SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

12 साल में बदल गई भारत की तस्वीर, 49.6 करोड़ लोग गरीबी से निकले बाहर, विश्व बैंक ने बताई बड़ी कामयाबी

विश्व बैंक की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में 2011 से 2023 के बीच करीब 49.6 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए और निम्न-मध्यम आय वाली गरीबी दर 57.7% से घटकर 16.1% रह गई है.

Written By Gaurav Singh
Published: Nov 29, 2026, 19:05 IST | Updated: Nov 29, 2026, 19:15 IST
Image Credit: गरीबी रेखाएं 2021 की क्रय शक्ति समता के आधार पर मापी गई हैं। AI
Join

भारत में 2011 से 2023 के बीच अनुमानित 49.6 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए. इस दौरान निम्न-मध्यम आय वाले देशों के लिए निर्धारित गरीबी रेखा से नीचे रहने वाली आबादी का अनुपात हर 10 में करीब छह लोगों से घटकर दो से भी कम रह गया. यह जानकारी एक रिपोर्ट में दी गई है.

जिम्बाब्वे के डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म 'जिम नाउ' पर प्रकाशित एक लेख में विश्व बैंक की अक्टूबर 2026 की 'पॉवर्टी एंड इक्विटी ब्रीफ' रिपोर्ट का हवाला दिया गया है. इसमें भारत को पिछले एक दशक में दुनिया में गरीबी में सबसे तेज गिरावट दर्ज करने वाले देशों में शामिल किया गया है.

गरीबी रेखा में बड़ा सुधार

रिपोर्ट के अनुसार, 2011 से 2023 के बीच भारत की आबादी में प्रतिदिन 4.20 डॉलर की निम्न-मध्यम आय वाली गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले लोगों का अनुपात 57.7 प्रतिशत से घटकर 16.1 प्रतिशत रह गया. वहीं, प्रतिदिन 3 डॉलर की आय के आधार पर मापी जाने वाली अत्यधिक गरीबी की दर 27.1 प्रतिशत से घटकर महज 2.6 प्रतिशत रह गई.

दोनों गरीबी रेखाएं 2021 की क्रय शक्ति समता के आधार पर मापी गई हैं. इसमें अलग-अलग देशों में पैसे की क्रय शक्ति यानी एक ही रकम से खरीदी जा सकने वाली वस्तुओं और सेवाओं के अंतर को ध्यान में रखा जाता है.

हालांकि, गरीबी का आकलन केवल इस आधार पर नहीं किया जाता कि किसी व्यक्ति के पास कितनी आय है. यह इस बात पर भी निर्भर करता है कि किसी परिवार को शिक्षा, बिजली, स्वच्छ पानी, साफ-सफाई और सम्मानजनक जीवन के लिए जरूरी अन्य सुविधाएं उपलब्ध हैं या नहीं.
रिपोर्ट में कहा गया है कि ऑक्सफोर्ड पॉवर्टी एंड ह्यूमन डेवलपमेंट इनिशिएटिव के बहुआयामी गरीबी सूचकांक के अनुसार, भारत में बहुआयामी गरीबी 2005-06 में 53.8 प्रतिशत थी, जो 2019-21 में घटकर 16.4 प्रतिशत रह गई.

वहीं, विश्व बैंक ने अपने अलग आकलन के आधार पर 2022-23 में भारत की बहुआयामी गरीबी दर 15.5 प्रतिशत दर्ज की. हालांकि, ये आंकड़े अलग-अलग समयावधि और अलग-अलग तरीकों से जुटाए गए हैं, लेकिन सभी लोगों के जीवन स्तर में बड़े सुधार की ओर संकेत करते हैं.

ये भी पढ़ें : टाटा संस की बोर्ड मीटिंग कल, IPO से लेकर चंद्रशेखरन की कुर्सी तक; इन 3 फैसलों पर टिकी निगाहें

रिपोर्ट के अनुसार, 2022 तक भारत में हर 100 में से 99 लोगों को बिजली की सुविधा उपलब्ध थी. किसी परिवार के लिए बिजली का मतलब है कि बच्चे सूर्यास्त के बाद भी पढ़ाई कर सकते हैं, खाने-पीने की चीजों को रेफ्रिजरेटर में सुरक्षित रखा जा सकता है और छोटे कारोबार अपने कामकाज के घंटे बढ़ा सकते हैं.

ग्रामीण-शहरी दोनों क्षेत्रों के परिवारों के जीवन स्तर में हुआ बड़ा बदलाव

महत्वपूर्ण बात यह है कि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के परिवारों के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार हुआ है. ग्रामीण भारत में तेजी से हुई प्रगति ने दोनों क्षेत्रों के बीच के अंतर को कम करने में मदद की है. भारत का अनुभव दिखाता है कि आर्थिक विकास का वास्तविक महत्व तभी है, जब उसका लाभ आम नागरिकों के दैनिक जीवन में सुधार के रूप में दिखाई दे.

हालांकि, रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि बुनियादी सुविधाओं के मामले में अभी कई चुनौतियां बनी हुई हैं. वर्ष 2022 में भारत के लगभग हर 10 में से तीन लोगों को सीमित सेवा मानकों के अनुरूप स्वच्छता सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं, जबकि 6.4 प्रतिशत आबादी को इन मानकों के अनुरूप पेयजल की सुविधा नहीं मिल रही थी.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

जी न्यूज में सीनियर सब-एडिटर हैं और वर्तमान में बिजनेस व फाइनेंशियल न्यूज कवर करते हैं.  देश की राजनीति से लेकर दुनिया के बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों और घटनाओं को कवर कर चुके हैं  पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो UPTU से इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन किया है. उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले गौरव ने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल मीडिया से की और पिछले 6 वर्षों से लगातार इस क्षेत्र में सक्रिय हैं. आप गौरव सिंह से Gaurav.Singh@India.Com पर ईमेल के जरिए सीधे जुड़ सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES