App

अमेरिका के खेल से चारों खाने चित हुआ सोना, ₹50000 गिरे दाम, चांदी ₹2.25 लाख सस्ती...खरीदारी का मौका या फिर बड़ा खतरा?

सोना अपने ऑल टाइम हाई से 50 हजार रुपये गिर चुका है. चांदी की कीमत 2.25 लाख रुपये तक सस्ती हो चुकी है. अब सवाल कि क्या सोना और सस्ता होगा? किस कीमत पर सोना खरीदना सही है? गोल्ड के रेट में इतनी गिरावट क्यों आ रही है?

अमेरिका के खेल से चारों खाने चित हुआ सोना, ₹50000 गिरे दाम, चांदी ₹2.25 लाख सस्ती...खरीदारी का मौका या फिर बड़ा खतरा?
Image Credit: gold rate crash reason

Gold Rate Crash: शादियों का सीजन है, सोने-चांदी की खरीदारी बढ़ रही है, ज्वैलर्स की दुकानों में भीड़ बढ़ रही है. बावजूद इसके सोना-चांदी दोनों क्रैश हो रहे हैं. बहुत कम ऐसा होता है, जब वेडिंग सीजन में सोना सस्ता होता है. सोना अपने ऑल टाइम हाई (1.76 लाख) से करीब 50 हजार सस्ता हो चुका है, जबकि चांदी में 2.25 लाख रुपये से अधिक की गिरावट आ चुकी है. ये गिरावट खरीदारी का सही मौका है या किसी बड़े खतरे का संकेत? क्या सोना-चांदी और गिरेगा या फिर तेजी लौटेगी?  

क्या सोना और सस्ता होगा? क्या ये सोना खरीदने का सही वक्त है? अचानक सोने में इतनी बड़ी गिरावट क्यों आ रही है? क्या सोना भी अब सुरक्षित निवेश नहीं रहा है? सोने-चांदी की कीमत में जिस तरह की उठापटक जारी है, उसे देखकर सोने-चांदी के जेवरात खरीदने वालों के चेहरे खिले हुए हैं, तो गोल्ड-सिल्वर में निवेश करने वाले माथा पीट रहे हैं.  

सोने-चांदी की कीमत में सबसे बड़ी गिरावट

इंटरनेशनल मार्केट में सोने-चांदी की कीमत में गिरावट नहीं थम रही.  जनवरी 2026 में जो सोना इंटरनेशनल मार्केट में 5100 डॉलर प्रति औंस के पार चला गया था. घरेलू बाजार में जिस सोने की कीमत 1.76 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच चुकी थी. दावा किया जा रहा था कि सोना जल्द ही 2 लाख रुपये के पार चला जाएगा, लेकिन ये जितनी तेजी से चढ़ा, उतनी ही तेज रफ्तार से गिरकर 1.29 लाख रुपये से नीचे उतर गया. वहीं ग्लोबल मार्केट में सोना गिरकर 3,731 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया है. कल 18 नवंबर को इसकी कीमत 3,693.60 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच चुकी है, जो 52 हफ्तों का लोअर लेवल था.  

सोने से बुरा हाल चांदी का  

जनवरी से लेकर अब तक सोना 50000 रुपये प्रति 10 ग्राम तक सस्ता हो चुका है. चांदी का तो और बुरा हाल है. जनवरी में 3.86 लाख रुपये किलो के रेट को छूने के बाद चांदी की कीमत 1.61 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया. इंटरनेशनल मार्केट की बात करें, तो  चांदी का भाव करीब 45.8 डॉलर से फिसलकर 44.7 डॉलर प्रति औंस  पर आ गया है.

आज क्या है सोने-चांदी का ताजा रेट  

इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट पर जारी रेटलिस्ट के मुताबिक 24 कैरेट से लेकर 14 कैरेट शुद्धता वाले सोने की कीमत कुछ इस तरह से हैं.

  • 24 कैरेट शुद्धता वाले सोने की आज की कीमत 1,29,985 रुपये प्रति 10 ग्राम.
  • 22 कैरेट शुद्धता वाले सोने की कीमत 1,19,066 रुपये प्रति 10 ग्राम.  
  • 18 कैरेट शुद्धता वाले सोने की कीमत 97489 रुपये प्रति 10 ग्राम.
  • 14 कैरेट शुद्धता वाले सोने की कीमत 76041 रुपये प्रति 10 ग्राम
  • 1 किलो चांदी की कीमत 1,61,575 रुपये पर है.  


सोने-चांदी में क्यों आ रही है इतनी गिरावट

सोने-चांदी की कीमत में गिरावट की बड़ी वजह अमेरिका में ब्याज दर को लेकर जारी उछल-पुथल है. कल देर रात  अमेरिकी सेंट्रल बैंक (FOMC) के मिनट्स जारी किए गए. अमेरिका में महंगाई के आंकड़ों ने फेडरल रिजर्व की टेंशन बढ़ा दी है. अमेरिकी डेटा के दबाव का असर भारत समेत दुनियाभर के बाजार पर पड़ा है. अमेरिकी फेडरल रिजर्व ने आने वाले दिनों में ब्याज दर में और बढ़ोतरी के संकेत दिए हैं. जानकारों की माने, तो दिसंबर में होने वाली मीटिंग में सेंट्रल बैंक ब्याज दर में आधा फीसदी की बढ़ोतरी कर सकता है. साल 2027 में भी ब्याज दर में बढ़ोतरी की जा सकती है. ऐसे में बढ़ते ब्याज दर की आशंका के चलते निवेशकों का आकर्षण सोने के बजाए बॉन्ड की ओर बढ़ रहा है. चूंकि सोने पर कोई ब्याज नहीं मिलता, ऐसे में निवेशक गोल्ड के बजाए बॉन्ड में पैसा लगाते हैं.

डॉलर का खेल, सोना फेल

दूसरी वजह अमेरिकी डॉलर की बढ़ती ताकत हैं .  सोने और चांदी की गिरावट की दूसरी सबसे बड़ी वजह अमेरिकी डॉलर में लौटी तेजी है. इंटरनेशनल मार्केट में सोने-चांदी का भाव डॉलर में तय होता है. डॉलर जितना मजबूत होगा, दूसरी करेंसी में उसकी खरीदारी उतनी ही महंगी होती चली जाएगी. ऐसे में खरीदार सोने से दूर होने लगते हैं. खासकर बड़े खरीदारी, जैसे कि सेंट्रल बैंक्स. मांग कम होने से सोने के दाम गिरने लगते हैं. 

कब थमेगी सोने-चांदी की गिरावट  ? 

बैंक ऑफ अमेरिका ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि मजबूत अमेरिकी डॉलर, कच्चे तेल के दाम में उठा पटक और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरें बढ़ाने के डर ने सोने के दाम क्रैश किए हैं.ऐसे में हर खरीदार, हर निवेशक के मन में यही सवाल है कि आखिर सोना कितना गिरेगा, कब तक गिरेगा? अधिकांश मार्केट एक्सपर्ट और कमोडिटी के जानकार यही मानते हैं कि शॉर्ट टर्म में सोना कमजोर दिख रहा है. सोने में आने वाले दिनों में 4-5 फीसदी की और गिरावट देखी जा सकती है. हालांकि, लॉन्ग टर्म में सोना सुरक्षित निवेश साबित हो सकता है.  

सोने-चांदी में कब-कब आई बड़ी गिरावट  ? 

  • 1980 से लेकर साल 2026 के बीच 11 बार सोने के दाम में 25% से अधिक की गिरावट आई, 4 बार सोना 40% से अधिक क्रैश हुआ.  
  • नवंबर 2026 में सोना 31.5% से अधिक क्रैश हो चुका है. जनवरी 2026 में 5,599 डॉलर प्रति औंस पर पहुंचा सोना गिरकर 3,733 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच चुका है.  साल 2011 के बाद ये सोने में सबसे बड़ी गिरावट है.  
  • चांदी की बात करें, तो साल 1980 के बाद 7 बार चांदी में 50% से अधिक का क्रैश आया. 6 बार 60% से अधिक दाम गिरे.  
  • चांदी में सबसे बड़ी तेजी दिसंबर 2025 में 791% की आई थी, जब सिल्वर के रेट 121.65 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गए थे.  
  • 29 जनवरी 2026 को चांदी इस साल के हाई पर थी, जो अब 61.7% तक गिर चुकी है. साल 2011 के बाद से ये चांदी की सबसे बड़ी गिरावट है.


सोने-चांदी में गिरावट, मौका या बड़ा खतरा-एक्सपर्ट क्या बोले

अर्थशास्त्री, मार्केट एक्सपर्ट डॉ . शरद कोहली कहते हैं कि...

