SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

Maruti Suzuki की कारें हुईं महंगी! 3 महीने में दूसरी बार बढ़ाए दाम, आज से लागू हुई नई कीमतें

ये बढ़ोतरी कंपनी के चुनिंदा कार मॉडलों पर लागू होगी. मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड ने 22 नवंबर 2026 से चुनिंदा कार मॉडलों की कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा की है.

Written By Gaurav Singh
Published: Nov 22, 2026, 17:07 IST | Updated: Nov 22, 2026, 17:13 IST
Image Credit: ये बढ़ोतरी कंपनी के चुनिंदा कार मॉडलों पर लागू होगी। Maruti Suzuki
Join

Maruti Suzuki Price Hike: मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड ने कारों की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी का ऐलान किया है. रेगुलेटरी फाइलिंग में कंपनी ने बताया कि कीमतों में अनुमानित वॉल्यूम-वेटेड औसत बढ़ोतरी करीब 0.31% होगी. कंपनी के मुताबिक, लगातार बढ़ते लागत दबाव के चलते यह फैसला लेना पड़ा है. लागत कम करने के तमाम प्रयासों के बावजूद मौजूदा परिस्थितियों में बढ़ी हुई लागत का कुछ हिस्सा ग्राहकों पर डालना जरूरी हो गया है.

कंपनी ने कहा कि वह कीमतों में बढ़ोतरी का असर ग्राहकों पर कम से कम रखने की कोशिश करेगी. यह वृद्धि चुनिंदा मॉडलों पर लागू होगी. हालांकि, मारुति सुजुकी ने अपनी फाइलिंग में यह स्पष्ट नहीं किया है कि किन मॉडलों की कीमतों में कितनी बढ़ोतरी की गई है.

3 महीने में दूसरी बार बढ़ाए कारों के दाम

पिछले तीन महीनों में यह दूसरी बार है, जब मारुति सुजुकी ने अपने चुनिंदा कार मॉडलों की कीमतें बढ़ाने का फैसला किया है. इनपुट कॉस्ट यानी उत्पादन लागत में लगातार हो रही बढ़ोतरी के बीच कंपनी ने सितंबर 2026 में भी कुछ चुनिंदा मॉडलों के दाम 20,000 रुपये तक बढ़ाए थे.

कंपनी ने बताया कि पिछले कुछ महीनों से वह लागत कम करने के लिए लगातार कई उपाय कर रही है, ताकि बढ़ती लागत का असर ग्राहकों पर कम से कम पड़े.

रेगुलेटरी फाइलिंग में कंपनी ने आगे कहा कि महंगाई का दबाव अधिक होने और लागत के मोर्चे पर प्रतिकूल परिस्थितियां बने रहने के कारण बढ़ी हुई लागत का कुछ हिस्सा ग्राहकों पर डालना जरूरी हो गया है. हालांकि, कंपनी यह सुनिश्चित करने की कोशिश करेगी कि कीमतों में बदलाव का असर ग्राहकों पर न्यूनतम रहे.

ये भी पढ़ें : स्पाइसजेट संकट: उड़ानें रद्द पर टिकटों की बुकिंग जारी! एयरपोर्ट पर यात्री परेशान

मारुति सुजुकी की अब तक की सबसे ज्यादा बिक्री

मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड ने अक्टूबर 2026 में कुल 2,76,120 यूनिट्स की बिक्री दर्ज की. यह कंपनी की किसी एक महीने में अब तक की सबसे अधिक बिक्री है. अक्टूबर 2025 में कंपनी ने 2,20,894 यूनिट्स बेची थीं. इस तरह पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले बिक्री में करीब 25% की बढ़ोतरी दर्ज की गई.

कंपनी की घरेलू बिक्री (अन्य OEMs को की गई बिक्री सहित) 2,26,248 यूनिट्स रही, जबकि अक्टूबर 2025 में यह आंकड़ा 1,89,590 यूनिट्स था.

पैसेंजर व्हीकल्स की बिक्री पिछले साल की समान अवधि के 1,76,318 यूनिट्स से बढ़कर 2,12,384 यूनिट्स हो गई. वहीं, यूटिलिटी व्हीकल्स की बिक्री 77,571 यूनिट्स के मुकाबले बढ़कर 97,787 यूनिट्स रही. पैसेंजर कारों की बिक्री भी 85,210 यूनिट्स से बढ़कर 1,00,877 यूनिट्स पर पहुंच गई. इसके अलावा, कंपनी के निर्यात में भी अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिली. अक्टूबर 2025 में 31,304 यूनिट्स के मुकाबले अक्टूबर 2026 में मारुति सुजुकी ने 49,872 यूनिट्स का निर्यात किया.

दूसरी तिमाही में मुनाफा 27% गिरा

मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के मुनाफे में वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) में गिरावट दर्ज की गई. कमोडिटी की बढ़ती लागत और निवेश पर मार्क-टू-मार्केट (MTM) नुकसान का असर कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन पर पड़ा. हालांकि, देश की सबसे बड़ी पैसेंजर कार निर्माता कंपनी ने घरेलू बाजार में मजबूत मांग के दम पर अब तक की सबसे अधिक तिमाही बिक्री दर्ज की.

कंपनी का स्टैंडअलोन ऑपरेशंस से रेवेन्यू वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में सालाना आधार पर 26% बढ़कर 53,340.2 करोड़ रुपये हो गया. पिछले साल की समान तिमाही में यह 42,332.3 करोड़ रुपये था. हालांकि, कंपनी का रेवेन्यू जी बिजनेस के 53,465 करोड़ रुपये के अनुमान से थोड़ा कम रहा.

वहीं, कंपनी का स्टैंडअलोन नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 26.9% गिरकर 2,414.9 करोड़ रुपये रह गया. पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी ने 3,302.8 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था. इस तरह कंपनी का मुनाफा भी जी बिजनेस के 2,832 करोड़ रुपये के अनुमान से कम रहा.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

जी न्यूज में सीनियर सब-एडिटर हैं और वर्तमान में बिजनेस व फाइनेंशियल न्यूज कवर करते हैं.  देश की राजनीति से लेकर दुनिया के बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों और घटनाओं को कवर कर चुके हैं  पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो UPTU से इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन किया है. उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले गौरव ने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल मीडिया से की और पिछले 6 वर्षों से लगातार इस क्षेत्र में सक्रिय हैं. आप गौरव सिंह से Gaurav.Singh@India.Com पर ईमेल के जरिए सीधे जुड़ सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES