App

'मैं जमुई SP बोल रहा हूं...' बेटे की लापरवाही पर पिता को लगाया फोन, SP ने पूछा- जान की चिंता नहीं?

जमुई में वाहन जांच के दौरान एसपी विश्वजीत दयाल ने बिना हेलमेट और लाइसेंस बाइक चला रहे युवक के पिता को फोन किया. उन्होंने बेटे की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाया. पुलिस ने एक बाइक जब्त की और युवाओं व अभिभावकों को यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी.

'मैं जमुई SP बोल रहा हूं...' बेटे की लापरवाही पर पिता को लगाया फोन, SP ने पूछा- जान की चिंता नहीं?
Image Credit: Jamui SP, Vishwajit Dayal

बिहार के जमुई में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने अनूठा तरीका अपनाया. रविवार शाम वाहन जांच के दौरान उन्होंने बिना हेलमेट और ड्राइविंग लाइसेंस के बाइक चला रहे एक युवक को रोका. युवक की लापरवाही देखकर एसपी ने सीधे उसके पिता को फोन लगा दिया. फोन पर अपना परिचय देते हुए उन्होंने पूछा, "मैं जमुई एसपी बोल रहा हूं. क्या आपको अपने बेटे की जान की चिंता नहीं?" एसपी के इस फोन से अभिभावक भी हैरान रह गए.

बिना हेलमेट और ट्रिपल लोडिंग पर रोके गए युवक

दरअसल, जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं और उनमें जा रही लोगों की जान को देखते हुए पुलिस प्रशासन सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर है. इसी के तहत रविवार शाम एसपी विश्वजीत दयाल खुद प्रखंड कार्यालय के समीप वाहन जांच अभियान चलाने पहुंचे.

इस दौरान बिना हेलमेट, बिना ड्राइविंग लाइसेंस और बाइक पर तीन लोगों को बैठाकर चलने वाले युवाओं को रोका गया. एसपी ने उनसे पूछताछ की और यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी. उन्होंने युवाओं को भविष्य में इस तरह की लापरवाही नहीं करने की चेतावनी भी दी.

पिता से बोले- क्या बेटे की जान की चिंता नहीं?

जांच के दौरान एक युवक को लापरवाही से बाइक चलाते देख एसपी ने उसके पिता को फोन किया. उन्होंने फोन पर कहा, "मैं जमुई एसपी बोल रहा हूं. क्या आपको अपने बेटे की जान की चिंता नहीं है? आपका बेटा बिना हेलमेट, बिना लाइसेंस और ट्रिपल लोडिंग कर सड़क पर सफर कर रहा है."

एसपी ने पिता को समझाया कि बच्चों को बाइक देने से पहले यह देखना जरूरी है कि उनके पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस हो. साथ ही, उन्हें हेलमेट पहनकर ही सड़क पर निकलने की हिदायत दें.

जांच के दौरान बाइक जब्त, थाने ले गई पुलिस

वाहन जांच के दौरान एसपी ने एक बाइक जब्त करने का निर्देश भी दिया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस गाड़ी को जब्त किया जा रहा है. इसके बाद टाउन थाना की पुलिस बाइक को अपने साथ थाने ले गई. इस कार्रवाई के जरिए एसपी ने साफ संदेश दिया कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी.

अभिभावकों से भी की अपील

एसपी विश्वजीत दयाल ने वाहन चालकों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनें. वैध ड्राइविंग लाइसेंस और जरूरी कागजात साथ रखें. बाइक पर तय संख्या से ज्यादा लोगों को न बैठाएं.

उन्होंने अभिभावकों से भी कहा कि कम उम्र में बच्चों को बिना लाइसेंस बाइक चलाने की छूट न दें. सड़क पर की गई छोटी-सी लापरवाही पूरे परिवार के लिए भारी पड़ सकती है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ansh Raj

Ansh Raj

अंश राज Zee News में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. रीजनल की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की अक्सर फिराक में रहते हैं. डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना, उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना ही इनका मकसद है. यही अंश राज है.अंश राज से आप ansh.raj@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More