SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

11 दिन में पलट दी बाजी...Nvidia में वापसी से हुआंग की लगी 3 लाख करोड़ की लॉटरी, खोया हुआ रुतबा वापसी

Nvidia के सीईओ पद पर जेन्सन हुआंग की वापसी वाकई में चौंकाने वाली रही. 11 दिन बाद इस पद पर उनकी वापसी होने से कंपनी के शेयरों में जबरदस्त उछाल देखा गया और उनकी नेटवर्थ करीब 35 अरब डॉलर (3 लाख करोड़) बढ़ गई.

Written By Kriyanshu Saraswat
Published: Nov 24, 2026, 12:09 IST | Updated: Nov 24, 2026, 12:13 IST
Image Credit: (AI) Nvidia से अलग होने के बाद हुआंग की नेटवर्थ 20 नवंबर तक गिरकर 113 अरब डॉलर पर आ गई थी.
Join

तकनीक की दुनिया में कब क्या हो जाए...कब कौन नीचे और कब कौन ऊपर हो जाए, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल होता है. ऐसा ही नजारा पिछले कुछ दिन में देखने को मिला है. कुछ दिन पहले तक दुनिया में एआई की सबसे बड़ी कंपनी Nvidia के को-फाउंडर जेन्सन हुआंग (jensen huang) का दौर खत्म हो गया था. लेकिन अब फिर से उन्होंने वापसी की है. निजी जिंदगी से जुड़े विवादों और आरोपों के बीच उन्होंने कुछ दिन पहले कंपनी सीईओ का पद छोड़ दिया था. इसके बाद उनकी दौलत में तेजी से गिरावट आई थी. लेकिन अब उनकी जिंदगी ने यू-टर्न लिया और उन्होंने कंपनी की जिम्मेदारी संभाल ली है. इसके बाद उनकी संपत्ति में जबरदस्त उछाल देखा गया.

Nvidia के बोर्ड ने जेन्सन हुआंग को दोबारा कंपनी का CEO बनाने का ऐलान किया. इस ऐलान के साथ ही Nvidia के शेयर फिर से चमक उठे. इस फैसले से हुआंग की संपत्ति में एक ही दिन में करीब 35 अरब डॉलर (2.95 लाख करोड़ रुपये) का इजाफा हुआ है. फोर्ब्स की रियल-टाइम बिलेनियर रैंकिंग के अनुसार हुआंग की कुल नेटवर्थ उछलकर करीब 145 अरब डॉलर पर पहुंच गई. हुआंग का कंपनी के सीईओ पद से अलग होना और कुछ ही दिन में वापसी किसी थ्रिलर फिल्म से कम नहीं है. पद छोड़ने के 11 दिन बाद ही 23 नवंबर को Nvidia के बोर्ड की तरफ से अचानक ऐलान किया गया कि कंपनी की कमान फिर से हुआंग के हाथों में होगी.

Nvidia के शेयर 31.5 फीसदी तक उछले

हुआंग को फिर से जिम्मेदारी दिये जाने की खबर का वॉल स्ट्रीट ने जोरदार स्वागत किया और Nvidia के शेयर 31.5 फीसदी तक उछल गए. 2003 के बाद एक दिन में यह Nvidia के शेयरों में सबसे ज्यादा उछाल देखा गया. इसका असर पूरे टेक मार्केट पर दिखाई दिया, इस दौरान नैस्डैक 6 फीसदी से ज्यादा चढ़ गया और S&P 500 में भी अच्छी मजबूती दिखाई दी. हुआंग के पास Nvidia में साढ़े 3 फीसदी की हिस्सेदारी है. इसलिए शेयरों में आई तेजी ने सीधे उनकी पर्सनल नेटवर्थ जबरदस्त तरीके से बढ़ गई.

अफेयर, जासूसी के आरोप और 30% क्रैश... 6 दिन पहले 'ना' कहने वाले बोर्ड को क्यों करना पड़ा सरेंडर? पढ़िए Nvidia के सबसे बड़े यू-टर्न की इनसाइड स्टोरी!

162 अरब डॉलर थी हुआंग की नेटवर्थ

आंकड़ों पर नजर डालें तो एक हफ्ते पहले तक हुआंग की नेटवर्थ 162 अरब डॉलर के ऑल-टाइम हाई पर थी. लेकिन विवाद बढ़ा तो 16 नवंबर को नेटवर्थ गिरकर 135.8 अरब डॉलर पर रह गई. 20 नवंबर तक हुआंग की नेटवर्थ गिरकर 113 अरब डॉलर पर आ गई. इसके बाद वह दुनिया के अमीरों की लिस्ट में खिसककर 18वें नंबर पर आ गए. लेकिन कंपनी में वापसी वाले दिन हुआंग की संपत्ति करीब 31 प्रतिशत उछल गई. इसके साथ ही वह एलन मस्क के बाद उस दिन सबसे ज्यादा कमाई करने वाले दूसरे अरबपति बन गए.

