MS Dhoni Net Worth: क्रिकेट से स्टार्टअप तक...धोनी ने कैसे बनाया 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा का बिजनेस एम्पायर, जानें कहां-कहां लगाया है पैसा?
कई मीडिया रिपोर्ट्स और प्लेटफॉर्म्स के मुताबिक, धोनी की कुल नेटवर्थ 1,060 करोड़ से 1,200 करोड़ रुपये के बीच आंकी गई है. हालांकि, उनकी वास्तविक निजी संपत्ति को लेकर कोई आधिकारिक ऑडिटेड स्टेटमेंट सार्वजनिक रूप से उपलब्ध नहीं है.
MS Dhoni Business Empire: टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने IPL से संन्यास ले लिया है. वे साल 2020 में इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह चुके थे, लेकिन उनकी कमाई का सिलसिला आज भी जारी है. ब्रांड एंडोर्समेंट, स्टार्टअप निवेश और बिजनेस वेंचर्स के जरिए उन्होंने 1,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति का साम्राज्य खड़ा किया है. आइए जानते हैं कि धोनी की कमाई के बड़े सोर्स क्या हैं और उन्होंने किन कंपनियों में निवेश किया है?
भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तानों में शुमार महेंद्र सिंह धोनी सिर्फ मैदान पर ही नहीं, बल्कि बिजनेस की दुनिया में भी अपनी अलग पहचान बना चुके हैं. इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने के करीब छह साल बाद भी उनकी ब्रांड वैल्यू और कमाई का सिलसिला बरकरार है. कई मीडिया रिपोर्ट्स और प्लेटफॉर्म्स के मुताबिक, धोनी की कुल नेटवर्थ 1,060 करोड़ से 1,200 करोड़ रुपये के बीच आंकी गई है.
धोनी की ये कारोबारी सफलता सिर्फ क्रिकेट से होने वाली कमाई तक सीमित नहीं है. IPL की सैलरी, विज्ञापन, स्टार्टअप में निवेश और अलग-अलग बिजनेस वेंचर्स ने उनकी संपत्ति बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है.
IPL से हुई 190 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई
महेंद्र सिंह धोनी की कमाई का एक बड़ा हिस्सा इंडियन प्रीमियर लीग से आया है. वो 2008 में आईपीएल की शुरुआत से ही चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का हिस्सा रहे हैं. हालांकि, फ्रेंचाइजी पर प्रतिबंध लगने के कारण उन्हें दो सीजन दूसरी टीम के लिए खेलने पड़े थे.
आईपीएल में धोनी की सैलरी अलग-अलग सीजन में बढ़ती रही. कुछ सीजन में उनकी सैलरी 15 करोड़ रुपये तक पहुंच गई थी. वहीं, 2022 से 2024 के बीच उन्हें 12 करोड़ रुपये में रिटेन किया गया था.
आईपीएल 2025 के लिए चेन्नई सुपर किंग्स ने उन्हें 4 करोड़ रुपये में रिटेन किया. इसकी वजह ये थी कि आईपीएल के नियमों के तहत वो अनकैप्ड खिलाड़ी के रूप में रिटेन होने के योग्य हो गए थे.
धोनी की आईपीएल से अब तक की कुल कमाई 190 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जाती है. आईपीएल 2025 की नीलामी से जुड़े आंकड़ों के मुताबिक, ये रकम करीब 196.65 करोड़ रुपये है. अलग-अलग डेटाबेस में बोनस और कॉन्ट्रैक्ट की गणना के तरीके के कारण इस रकम में थोड़ा अंतर देखने को मिलता है. खास बात यह है कि इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास के बाद भी आईपीएल धोनी के लिए कमाई का एक बड़ा जरिया बना हुआ था.
विज्ञापनों से भी करोड़ों की कमाई, ब्रांड वैल्यू बरकरार
धोनी की कमाई का दूसरा बड़ा सोर्स ब्रांड एंडोर्समेंट यानी विज्ञापन हैं. इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट के बावजूद कंपनियों के बीच उनकी लोकप्रियता कम नहीं हुई है. उनकी शांत छवि, नेतृत्व क्षमता और करोड़ों प्रशंसकों के बीच लोकप्रियता उन्हें ब्रांड्स के लिए आकर्षक चेहरा बनाती है.
