Trump Tariffs: भारत-अमेरिका ट्रेड डील में अभी बाकी है बड़ा पेच! एक्सपर्ट ने बताया क्यों बरकरार है टैरिफ का खतरा
विदेश मामलों के विशेषज्ञ रॉबिंदर सचदेव ने चेतावनी दी है कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील लगभग 99% पूरी होने के दावों के बावजूद भारतीय निर्यात पर अमेरिकी टैरिफ का खतरा अभी टला नहीं है.
US announces new tariffs : डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने भारत, चीन, जापान और यूरोपीय संघ (EU) समेत अपने 14 प्रमुख व्यापारिक साझेदारों पर नए टैरिफ लगाने का प्रस्ताव दिया है. ये कदम अतिरिक्त विनिर्माण क्षमता और औद्योगिक सब्सिडी को लेकर की गई आठ महीने लंबी जांच के बाद उठाया गया है.
अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) ने 25 नवंबर को इन प्रस्तावित शुल्कों की घोषणा की. वाशिंगटन का कहना है कि इनका उद्देश्य उन अनुचित व्यापारिक गतिविधियों पर लगाम लगाना है, जिनके चलते विदेशी निर्माता सस्ते सामान से वैश्विक बाजारों को भर देते हैं और अमेरिकी कंपनियों के लिए प्रतिस्पर्धा मुश्किल हो जाती है.
25% तक टैरिफ दरें लगाने का प्रस्ताव
रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, यूनाइटेड स्टेट्स ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव (USTR) ने भारत, कंबोडिया, इंडोनेशिया, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, ताइवान और थाईलैंड के लिए 25% तक टैरिफ दरें लगाने का प्रस्ताव दिया है.
इसके अलावा, USTR ने बांग्लादेश, यूरोपीय संघ (EU), जापान, स्विट्जरलैंड और सिंगापुर के लिए 20% तक; वियतनाम के लिए 35% तक; और चीन के लिए 40% तक टैरिफ दरें प्रस्तावित की हैं. साथ ही, USTR ने बताया कि कंबोडिया, इंडोनेशिया, मलेशिया, थाईलैंड और बांग्लादेश के लिए टैरिफ दरें अधिकतम 18% तक सीमित रहेंगी. दक्षिण कोरिया, ताइवान, EU, जापान और स्विट्जरलैंड के लिए ये दरें 15% (मोस्ट फेवर्ड नेशन ड्यूटी को छोड़कर) होंगी और चीन के लिए पहले से लागू शुल्कों के ऊपर 20% की अतिरिक्त दर होगी. ब्राजील के लिए प्रस्तावित टैरिफ बदलावों पर 14 जनवरी, 2027 को सुनवाई होगी.
ये भी पढ़ें : ट्रंप का टैरिफ अटैक! चीन पर लगेगी 20% की ड्यूटी, भारत पर कम से कम 17% टैक्स की तैयारी
ट्रंप के टैरिफ से भारत को अभी राहत नहीं!
USTR द्वारा 25% तक टैरिफ लगाने के प्रस्ताव पर विदेश मामलों के विशेषज्ञ रॉबिंदर सचदेव कहते हैं, 'निश्चित रूप से टैरिफ का खतरा अभी भी बना हुआ है. असल में, 'सेक्शन 301' के तहत ऐसे 5-6 मामले हो सकते हैं, जिन पर जांच चल रही है या शुरू होने वाली है. इनमें से पहली जांच 'जबरन श्रम' (forced labour) से जुड़ी थी, जिसके कारण भारत सहित कई देशों पर 10% से 12.5% तक टैरिफ लगाए गए हैं.
3-4 नए मुद्दों पर अमेरिका कर सकता है कार्रवाई
उन्होंने कहा कि अब, दूसरी जांच उस 'अतिरिक्त क्षमता' (excess capacity) या सरकारों द्वारा अपने स्थानीय उद्योगों को दी जाने वाली सब्सिडी के बारे में है, जिससे वे अमेरिकी उत्पादों की तुलना में अधिक प्रतिस्पर्धी बन जाते हैं. यह 'अतिरिक्त क्षमता' वाला टैरिफ भारत, चीन, जापान और यूरोपीय संघ पर भी लागू हो सकता है. इसके अलावा, डिजिटल टैक्स, समुद्री व्यापार और चावल उत्पादों को लेकर भी चर्चाएं और जांच चल रही हैं. यानी कम से कम 3-4 ऐसे अन्य विषय हैं जिन पर जांच चल रही है. इसलिए, मुझे समझ नहीं आता कि अमेरिका-भारत व्यापार समझौता 99% पूरा कैसे हो गया, जबकि अमेरिकी पक्ष की ओर से स्थिति का एक बड़ा हिस्सा अभी भी पूरी तरह से अस्पष्ट है.
सचदेव ने बताया कि ऐसे कम से कम 3-4 और मुद्दे हैं जिन पर आगे चलकर और टैरिफ लगाए जा सकते हैं. इसलिए, जब तक ये टैरिफ लगते रहेंगे या इन पर जांच चलती रहेगी और जब तक यह पूरी स्थिति साफ नहीं हो जाती, तब तक यह कुछ ऐसा है जैसे हम बीजगणित (algebra) का कोई समीकरण हल करने की कोशिश कर रहे हों, जबकि असल सवाल ज्योमेट्री का है.'