)
EPFO New Rule : कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने निकासी नियमों में बड़े बदलावों की घोषणा की है. EPFO बोर्ड ने पूरी PF राशि निकालने के लिए जरूरी '12 महीने तक बेरोजगार रहने' की शर्त को हटाने की मंजूरी दे दी है. नए नियमों के तहत, जो कर्मचारी अपनी नौकरी छोड़ देते हैं या जिनकी नौकरी चली जाती है, वे बेरोजगार होने के दो महीने बाद ही अपने PF के पूर्ण और अंतिम निपटान (full and final settlement) के लिए आवेदन कर सकेंगे.
बोर्ड ने रिटायर होने वाले कर्मचारियों के लिए 'सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान' (SWP) को भी मंजूरी दी है. एक बार लागू होने के बाद, इस सुविधा से रिटायर होने वाले कर्मचारी अपनी PF बचत को एक बार में पूरा निकालने के बजाय, नियमित किश्तों में निकाल सकेंगे.
EPFO एक नया विकल्प लाने की योजना बना रहा है. इससे रिटायर होने वाले कर्मचारी अपनी प्रोविडेंट फंड (PF) की बचत को एकमुश्त निकालने के बजाय मासिक किश्तों में निकाल सकेंगे.
EPFO बोर्ड ने 'सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान' (SWP) को मंजूरी दी है. इसके तहत रिटायर होने वाले सदस्य अपने PF बैलेंस से हर महीने एक निश्चित राशि प्राप्त कर सकेंगे. ये सर्विस पेंशनभोगियों को अपने नियमित खर्चों को प्रबंधित करने में मदद कर सकती है, जबकि उनकी बाकी बचत उनके PF खाते में सुरक्षित रहेगी. SWP सुविधा को लागू करने के लिए EPFO अपनी EPF योजना में जरूरी बदलाव करेगा. निकासी का ये नया विकल्प अगले दो महीनों के भीतर लागू होने की उम्मीद है.
EPFO ने उन कर्मचारियों के लिए नियमों में एक महत्वपूर्ण बदलाव की घोषणा की है जो अपनी नौकरी छोड़ देते हैं या बेरोजगार हो जाते हैं. नए फैसले के तहत EPFO सदस्य अब 12 महीने तक इंतजार करने के बजाय दो महीने तक बेरोजगार रहने के बाद अपना पूरा प्रोविडेंट फंड (PF) बैलेंस निकाल सकेंगे. ये कदम EPFO बोर्ड द्वारा अक्टूबर 2025 में लागू किए गए निकासी नियमों को वापस लेने के फैसले के बाद उठाया गया है.
उन नियमों के अनुसार, कर्मचारी नौकरी छोड़ने के तुरंत बाद अपने PF बैलेंस का 75 प्रतिशत हिस्सा निकाल सकते थे. बाकी 25 प्रतिशत हिस्सा केवल 12 महीने तक बेरोजगार रहने के बाद ही निकाला जा सकता था.
बोर्ड ने अब इस शर्त को हटाने और पूरे PF सेटलमेंट के लिए पहले वाली दो महीने की प्रतीक्षा अवधि (waiting period) को फिर से लागू करने का फैसला किया है.
पैसे निकालने से जुड़े फैसलों के अलावा EPFO के सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज ने निवेश से जुड़े एक बदलाव को भी मंजूरी दी है. इस फैसले के तहत EPFO की सालाना आय का 3 प्रतिशत तक हिस्सा 'अल्टरनेटिव इन्वेस्टमेंट फंड्स' और स्टार्टअप्स में निवेश किया जा सकता है. इससे संगठन को अपने मौजूदा निवेश विकल्पों के अलावा, निवेश के नए मौके तलाशने में मदद मिलेगी.
उम्मीद है कि इन फैसलों से EPFO के लाखों मेंबर्स को फायदा होगा. जिन कर्मचारियों की नौकरी चली जाती है. उनके पास अब एक साल तक इंतजार करने के बजाय, दो महीने बाद ही अपना पूरा PF बैलेंस निकालने का विकल्प होगा. वहीं, रिटायर हो चुके कर्मचारियों को अपनी रिटायरमेंट की बचत निकालने के लिए एक और तरीका मिल सकता है- प्रस्तावित SWP सर्विस के जरिए वे नियमित रूप से पैसे निकाल सकेंगे.
हालांकि, SWP विकल्प को लागू करने के लिए EPF स्कीम में कुछ बदलाव करने होंगे. इस फैसलों का मकसद EPFO मेंबर्स को ये सुविधा देना है कि वे बेरोजगारी और रिटायरमेंट के दौरान अपनी बचत को ज्यादा आसानी से निकाल सकें और उसे मैनेज कर सकें.