अगस्त 2026 में सामने आई Kroll की सेलिब्रिटी ब्रांड वैल्यूएशन रिपोर्ट 2025 के मुताबिक, धोनी की सेलिब्रिटी ब्रांड वैल्यू 115.3 मिलियन डॉलर आंकी गई है. इस आंकड़े के साथ वह भारत की सबसे मूल्यवान सेलिब्रिटी ब्रांड्स में शामिल हैं. ये दिखाता है कि क्रिकेट से दूरी बनाने के बावजूद विज्ञापन और ब्रांड पार्टनरशिप के मामले में धोनी की व्यावसायिक ताकत कायम है.
ये भी पढ़ें : धोनी ने लिया संन्यास: अब आईपीएल में नहीं खेलेंगे 5 बार के चैंपियन कप्तान, चेन्नई सुपरकिंग्स के बने मेंटर
स्टार्टअप में भी लगाया पैसा, कई सेक्टर में फैला निवेश
धोनी ने अपनी कमाई को सिर्फ क्रिकेट और विज्ञापनों तक सीमित नहीं रखा. उन्होंने अलग-अलग स्टार्टअप और उभरते कारोबारों में भी निवेश किया है. इकोनॉमिक टाइम्स की ट्रैक्शन के आंकड़ों पर आधारित रिपोर्ट के मुताबिक, धोनी के निवेश पोर्टफोलियो में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, फिनटेक, ड्रोन टेक्नोलॉजी, अल्टरनेटिव प्रोटीन और स्पोर्ट्स टेक्नोलॉजी जैसे सेक्टर की कंपनियां शामिल हैं.
उनके निवेश वाली कंपनियों में ये नाम शामिल बताए जाते हैं:
- BluSmart
- Khatabook
- CARS24
- Garuda Aerospace
- Centricity
- Rigi
- EMotorad
- Shaka Harry
- 7Ink Brews
- Tagda Raho
- Run Adam
इन निवेशों से साफ है कि धोनी ने अपने कारोबारी हितों को कई अलग-अलग क्षेत्रों में फैलाया है. इससे उनकी कमाई के लिए क्रिकेट पर निर्भरता भी कम हुई है.
Garuda Aerospace में बड़ा निवेश, कंपनी IPO की तैयारी में
धोनी के सबसे चर्चित स्टार्टअप निवेशों में से एक गरुड़ एयरोस्पेस है. ये चेन्नई की ड्रोन टेक्नोलॉजी कंपनी है. इकोनॉमिक टाइम्स की अक्टूबर 2024 की रिपोर्ट के मुताबिक, धोनी ने इस कंपनी में अतिरिक्त 4 करोड़ रुपये का निवेश किया था. इसके बाद कंपनी में उनकी हिस्सेदारी बढ़कर 1.1 प्रतिशत हो गई थी.
इसके बाद गरुड़ एयरोस्पेस ने सीरीज-B फंडिंग के तहत 100 करोड़ रुपये जुटाए. इस फंडिंग के दौरान कंपनी का वैल्यूएशन करीब 250 मिलियन डॉलर बताया गया था. हालांकि, धोनी की मौजूदा हिस्सेदारी और बाद के निवेश के कारण हुए डाइल्यूशन की पूरी जानकारी सार्वजनिक नहीं है. ऐसे में उनकी हिस्सेदारी की मौजूदा कीमत का सटीक आकलन करना संभव नहीं है.
कंपनी के कारोबार में भी विस्तार देखने को मिला है. अप्रैल 2026 में टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, गरुड़ एयरोस्पेस ने IPO के लिए गोपनीय तरीके से दस्तावेज दाखिल किए थे. प्रस्तावित IPO के जरिए कंपनी करीब 1,000 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना सकती है. इसमें 750 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू शामिल होने की बात कही गई थी.
कंपनी ने वित्त वर्ष 2025 में 118 करोड़ रुपये का रेवेन्यू और 17.5 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था. यह आंकड़े धोनी के निवेश वाले इस कारोबार की ग्रोथ को भी दिखाते हैं.
क्रिकेट से आगे बढ़कर कई बिजनेस में बनाई पहचान
महेंद्र सिंह धोनी की आर्थिक सफलता की खास बात ये है कि उनकी कमाई अब सिर्फ क्रिकेट के मैदान तक सीमित नहीं है. IPL से मिलने वाली सैलरी, विज्ञापनों से होने वाली कमाई, स्टार्टअप में हिस्सेदारी और दूसरे कारोबारी निवेश उनके वेल्थ पोर्टफोलियो का हिस्सा हैं. स्टार्टअप में निवेश की खासियत ये है कि कंपनियों के कारोबार में विस्तार होने पर उनमें लगाई गई इक्विटी की वैल्यू भी बढ़ सकती है यानी किसी खिलाड़ी की कमाई उसके खेल करियर के खत्म होने के बाद भी बढ़ने की संभावना बनी रहती है.