माल्टा सरकार और VFS ग्लोबल के बीच बड़ा समझौता, नागरिक सेवाओं और स्किल असेसमेंट का होगा तेजी से विस्तार
VFS ग्लोबल और माल्टा सरकार ने अपनी लगभग दो दशक पुरानी पार्टनरशिप को बढ़ाने के लिए एक ज्वाइंट डिक्लेरेशन ऑफ इंटेंट पर साइन किए हैं.
माल्टा सरकार और VFS ग्लोबल ने नागरिक सेवाओं और स्किल डेवलपमेंट के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए एक ज्वाइंट डिक्लेरेशन ऑफ इंटेंट (JDI) पर साइन किया है. इसकी जानकारी कंपनी ने 8 अक्टूबर को दी है. इस समझौते के तहत माल्टा के विदेश और यूरोपीय मामलों के मंत्रालय (MFEA), देश की आइडेंटिटी मैनेजमेंट एजेंसी ‘आइडेंटिटा’ (Identità) और इंस्टीट्यूट ऑफ टूरिज्म स्टडीज (ITS) को सहयोग के एक विस्तारित फ्रेमवर्क के तहत एक साथ लाया गया है.
इस घोषणापत्र पर माल्टा में वर्ल्ड ट्रैवल एंड टूरिज्म काउंसिल (WTTC) ग्लोबल समिट के दौरान वैलेटा में हस्ताक्षर किए गए. इस पर MFEA की ओर से क्रिस्टोफर कुटाजर, आइडेंटिटा की ओर से कर्नल एड्रिक जहरा, ITS की ओर से पियरे फेनेच और VFS ग्लोबल के संस्थापक और CEO ज़ुबिन करकारिया ने हस्ताक्षर किए हैं.
इस साझेदारी में MFEA के साथ मिलकर विदेशों में रहने वाले माल्टीज नागरिकों के लिए नागरिक और कांसुलर सहायता सेवाएं शामिल होंगी, साथ ही ये ITS के सहयोग से वर्तमान में दी जा रही स्किल असेसमेंट सर्विस का भी विस्तार करेगा. ITS के साथ मौजूदा साझेदारी मुख्य रूप से हॉस्पिटैलिटी और पर्यटन क्षेत्रों में कैंडिडेट के लिए इंटरव्यू की सर्विस देने पर केंद्रित रही है.
VFS ग्लोबल ने कहा कि नए फ्रेम वर्क के तहत, इसका दायरा अन्य क्षेत्रों में भी टैलेंट की जरूरतों को पूरा करने के लिए बढ़ाया जाएगा.
स्किल्ड और वेरिफाइड वर्कफोर्स पर जोर
इस पार्टनरशिप का उद्देश्य माल्टा की बदलती रोजगार जरूरतों को पूरा करने के लिए स्किल्ड और वेरिफाइड वर्कफोर्स उपलब्ध कराना और देश को अंतरराष्ट्रीय शिक्षा के केंद्र के रूप में स्थापित करने के प्रयासों का समर्थन करना भी होगा.. ये समझौता माल्टा सरकार और आइडेंटिटा के साथ VFS ग्लोबल की लंबे समय से चली आ रही साझेदारी को और आगे बढ़ाता है. इसमें वर्तमान में कम समय और लंबे समय तक रहने वाले वीजा के साथ-साथ स्किल असेसमेंट सर्विस भी शामिल हैं.
करकारिया ने कहा, '2008 में शुरू होने के बाद से माल्टा सरकार के साथ हमारी साझेदारी में काफी विकास हुआ है और ये MoU उस यात्रा में एक महत्वपूर्ण नया अध्याय है.' उन्होंने कहा कि विदेशों में माल्टीज नागरिकों के लिए सेवाओं और रणनीतिक क्षेत्रों में स्किल डेवलपमेंट का विस्तार, एक भागीदार के रूप में VFS ग्लोबल पर जताए गए भरोसे को दर्शाता है.
2008 से काम कर रही है VFS ग्लोबल
VFS ग्लोबल 2008 से माल्टा सरकार के साथ काम कर रही है और वर्तमान में 155 समर्पित वीजा आवेदन केंद्रों के माध्यम से 73 देशों में उनकी ओर से वीजा सर्विस देती है. कंपनी ने साफ किया कि वीजा प्रोसेस में उसकी भूमिका सिर्फ एडमिनिस्ट्रेटिव कामों तक ही सीमित है, जैसे कि एप्लीकेशन और डॉक्यूमेंट्स इकट्ठा करना और बायोमेट्रिक्स लेना. वीजा देने या न देने का फैसला पूरी तरह से संबंधित एम्बेसी या 'Identità' का होता है. ये समझौता ऐसे समय में हुआ है जब माल्टा अहम सेक्टरों में लोगों की आवाजाही, नागरिकों को मिलने वाली सेवाओं और वर्कफोर्स की क्षमताओं को मजबूत करना चाहता है.