SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

क्या दुनिया का नया इलेक्ट्रॉनिक्स हब बन रहा भारत? मेड इन इंडिया की दुनिया में बढ़ी धाक, एक्सपोर्ट में 44% की जोरदार ग्रोथ

स्मार्टफोन के साथ-साथ पीसीबी, मेमोरी चिप्स और नेटवर्किंग उपकरणों के निर्यात में तेज उछाल से वैश्विक इलेक्ट्रॉनिक्स हब बनने की भारत की संभावनाएं मजबूत हुई हैं.

Written By Gaurav Singh
Published: Nov 17, 2026, 17:30 IST | Updated: Nov 17, 2026, 17:36 IST
Image Credit: इस वित्त वर्ष के अप्रैल-सितंबर के दौरान देश का कुल इलेक्ट्रॉनिक वस्तुओं का निर्यात 44 प्रतिशत बढ़कर 31.97 अरब डॉलर पर पहुंच गया | AI
Join

भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में मजबूत प्रदर्शन करते हुए नया रिकॉर्ड बनाया है. इस वित्त वर्ष के अप्रैल-सितंबर के दौरान देश का कुल इलेक्ट्रॉनिक वस्तुओं का निर्यात 44 प्रतिशत बढ़कर 31.97 अरब डॉलर पर पहुंच गया. ये पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 22.20 अरब डॉलर था. वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने मंगलवार को एक आधिकारिक बयान में ये जानकारी साझा की है.

वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने बयान में कहा है कि जहां स्मार्टफोन निर्यात भारत की इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात कहानी की सबसे बड़ी ताकत बना हुआ है. वहीं, अन्य इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों में इससे भी तेज ग्रोथ दर्ज की गई है. ये निर्यात टोकरी के व्यापक और विविध बनने का संकेत है.

स्मार्टफोन निर्यात बढ़ा 

आंकड़ों के मुताबिक, स्मार्टफोन निर्यात अप्रैल-सितंबर 2026 के दौरान 35.8 प्रतिशत बढ़कर 18.17 अरब डॉलर हो गया. ये एक साल पहले इसी अवधि में 13.38 अरब डॉलर था. हालांकि, स्मार्टफोन अब भी इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात का सबसे बड़ा हिस्सा बने हुए हैं, लेकिन कुल निर्यात में उनकी हिस्सेदारी घटकर 60.3 प्रतिशत से 56.8 प्रतिशत रह गई, इसका मुख्य कारण अन्य इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों की तेज ग्रोथ है.

नॉन-स्मार्टफोन इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात में 56.5 प्रतिशत की ग्रोथ दर्ज की गई और ये 8.81 अरब डॉलर से बढ़कर 13.79 अरब डॉलर पर पहुंच गया. इसके परिणामस्वरूप कुल इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात में इस श्रेणी की हिस्सेदारी बढ़कर 39.7 प्रतिशत से 43.2 प्रतिशत हो गई है. इससे संकेत मिलता है कि भारत अब केवल स्मार्टफोन निर्माण और निर्यात तक सीमित नहीं है, बल्कि उच्च मूल्य वाले इलेक्ट्रॉनिक घटकों और उपकरणों के निर्यात में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है.

ये भी पढ़ें : नोएल टाटा के विरोध के बीच RBI की दो टूक, कहा-टाटा संस की लिस्टिंग करानी ही पड़ेगी; कंपनी को लिखी चिट्ठी

कहां हुई सबसे ज्यादा ग्रोथ?

सबसे ज्यादा ग्रोथ माउंटेड प्रिंटेड सर्किट बोर्ड (पीसीबी) के निर्यात में देखने को मिली है. इस श्रेणी का निर्यात 63.3 मिलियन डॉलर से बढ़कर 2.10 अरब डॉलर हो गया, ये 3,219 प्रतिशत की रिकॉर्ड ग्रोथ है. इस उत्पाद के लिए सिंगापुर प्रमुख निर्यात गंतव्य रहा, जहां 1.87 अरब डॉलर का निर्यात हुआ. इसी तरह पॉप्युलेटेड या लोडेड प्रिंटेड सर्किट बोर्ड का निर्यात 304 प्रतिशत बढ़कर 864.1 मिलियन डॉलर पहुंच गया, जिसमें चीन सबसे बड़ा बाजार रहा.

नेटवर्क ट्रांसमिशन और रूटिंग उपकरणों का निर्यात हुआ डबल

नेटवर्क ट्रांसमिशन और रूटिंग उपकरणों का निर्यात भी लगभग दोगुना होकर 1.45 अरब डॉलर हो गया. इस क्षेत्र में हांगकांग, अमेरिका और नीदरलैंड प्रमुख गंतव्य रहे. वहीं, मेमोरी इंटीग्रेटेड सर्किट्स का निर्यात 2,333 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 562.4 मिलियन डॉलर पर पहुंच गया, जबकि सॉलिड-स्टेट स्टोरेज डिवाइस का निर्यात 1,680 प्रतिशत बढ़कर 260.5 मिलियन डॉलर हो गया.

किन बाजारों में बढ़ी डिमांड?

बयान के अनुसार, यह प्रदर्शन भारत की इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्षमता में आ रहे बदलाव को दर्शाता है. उत्पादन-आधारित प्रोत्साहन (पीएलआई) योजनाओं, वैश्विक कंपनियों के निवेश और आपूर्ति शृंखला विविधीकरण के प्रयासों का असर अब निर्यात आंकड़ों में स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है. सिंगापुर, चीन, हांगकांग और मलेशिया जैसे बाजारों में बढ़ती मांग भी भारतीय इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग को नई गति दे रही है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

जी न्यूज में सीनियर सब-एडिटर हैं और वर्तमान में बिजनेस व फाइनेंशियल न्यूज कवर करते हैं.  देश की राजनीति से लेकर दुनिया के बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों और घटनाओं को कवर कर चुके हैं  पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो UPTU से इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन किया है. उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले गौरव ने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल मीडिया से की और पिछले 6 वर्षों से लगातार इस क्षेत्र में सक्रिय हैं. आप गौरव सिंह से Gaurav.Singh@India.Com पर ईमेल के जरिए सीधे जुड़ सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES