SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

ब्लिंकिट पर ₹11 लाख का जुर्माना, जेप्टो और बिग बास्केट के लाइसेंस सस्पेंड; महाराष्ट्र FDA की बड़ी कार्रवाई

महाराष्ट्र FDA ने खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर ब्लिंकिट के अमरावती आउटलेट पर ₹11 लाख का जुर्माना लगाया है, जबकि मुंबई में जेप्टो के डार्क स्टोर और नवी मुंबई में बिग बास्केट के वेयरहाउस का लाइसेंस सस्पेंड कर दिया है.

Written By Gaurav Singh
Published: Nov 26, 2026, 22:00 IST | Updated: Nov 26, 2026, 22:12 IST
Image Credit: जेप्टो के खिलाफ कार्रवाई एक शिकायत के बाद की गई। Social media
Join

महाराष्ट्र में क्विक कॉमर्स और ऑनलाइन ग्रॉसरी कंपनियों के खिलाफ फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने बड़ी कार्रवाई की है. FDA ने ब्लिंकिट के एक आउटलेट पर 11 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है, जबकि मुंबई में जेप्टो के एक डार्क स्टोर और नवी मुंबई में बिग बास्केट के वेयरहाउस का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. इन तीनों मामलों में खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन की बात सामने आई है.

FDA ने गुरुवार को जारी प्रेस रिलीज में इन कार्रवाइयों की जानकारी दी. जांच के दौरान कहीं बिना लाइसेंस कारोबार करने, तो कहीं खाने-पीने की चीजों के भंडारण में लापरवाही और साफ-सफाई की गंभीर खामियां मिलीं.

ब्लिंकिट पर 11 लाख रुपये का जुर्माना

अमरावती डिवीजन में FDA के एडजुडिकेटिंग ऑफिसर ने राठी नगर स्थित M/s ब्लिंकिट के मैनेजर और चार निदेशकों समेत पांच लोगों पर कुल 11 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है. FDA के मुताबिक, 15 जुलाई 2025 को फूड सेफ्टी ऑफिसर गोरे ने इस आउटलेट का निरीक्षण किया था. जांच में पता चला कि प्रतिष्ठान ने जरूरी लाइसेंस लिए बिना ही खाद्य कारोबार शुरू कर दिया था. इसके बाद मामला FDA के ज्वाइंट कमिश्नर की अदालत में पहुंचा.

आदेश के मुताबिक, बिना लाइसेंस कारोबार करने पर 10 लाख रुपये और फूड सेफ्टी ऑफिसर के निर्देशों का पालन नहीं करने पर 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है. फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006 की धारा 31 के तहत किसी भी खाद्य कारोबार को शुरू करने से पहले लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन लेना जरूरी है.

जेप्टो के मुंबई डार्क स्टोर का लाइसेंस सस्पेंड

जेप्टो के खिलाफ कार्रवाई एक शिकायत के बाद की गई है. FDA ने 23 नवंबर को मुंबई के साकी विहार रोड, साकीनाका, अंधेरी ईस्ट स्थित जेप्टो लिमिटेड के डार्क स्टोर का निरीक्षण किया था. इसके बाद 25 नवंबर को स्टोर का फूड लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. सस्पेंशन के दौरान यहां खाद्य पदार्थों का भंडारण और बिक्री प्रतिबंधित रहेगी.

FDA की जांच में स्टोर के अंदर कई गंभीर खामियां मिलीं. स्टोरेज एरिया, रैक और खाद्य सामग्री के पास जिंदा कॉकरोच पाए गए. एक्सपायर्ड, खराब और ठीक से पैक नहीं किए गए सामान को बिक्री योग्य उत्पादों के साथ रखा गया था. कई खाद्य पदार्थ फर्श पर और दीवारों के सहारे रखे मिले.

ये भी पढ़ें : हर 10 में से 8 भारतीय का सपना अपना कारोबार! Gen Z के 94% युवा बनना चाहते हैं बिजनेस ओनर, ये है बड़ी वजह

इसके अलावा कोल्ड रूम और फ्रीजर रूम का तापमान निर्धारित मानकों के अनुसार लगातार बनाए नहीं रखा जा रहा था. तापमान से जुड़े रिकॉर्ड भी अधूरे थे. शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों के साथ-साथ खाने-पीने की चीजों और गैर-खाद्य उत्पादों को अलग-अलग रखने के नियमों का भी पालन नहीं किया गया. जांच में धूल, मकड़ी के जाले, पानी का रिसाव और खुले कूड़ेदान में कचरा भी मिला. कर्मचारियों के मेडिकल और ट्रेनिंग रिकॉर्ड के साथ फूड सेफ्टी ऑडिट के दस्तावेज भी अधूरे पाए गए.

बिग बास्केट के नवी मुंबई वेयरहाउस पर भी कार्रवाई

महाराष्ट्र FDA ने नवी मुंबई के नेरुल स्थित बिग बास्केट वेयरहाउस के खिलाफ भी कार्रवाई की है. FDA के ठाणे डिवीजन ने 25 नवंबर को इस वेयरहाउस का संचालन करने वाली कंपनी इनोवेटिव रिटेल कॉन्सेप्ट्स प्राइवेट लिमिटेड का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया.

21 नवंबर को हुए निरीक्षण में वेयरहाउस को 196 में से 127 अंक मिले, यानी कुल 65 फीसदी स्कोर के साथ इसे नियमों के अनुपालन में विफल पाया गया है. FDA के मुताबिक, वेयरहाउस में खाद्य उत्पादों के साथ सिगरेट की बिक्री की जा रही थी, जो राज्य के कमिश्नर ऑफ फूड सेफ्टी के 2018 के आदेश का उल्लंघन है. इसके अलावा परिसर में चूहों की मौजूदगी मिली. चूहों ने खाने वाले तेल के कई पैकेट कुतर दिए थे. वहां, पर्याप्त चूहेदानी और पेस्ट कंट्रोल का उचित कार्यक्रम भी नहीं था.

जांच में ये भी सामने आया कि खाद्य सामग्री, पेट फूड और गैर-खाद्य उत्पाद एक साथ रखे जा रहे थे. खरीद के बिल और डिलीवरी चालान उपलब्ध नहीं थे. वेयरहाउस में काम करने वाले सभी 34 फूड हैंडलर्स के मेडिकल और वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट भी नहीं मिले.

72 घंटे में खराब सामान नष्ट करने का आदेश

FDA ने चूहों से खराब हुए और रिसाव वाले खाद्य स्टॉक को 72 घंटे के भीतर नष्ट करने का आदेश दिया है. वहीं, सिगरेट और तंबाकू उत्पादों को तुरंत हटाने के निर्देश दिए गए हैं. जांच के दौरान इलायची के चार सैंपल भी लिए गए हैं. रिपोर्ट आने तक संबंधित बैच की बिक्री पर रोक लगा दी गई है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

जी न्यूज में सीनियर सब-एडिटर हैं और वर्तमान में बिजनेस व फाइनेंशियल न्यूज कवर करते हैं.  देश की राजनीति से लेकर दुनिया के बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों और घटनाओं को कवर कर चुके हैं  पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो UPTU से इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन किया है. उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले गौरव ने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल मीडिया से की और पिछले 6 वर्षों से लगातार इस क्षेत्र में सक्रिय हैं. आप गौरव सिंह से Gaurav.Singh@India.Com पर ईमेल के जरिए सीधे जुड़ सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES