SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

सर्दियों में कोहरे से नहीं थमेगी ट्रेनों की रफ्तार! रेलवे ने जारी किए नए दिशा-निर्देश, अधिकारियों को अलर्ट रहने का आदेश

सर्दियों में घने कोहरे के बीच ट्रेनों का सुरक्षित संचालन सुनिश्चित करने के लिए भारतीय रेलवे ने फॉग सेफ्टी डिवाइस, ट्रैक पेट्रोलिंग और सिग्नलों की दृश्यता बढ़ाने समेत कई उपायों की तैयारी की है.

Written By Gaurav Singh
Published: Nov 29, 2026, 22:39 IST | Updated: Nov 29, 2026, 22:45 IST
Image Credit: रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के निर्देश पर हुई बैठक में अधिकारियों को रात में निरीक्षण, कर्मचारियों की ट्रेनिंग और सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। AI
Join

सर्दियों का मौसम शुरू होते ही कोहरे के कारण ट्रेनों के परिचालन में होने वाली परेशानियों से निपटने के लिए भारतीय रेलवे ने तैयारियां तेज कर दी हैं. रेलवे ने कोहरे के दौरान ट्रेनों का सुरक्षित और सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए कई अहम सुरक्षा उपायों पर जोर दिया है. इसे लेकर रविवार को रेलवे बोर्ड ने जोनल रेलवे और मंडलों की परिचालन तैयारियों की समीक्षा के लिए उच्चस्तरीय बैठक की.

रेलवे मंत्रालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, बैठक में कोहरे के मौसम में नियमित और प्रभावी ट्रैक पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया. ट्रैक पर तैनात कर्मचारियों को सभी जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने और लोको पायलटों की मदद के लिए फॉग सेफ्टी डिवाइस लगाने के निर्देश दिए गए हैं. इन उपकरणों की मदद से कम दृश्यता की स्थिति में भी ट्रेन चलाने में मदद मिलेगी.

सिग्नल और रेलवे क्रॉसिंग पर बढ़ेगी दृश्यता

बैठक में सिग्नलों पर चूने से निशान लगाने और सिग्मा बोर्ड लगाने जैसे उपायों पर भी चर्चा हुई. इसके अलावा, रेलवे क्रॉसिंग गेटों पर चमकदार पट्टियां लगाने और ट्रेनों के आखिरी डिब्बों पर टेल लैंप तथा 'X' निशान स्पष्ट रूप से दिखाई देने को सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया. इसका उद्देश्य घने कोहरे में रेलवे कर्मचारियों और लोको पायलटों को बेहतर दृश्यता उपलब्ध कराना है.

रेलवे कर्मचारियों को मिलेगी विशेष ट्रेनिंग

कोहरे के दौरान सुरक्षित ट्रेन संचालन के लिए रेलवे कर्मचारियों को पर्याप्त प्रशिक्षण देने की जरूरत भी बताई गई. इसमें उपकरणों के खराब होने की स्थिति में अपनाए जाने वाले निर्देश और संशोधित ऑटोमैटिक सिग्नलिंग प्रक्रिया की जानकारी शामिल है.

बैठक में ट्रेन संचालन और सुरक्षा से जुड़े सभी कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए. इसके साथ ही पैंट्री कारों समेत ट्रेनों में लगे फायर और स्मोक डिटेक्शन सिस्टम की कार्यक्षमता पर नियमित निगरानी रखने को कहा गया.

ये भी पढ़ें : एयर इंडिया एक्सप्रेस का बड़ा ऐलान! 2 दिसंबर से जेद्दा-मंगलुरु के बीच फिर शुरू होंगी उड़ानें, रियाद-दम्माम की फ्लाइट्स पर इस दिन तक रोक

अधिकारियों को रात में निरीक्षण करने के निर्देश

रेलवे अधिकारियों को नियमित रूप से रात में निरीक्षण करने और फुटप्लेट इंस्पेक्शन के जरिए परिचालन की तैयारियों का जायजा लेने को कहा गया है. इस दौरान कर्मचारियों को सुरक्षा से जुड़े जरूरी दिशा-निर्देशों के बारे में भी जागरूक किया जाएगा.

इसके अलावा, कोहरे के कारण ट्रेनों में देरी होने पर परिचालन को सुचारू बनाए रखने के लिए पर्याप्त स्क्रैच रेक उपलब्ध रखने पर जोर दिया गया. जोनल रेलवे के महाप्रबंधकों (GM) और मंडल रेल प्रबंधकों (DRM) को इन सभी उपायों के क्रियान्वयन की नियमित निगरानी करने और हर स्तर पर सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.

रेलवे बोर्ड के चेयरमैन ने की बैठक की अध्यक्षता

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के निर्देश पर आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सतीश कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए की. इसमें रेलवे बोर्ड के सदस्य, जोनल रेलवे के महाप्रबंधक, मंडल रेल प्रबंधक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए.

रेलवे का कहना है कि कोहरे के मौसम में सुरक्षित, भरोसेमंद और बेहतर ट्रेन परिचालन सुनिश्चित करने के लिए कर्मचारियों की तैयारी, दृश्यता बढ़ाने और सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

जी न्यूज में सीनियर सब-एडिटर हैं और वर्तमान में बिजनेस व फाइनेंशियल न्यूज कवर करते हैं.  देश की राजनीति से लेकर दुनिया के बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों और घटनाओं को कवर कर चुके हैं  पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो UPTU से इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन किया है. उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले गौरव ने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल मीडिया से की और पिछले 6 वर्षों से लगातार इस क्षेत्र में सक्रिय हैं. आप गौरव सिंह से Gaurav.Singh@India.Com पर ईमेल के जरिए सीधे जुड़ सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES