 साल में GST अपराध के 72,393 मामले, 887 गिरफ्तारियां

2021-22 से 2024-25 के बीच GST से जुड़े अपराधों के 72,393 मामलों में सेंट्रल GST विभागों ने 887 गिरफ्तारियां कीं. सेंट्रल GST एक्ट के तहत नियमों का पालन न करने पर सेक्शन 122 के तहत जुर्माना, सेक्शन 50 के तहत ब्याज और टैक्स की वसूली हो सकती है. लेकिन, टैक्स चोरी के जानबूझकर किए गए उल्लंघन के मामलों में CGST एक्ट के आपराधिक प्रावधानों के तहत गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई हो सकती है.

क्या कहता है कानून?

CGST एक्ट का सेक्शन 69 कमिश्नर की मंजूरी के बाद गिरफ्तारी की शक्ति देता है. सब-सेक्शन (1) में कहा गया है कि अगर कमिश्नर के पास ये मानने का आधार है कि किसी व्यक्ति ने फर्जी इनवॉइस या धोखाधड़ी से इनपुट टैक्स क्रेडिट लेने से जुड़ा कोई अपराध किया है, तो वे आदेश देकर सेंट्रल टैक्स के किसी अधिकारी को उस व्यक्ति को गिरफ्तार करने के लिए अधिकृत कर सकते हैं.

सूत्रों के अनुसार, 7 अक्टूबर को होने वाली GST काउंसिल की 57वीं बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा के बाद केंद्र सरकार संसद के शीतकालीन सत्र में गिरफ्तारी की शक्तियों को हटाने के लिए संशोधन ला सकती है. इंडस्ट्री के जानकारों का कहना है कि गिरफ्तारियां उत्पीड़न का जरिया बन गई हैं. खासकर बैंकिंग और इंश्योरेंस जैसे सर्विस सेक्टर में. अक्सर इनका इस्तेमाल व्यवसायों पर जुर्माना भरने का दबाव बनाने के लिए किया जाता है, ताकि वे लंबी कानूनी लड़ाइयों से बच सकें. एक अधिकारी ने कहा कि गिरफ्तारी की शक्तियों को हटाना टैक्सपेयर के हित में होगा और इससे डर और उत्पीड़न की धारणा खत्म होगी.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Gaurav Singh

Gaurav Singh

जी न्यूज में सीनियर सब-एडिटर हैं और वर्तमान में बिजनेस व फाइनेंशियल न्यूज कवर करते हैं.  देश की राजनीति से लेकर दुनिया के बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों और घटनाओं को कवर कर चुके हैं  पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो UPTU से इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन किया है. उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले गौरव ने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल मीडिया से की और पिछले 6 वर्षों से लगातार इस क्षेत्र में सक्रिय हैं. आप गौरव सिंह से Gaurav.Singh@India.Com पर ईमेल के जरिए सीधे जुड़ सकते हैं. 
Read More