Indigo : एविएशन सेक्टर में फ्लाइट के किराये को लेकर हलचल मची हुई है. इसी कड़ी में देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो की फ्लाइट भी 6 अक्टूबर से महंगी हो चुकी है. इंडिगो ने डोमेस्टिक फ्लाइट में 1300 रुपए तक और इंटरनेशनल फ्लाइट में 10 हजार रुपए तक एक्स्ट्रा फ्यूल चार्ज लगाने का ऐलान किया है. नई कीमतें 6 अक्टूबर रात 12:01 बजे से लागू हो चुकी हैं.
ऐसा पहली बार नहीं है जब फ्यूल सरचार्ज में इजाफा किया गया है. इससे पहले इंडिगो ने इस साल 14 मार्च और फिर 1 अप्रैल को किराया बढ़ाया था. एयरलाइन के मुताबिक, ये फैसला एविएशन टर्बाइन फ्यूल यानी जेट फ्यूल महंगा होने की वजह से लिया गया है.
एविएशन कंपनी इंडिगो ने कहा है कि एविएशन टर्बाइन फ्यूल की बढ़ती कीमतों की वजह से एयरलाइन का ऑपरेटिंग खर्च बढ़ गया है. घरेलू उड़ानों के लिए फ्यूल चार्ज तय की गई दूरी के आधार पर ₹375 ($3.89) से लेकर ₹1,300 तक होगा. इंटरनेशनल रूट पर नया चार्ज ₹1,000 से ₹10,000 के बीच होगा.
देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने कहा है कि हाल के महीनों में ATF (हवाई ईंधन) की कीमतें अस्थिर रही हैं. खासकर मिडिल ईस्ट में जियो-पॉलिटिकल मुद्दों के कारण. पिछले महीने के मुकाबले 14% से ज्यादा की बढ़ोतरी के साथ ATF की लागत पिछले दशक के सबसे ऊंचे स्तरों में से एक पर पहुंच गई है.
इंडिगो ने बताया है कि चूंकि एविएशन टर्बाइन फ्यूल, एयरलाइंस की ऑपरेटिंग लागत का एक बड़ा हिस्सा होता है. इसलिए इस बढ़ोतरी से एयरलाइंस की लागत संरचना और नेटवर्क इकोनॉमिक्स पर असर पड़ने की उम्मीद है. इंडिगो ने कहा है कि ATF की लागत में लगातार बढ़ोतरी के कारण उसे अपने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय रूटों पर फ्यूल चार्ज में बदलाव करना पड़ा है.
इस बीच, मिडिल ईस्ट का संघर्ष अब सात महीने से ज्यादा समय से चल रहा है. इससे तेल बाजार में तनाव बना हुआ है. हालांकि, हालिया बढ़ोतरी के बावजूद तेल की कीमतें संघर्ष की शुरुआत में देखे गए $126 प्रति बैरल के स्तर से काफी नीचे बनी हुई हैं. ये बढ़ोतरी तब हुई है जब एयरलाइन ने सितंबर में कई अतिरिक्त सेवाओं के लिए शुल्क बढ़ाए थे. इसमें बच्चे के साथ यात्रा अकेले यात्रा करने वाले नाबालिग और अतिरिक्त सामान शामिल हैं. घरेलू उड़ानों के लिए बच्चे के साथ यात्रा करने का शुल्क ₹2,200 से बढ़ाकर ₹3,000 कर दिया गया है, जबकि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए ये अलग-अलग है.
इंडिगो की वेबसाइट के मुताबिक, अकेले यात्रा करने वाले नाबालिगों के लिए शुल्क घरेलू उड़ानों के लिए ₹5,999 और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए ₹12,999 था. एयरलाइन अपनी फास्ट-फॉरवर्ड सेवा के लिए ₹650 और यात्रा प्रमाण पत्र के लिए ₹300 का शुल्क भी लेती है.
घरेलू उड़ानों के लिए बढ़ोतरी ₹100 से ₹350 के बीच हुई है. ये मुख्य रूप से इस बात पर निर्भर करती है कि आप कितनी दूर की यात्रा कर रहे हैं. 500 किलोमीटर तक की उड़ान के लिए जैसे दिल्ली से जयपुर फ्यूल चार्ज ₹100 से बढ़कर ₹375 हो जाएगा. 500 से 1,000 किलोमीटर के बीच की उड़ान जैसे दिल्ली से अहमदाबाद? तो ये चार्ज ₹400 से बढ़कर ₹600 हो जाएगा.

1,000-1,500 किलोमीटर की दूरी के लिए (उदाहरण के लिए दिल्ली से मुंबई), सरचार्ज ₹600 से बढ़कर ₹900 हो जाएगा और 1,501-2,000 किलोमीटर की यात्रा, जैसे दिल्ली से बेंगलुरु के लिए अब फ्यूल चार्ज ₹800 से बढ़कर ₹1,150 हो जाएगा. 2,000 किलोमीटर से ज्यादा की दूरी के लिए जैसे दिल्ली से तिरुवनंतपुरम चार्ज ₹350 बढ़कर ₹1,300 हो जायेगा.