क्या था पूरा अफेयर स्कैंडल?

इस पूरे ड्रामे की शुरुआत उन रिपोर्ट्स के बाद हुई, जिनमें हुआंग की प्राइवेट लाइफ को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए थे. एनवाई टाइम्स की रिपोर्ट में दावा किया गया था कि हुआंग के रिलेशन एक टेक एग्जीक्यूटिव एलिस हुआंग (पारिवारिक रिश्ता नहीं) के साथ थे. उन दोनों के रिलेशन को संदिग्ध बताया गया. कुछ आरोपों में विदेशी खुफिया एजेंसियों से जुड़े तार और अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई गईं. इसके बाद Nvidia की तरफ से खुद स्वतंत्र जांच शुरू की गई. बाद में हुआंग ने कर्मचारियों को भेजे एक मैसेज में अपने अफेयर की बात मानी. इसके बाद कंपनी के अंदर उनके दूसरे संभावित रिलेशन को लेकर भी कयास लगाए जाने लगे. मामला इतना बढ़ा गया कि अमेरिकी सांसदों और रेगुलेटर्स ने भी सवाल उठाने शुरू कर दिये कि क्या CEO की प्राइवेट लाइफ की वजह से अमेरिका की टॉप चिप टेक्नोलॉजी खतरे में पड़ सकती है?

VIDEO: ऑफिस पहुंचते ही Jensen Huang पर प्यार की बारिश! तालियों की गड़गड़ाहट फिर लगाया गले, स्टाफ ने यूं किया वेलकम

बोर्ड का भरोसा और आगे की चुनौतियां

इसके बाद निवेशकों और कई बड़े नेताओं के प्रेशर के बीच Nvidia के बोर्ड ने आम सहमति के आधार पर हुआंग की फिर से नियुक्ति करने का फैसला किया. बोर्ड ने यह भी कहा कि पिछले कुछ हफ्तों के विवादों के दौरान वे हुआंग की ईमानदारी और काबिलियत से संतुष्ट हैं. बताया जा रहा है कि यह फैसला कॉर्पोरेट एडवाइजर्स के साथ-साथ अमेरिकी सरकार के टॉप ब्यूरोक्रेट से सलाह के बाद लिया गया. इस फैसले के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हुआंग की वापसी में अपने प्रभाव का दावा किया. इसके साथ ही एलन मस्क जैसे दिग्गजों की तरफ से खुशी जाहिर की गई. कंपनी में वापसी के साथ ही नेटवर्थ के मामले में वापसी के बावजूद हुआंग के लिए रास्ता पूरी तरह आसान नहीं है.

आपको बता दें Nvidia की तरफ से साफ किया गया है कि बोर्ड की पूरे मामले को लेकर स्वतंत्र जांच जारी है. अमेरिकी कांग्रेस भी राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामले पर नजर बनाए हुए है. 1993 में हुआंग ने जिस कंपनी की शुरुआत ग्राफिक्स चिप बनाने वाली कंपनी के रूप में की थी, वो आज AI और एडवांस्ड कंप्यूटिंग की दुनिया की बादशाह बन गई है. फाइनेंशियल ईयर 2027 की तीसरी तिमाही में Nvidia ने 115.8 अरब डॉलर का रेवेन्यू दर्ज किया. इसमें से 107.6 अरब डॉलर अकेले डेटा सेंटर डिवीजन से ही आए हैं. सालाना बेस पर 103 प्रतिशत की शानदार ग्रोथ से यह सफ है कि Nvidia की कामयाबी और जेन्सन हुआंग की किस्मत एक-दूसरे से जुड़ी है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

क्रियांशु सारस्वत वरिष्ठ बिजनेस जर्नलिस्ट (Business Journalist) हैं, उन्हें डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 साल का अनुभव है. मौजूदा समय में वह Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में बतौर 'असिस्टेंट न्यूज एडिटर' कार्यरत हैं. क्रियांशु को बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, टैक्सेशन, कमोडिटी और सरकारी योजनाओं आदि से जुड़ी खबरों को आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचाने में महारथ हासिल है. Zee News से पहले क्रियांशु ने टाइम्स इंटरनेट, हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण और अमर उजाला की वेबसाइट में अहम संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं. इस दौरान क्रियांशु ने ऑटो, टेक्नोलॉजी और लाइफस्‍टाइल लीड की जिम्मेदारी संभाली है. अभी क्रियांशु बिजनेस लीड हैं. यूपी से ताल्‍लुक रखने वाले क्र‍ियांशु पत्रकार‍िता में पोस्ट ग्रेजुएट हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES