)
न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में भारतीय टीम मुश्किल में है. मैच में तीन दिन हो चुके हैं और बाकी बचे दो दिनों में सीरीज का नतीजा तय हो जाएगा. भारत दूसरे टेस्ट में फिलहाल 243 रन पीछे है. सीरीज में टीम इंडिया के प्रदर्शन को देखते हुए पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने कोच गौतम गंभीर पर दबाव बढ़ने की बात कही है. उनका मानना है कि इस सीरीज के बाद टेस्ट में कोचिंग को लेकर गंभीर की काफी ज्यादा आलोचना होने वाली है.
कार्तिक का कहना है कि अगर भारतीय क्रिकेट में स्प्लिट कोचिंग (अलग-अलग फॉर्मेट के अलग-अलग कोच) की व्यवस्था होती, तो गंभीर पर टेस्ट कोच के रूप में भारी दबाव साफ नजर आता. टीम चयन को लेकर गंभीर की कड़ी आलोचना हो रही है. आलोचनाओं के घेरे में कप्तान शुभमन गिल भी हैं. मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा जैसे अनुभवी खिलाड़ियों को दोनों टेस्ट मैच से बाहर रखने पर गंभीर और गिल सबके निशाने पर हैं.
क्राइस्टचर्च में भारतीय टीम के चयन फैसलों पर विवाद हुआ है. तेज गेंदबाज आकाश दीप सिर में गेंद (कंकशन) के कारण मैच के बाकी हिस्से से बाहर हो गए. आकाश के बाहर होने के बाद भी मोहम्मद सिराज को मैच में नहीं उतारा गया. टीम ने प्रसिद्ध कृष्णा को उतारने का फैसला किया है. टीम मैनेजमेंट के इस फैसले से विवाद और ज्यादा गहरा गया है.
गंभीर पर सिर्फ सिराज और जडेजा को लेकर लिए गए फैसलों ने दबाव बढ़ाने का काम नहीं किया है, बल्कि दो बड़ी सीरीज में क्लीन स्वीप ने भी उन्हें परेशानी में डाला है. टीम इंडिया 2024 में न्यूजीलैंड और 2025 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ घरेलू मैदान पर क्लीन स्वीप हुई थी. कार्तिक ने एक बातचीत में कहा कि भारत में स्प्लिट-कोचिंग को भले ही स्पष्टता न हो, लेकिन टेस्ट में आए इन नतीजों ने गंभीर को दबाव में ला दिया है.
कार्तिक ने गंभीर के कार्यकाल में सीमित ओवरों (व्हाइट-बॉल) के क्रिकेट में मिली सफलता की तारीफ की है. गंभीर की कोचिंग में टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप, चैंपियंस ट्रॉफी और एशिया कप का खिताब जीता है. कार्तिक के मुताबिक, टेस्ट में गंभीर का सफर काफी चुनौतीपूर्ण रहा है और दो क्लीन स्वीप ने उनकी रणनीति पर सवाल खड़े कर दिए हैं. मौजूदा टेस्ट मैच में अगर टीम इंडिया हारती है वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2027 फाइनल में पहुंचने का रास्ता भी काफी कठिन हो जाएगा.