मुंबई एयरपोर्ट से नवी मुंबई शिफ्ट होंगी 12 इंटरनेशनल फ्लाइट्स, IndiGo ने बताया क्या है पूरा प्लान?
इस बदलाव से मुंबई एयरपोर्ट पर दबाव कम होगा और इंडिगो को 2027 में एशिया, अफ्रीका और यूरोप के लिए नई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने की जगह मिलेगी.
Indigo Plan : देश की दिग्गज एयरलाइन इंडिगो ने फ्लाइट ऑपरेशन को लेकर बड़ा फैसला लिया है. इंडिगो ने फरवरी 2027 से मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट (CSMIA) से अपनी 12 दैनिक अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शिफ्ट करने की योजना बनाई है. इससे पहले, एयरलाइंस के विरोध के कारण एक व्यापक ट्रांसफर योजना को टाल दिया गया था.
किन 12 शहरों से शुरू होगी सर्विस?
इस चरणबद्ध बदलाव में CSMIA से बहरीन, रियाद, दम्मम, जेद्दा, मदीना, कुवैत, रास अल खैमाह, फुजैराह, मस्कट, ढाका और जकार्ता के लिए मौजूदा सभी उड़ानें शामिल होंगी. एयरलाइन और अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (AAHL) ने एक संयुक्त बयान में कहा कि काठमांडू के लिए एक नई दैनिक सेवा शुरू होने से फरवरी और जुलाई 2027 के बीच नवी मुंबई से इंडिगो के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क में कुल 12 गंतव्य (डेस्टिनेशन) शामिल हो जाएंगे.
अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी देने के लिए कुछ घरेलू उड़ानों को भी शिफ्ट किया जाएगा. कंपनियां घरेलू और अंतरराष्ट्रीय सेवाओं के बीच यात्रियों के आवागमन (ट्रांसफर) की व्यवस्था को अंतिम रूप दे रही हैं. समन्वय पूरा होने और परिचालन संबंधी मंजूरी मिलने के बाद अंतिम तारीखों और शेड्यूल की घोषणा की जाएगी.
ये भी पढ़ें : एक जहाज, हजार केबिन और 9 रेस्टोरेंट! समंदर के बीच चलता-फिरता शहर, क्रूज टूरिज्म को नई उड़ान दे रहा Cordelia Sky
संयुक्त बयान में कहा गया है कि इस बदलाव से CSMIA में जगह खाली होगी. इससे इंडिगो 2027 में एशिया, अफ्रीका और यूरोप के लिए नई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू कर सकेगी. इसके लिए कंपनी अपने बढ़ते हुए A320, A321 और A321XLR विमान बेड़े का उपयोग करेगी. इसमें ये भी बताया गया कि कुछ घरेलू उड़ानों को शिफ्ट करने से टर्मिनल 1 के पुनर्विकास (रीडेवलपमेंट) के लिए जरूरी जगह बनाने में मदद मिलेगी. इसे 2030 तक पूरा किया जाना है.
इससे पहले की ट्रांसफर योजना को टाल दिया गया था
CSMIA का संचालन करने वाली मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (MIAL) ने 25 अक्टूबर से अपनी 770 साप्ताहिक अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में से 265 उड़ानों को नवी मुंबई शिफ्ट करने का प्रस्ताव दिया था, जिससे लगभग 46 एयरलाइंस प्रभावित होतीं. इस बदलाव का उद्देश्य CSMIA पर भीड़ कम करना और टर्मिनल 1 के रीडेवलपमेंट के लिए जगह खाली करना था.
एयरलाइंस ने यात्रियों की सुविधा, शेड्यूल, क्षमता और इस फैसले से पहले की गई बातचीत को लेकर चिंताएं जताई थीं. इसके बाद नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने MIAL से इस बदलाव को टालने और सभी की सहमति से एक नई योजना तैयार करने को कहा था. 13 अक्टूबर को, MIAL ने कहा कि मौजूदा अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का आवंटन 27 मार्च, 2027 को समाप्त होने वाले विंटर शेड्यूल (सर्दियों के शेड्यूल) तक वैसा ही रहेगा. इसमें आगे कहा गया कि बाद में होने वाले बदलावों के लिए संबंधित एयरलाइनों के साथ बातचीत की जाएगी.
ये भी पढ़ें : इंजन और खराब पैसेंजर कोच बेचकर रेलवे को हुई बंपर कमाई, 5000 मीट्रिक टन कबाड़ में क्या-क्या शामिल?
नवी मुंबई में कामकाज दिसंबर 2025 में शुरू हुआ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अक्टूबर 2025 में नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पहले चरण का उद्घाटन किया. इसे लगभग 19,650 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया था. 25 दिसंबर, 2025 को कमर्शियल कामकाज शुरू हुआ. इंडिगो की पहली उड़ान बेंगलुरु से आई और पहली उड़ान हैदराबाद के लिए रवाना हुई. 15 जुलाई, 2026 को अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की शुरुआत हुई, जिसमें एयर इंडिया एक्सप्रेस की सेवा अबू धाबी के लिए शुरू की गई.
हवाई अड्डे के प्लान में चार टर्मिनल और दो समानांतर रनवे शामिल हैं और टर्मिनलों को आपस में जोड़ने के लिए एक 'ऑटोमेटेड पीपल मूवर' (यात्री परिवहन प्रणाली) की व्यवस्था है. इसमें सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल (टिकाऊ विमान ईंधन) के लिए स्टोरेज इंफ्रास्ट्रक्चर भी शामिल है.