क्रैश नया नहीं है, लेकिन जो निवेशक लॉन्ग टर्म में निवेश कर रहे हैं, उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है. अधिकतम समय ये देखा गया है कि लॉन्ग टर्म में सोना निगेटिव रिटर्न नहीं देता. जो लोग 3 से 5 साल या 7 साल निवेश रखने वाले का मन बना रहे हैं, उन्हें इस क्रैश से घबराना नहीं चाहिए. ये पैसा लगाने का मौका बन सकता है.  

सोने में तेजी लौटने के 3 बड़े फैक्टर्स

डॉ. शरद कोहली कहते हैं, जिस तरह से दुनियाभर के देशों पर फिस्कल डेफिसिट बढ़ रहा है. अमेरिका का राजकोषीय घाटा (Fiscal Deficit) वित्तीय वर्ष 2026 में बढ़कर 1.99 ट्रिलियन डॉलर पर पहुंच चुका है. ये घाटा करेंसी डिफिसेट करती है, करेंसी की परचेंजिंग पावर गिरती है और सोने के दाम बढ़ते हैं.  

दुनियाभर के देशों में मॉनेटरी रिस्क (Monetary Risk) बढ़ रहा है. दुनिया पर कर्ज का बोझ 315 ट्रिलियन डॉलर पर पहुंच चुका है. बढ़ता कर्ज और कर्ज चुकाने में हुई चूक , ग्लोबल आर्थिक संकट पैदा कर सकती है. दुनिया पर साल 2008 से भी बड़ा आर्थिक संकट आ सकता है. ऐसे में सोने की कीमतों को सपोर्ट मिलता है.  

जिस तरह से दुनियाभर के सेंट्रल बैंक सोने की खरीदारी कर रहे हैं. सोने के दाम में भारी तेजी लौटने की उम्मीद है. चीन, पोलैंड जैसे देश के केंद्रीय बैंक बढ़-चढ़ कर सोने की खरीदारी कर रहे हैं, जो सोने को सपोर्ट करेगा और लॉन्ग टर्म में सोना बेहतर रिटर्न दे सकता है.खरीदारी को लेकर शरद कोहली की सलाह है कि आप थोड़ा-थोड़ा कर निवेश करें.


डिस्क्लेमर- Zee News आपको सोने-चांदी में निवेश की सलाह नहीं देता है. निवेश से पहले आप अपने वित्तीय सलाहकार से निवेश की सलाह जरूर लें.  

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Bavita Jha

Bavita Jha

बवीता झा बिजनेस पत्रकार हैं, उन्हें डिजिटल और टीवी न्यूज़ मीडिया में 15 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News Hindi (Digital) में बतौर चीफ सब-एडिटर कार्यरत हैं. व्यापार जगत की जटिलताओं और आर्थिक आंकड़ों को आम पाठकों के लिए सरल भाषा में डिकोड करना उनका मजबूत पक्ष है.  • शेयर बाजार • बिजनेस एक्सप्लेनर • पर्सनल फाइनेंस और टैक्सेशन  • कमोडिटी, गोल्ड-सिल्वर ट्रेड• ग्लोबल ट्रेड • जियो इकोनॉमिकस डेवलपमेंट • कारोबार से जुड़ी सरकारी योजना और पॉलिटी • बिजनेस और मार्केट ट्रेंडZee News से पहले बवीता ने नवभारत टाइम्स (NBT) के बिजनेस सेक्शन और Oneindia जैसे प्रतिष्ठित डिजिटल संस्थानों में इवनिंग शिफ्ट, होम पेज मैनेजमेंट और ट्रेडिंग न्यूज़ की अहम जिम्मेदारियां संभाल चुकी हैं. इसके अलावा महुआ न्यूज़, जनसंदेश और सहारा जैसे टीवी चैनलों में प्रोग्राम प्रोड्यूसर और रनडाउन मैनेजमेंट का उनके पास 4 वर्षों का ठोस अनुभव है.  दिल्ली से पत्रकारिता में स्नातक और गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएशन करने वाली बवीता, खबरों की सत्यता और वित्तीय मामलों की सटीक रिपोर्टिंग को प्राथमिकता देती हैं.  बवीता झा से आप bavita.jha@india.com पर ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप उनसे एक्स  पर https://x.com/youthreporter2 के जरिए सीधे जुड़ सकते हैं. सोशल मीडिया पर कनेक्ट होने के लिए फेसबुक पेज https://www.facebook.com/bavita.jha , इंस्टाग्राम instagram.com/bavita.jha पर जुड़ सकते हैं. बवीता झा की खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक कर सकते हैं.
Read More