SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

Indian Railways: पहाड़ों को चीरकर तैयार हुई 5.3 KM लंबी सुरंग, सिक्किम तक ट्रेन पहुंचाने में रेलवे को मिली बड़ी कामयाबी

शिवोक-रंगपो न्यू रेलवे लाइन परियोजना की सबसे लंबी 5.3 किलोमीटर की सुरंग की खुदाई पूरी होने के साथ सभी 14 सुरंगों का काम पूरा हो गया है.

Written By Gaurav Singh
Published: Nov 28, 2026, 18:37 IST | Updated: Nov 28, 2026, 18:46 IST
Image Credit: शिवोक-रंगपो रेलवे लाइन शुरू होने के बाद सिक्किम सीधे भारतीय रेलवे नेटवर्क से जुड़ जाएगा। AI
Join

Indian Railways: भारतीय रेलवे ने सिक्किम को रेल नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है, शिवोक-रंगपो न्यू रेलवे लाइन प्रोजेक्ट की सबसे लंबी सुरंग यानी टनल नंबर-10 की खुदाई का काम पूरा हो गया है. इसके साथ ही इस महत्वाकांक्षी परियोजना की सभी 14 सुरंगों की खुदाई पूरी हो गई है. रेलवे के मुताबिक, यह उपलब्धि सिक्किम को देश के रेल नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में एक बड़ा कदम है.

रेलवे ने शनिवार को बताया कि 5.3 किलोमीटर लंबी टनल नंबर-10 की खुदाई पूरी होने के बाद अब परियोजना के अगले चरण का काम आगे बढ़ेगा. इसमें सुरंग की लाइनिंग, रेलवे ट्रैक बिछाना और जरूरी सुरक्षा प्रणालियां स्थापित करना शामिल है.

सिक्किम को मिलेगी पहली रेल कनेक्टिविटी

शिवोक-रंगपो रेलवे लाइन शुरू होने के बाद सिक्किम सीधे भारतीय रेलवे नेटवर्क से जुड़ जाएगा. इससे राज्य के लोगों और यहां आने वाले पर्यटकों को सड़क मार्ग के मुकाबले सुरक्षित, तेज और भरोसेमंद यात्रा का विकल्प मिलेगा. फिलहाल, राष्ट्रीय राजमार्ग-10 (NH-10) सिक्किम को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने वाला एक प्रमुख सड़क मार्ग है. नई रेल लाइन शुरू होने से इस सड़क पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी.

इसके अलावा, रेल कनेक्टिविटी से राज्य में जरूरी सामानों की आवाजाही आसान होगी. स्थानीय कारोबारियों को अपने उत्पाद बड़े बाजारों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी और पर्यटन क्षेत्र को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.

ये भी पढ़ें : रुपये की मजबूती और शेयर बाजार की तेजी से घबराया अमेरिका, क्या भारत की आर्थिक कामयाबी से परेशान हैं ट्रंप?

45 किलोमीटर लंबी है शिवोक-रंगपो रेल परियोजना

शिवोक-रंगपो ब्रॉड गेज न्यू रेलवे लाइन परियोजना की कुल लंबाई 45 किलोमीटर है. ये पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग और कालिम्पोंग जिलों से होते हुए सिक्किम के पाक्योंग जिले तक पहुंचेगी. हिमालय के चुनौतीपूर्ण पहाड़ी और भौगोलिक क्षेत्रों से गुजरने वाली इस रेल लाइन में कुल 14 सुरंगें बनाई गई हैं. ये सुरंगें परियोजना की कुल लंबाई का करीब 86 फीसदी हिस्सा कवर करती हैं. इस परियोजना में 23 पुल भी बनाए जा रहे हैं. रेल लाइन पर शिवोक, रियांग, मेली और रंगपो स्टेशन होंगे. इसके अलावा तीस्ता बाजार में एक अंडरग्राउंड हॉल्ट स्टेशन भी बनाया जाएगा.

दोनों छोर से हुई सबसे लंबी सुरंग की खुदाई

परियोजना की सबसे लंबी 5.3 किलोमीटर की टनल नंबर-10 की खुदाई दोनों छोरों से की गई. इसके अलावा दो एक्सेस टनल के जरिए भी खुदाई का काम किया गया. अब खुदाई के दोनों छोर आपस में जुड़ गए हैं और इस तरह सुरंग का पूरा एक्सकैवेशन कार्य सफलतापूर्वक पूरा हो गया है. रेलवे के मुताबिक, अब सुरंग की लाइनिंग, ट्रैक बिछाने और सुरक्षा से जुड़े जरूरी सिस्टम लगाने का काम किया जाएगा.

न्यू जलपाईगुड़ी-अलीपुरद्वार रेल रूट से जुड़ेगा शिवोक

शिवोक-रंगपो रेल लाइन शिवोक स्टेशन पर मौजूदा न्यू जलपाईगुड़ी-अलीपुरद्वार रेलवे रूट से जुड़ेगी. इससे सिक्किम को देश के राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से सीधा संपर्क मिलेगा. ये परियोजना सिर्फ सिक्किम ही नहीं, बल्कि पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिहाज से अहम मानी जा रही है. रेल लाइन के शुरू होने से स्थानीय लोगों, कारोबारियों और पर्यटकों को फायदा मिलने की उम्मीद है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

जी न्यूज में सीनियर सब-एडिटर हैं और वर्तमान में बिजनेस व फाइनेंशियल न्यूज कवर करते हैं.  देश की राजनीति से लेकर दुनिया के बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों और घटनाओं को कवर कर चुके हैं  पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो UPTU से इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन किया है. उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले गौरव ने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल मीडिया से की और पिछले 6 वर्षों से लगातार इस क्षेत्र में सक्रिय हैं. आप गौरव सिंह से Gaurav.Singh@India.Com पर ईमेल के जरिए सीधे जुड़ सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES