App

मार्गशीर्ष माह में कब मनायी जाएगी विवाह पंचमी, जान लें पूजा का शुभ मुहूर्त और पर्व का महत्व

मार्गशीर्ष माह में विवाह पंचमी पर्व मनाया जाता है. आइए जानें इस साल इस पर्व को मनाने की तिथि कौन-सी तारीख को पड़ रही है, इस दिन का शुभ मुहूर्त क्या है और इस पर्व का महत्व क्या है.

मार्गशीर्ष माह में कब मनायी जाएगी विवाह पंचमी, जान लें पूजा का शुभ मुहूर्त और पर्व का महत्व

हर साल मार्गशीर्ष माह में एक बहुत महत्वपूर्ण पर्व मनाया जाता. मार्गशीर्ष शुक्ल पंचमी तिथि पर ही सिया जी का विवाह श्रीराम जी संग हुआ था. ऐसे में इस तिथि को हर साल विवाह पंचमी पर्व के रूप में मनाया जाता है. इस पर्व पर भगवान श्रीराम और देवी सीता की एक साथ विधि-विधान से पूजा की जाती है और सीता जी को 16 शृंगार की सामग्री अर्पित की जाती है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, विवाह पंचमी पर जो भी दंपती एक साथ श्रीराम और देवी सीता की पूजा करते हैं और व्रत का संकल्प करते हैं उनके जीवन में सुख, शांति और प्रेम बना रहता है. नेपाल के जनकपुर और भारत की अयोध्या नगरी में विवाह पंचमी पर बड़े उत्सवों का आयोजन किया जाता है. आइए जानें इस साल विवाह पंचमी पर्व कब मनाया जाएगा, शुभ मुहूर्त क्या हैं और इस पर्व का महत्व क्या है.

विवाह पंचमी 2026 की तारीख

पंचांग के अनुसार, मार्गशीर्ष माह के शुक्ल पक्ष में पड़ने वाली पंचमी तिथि पर विवाह पंचमी पर्व मनाया जाता है. इस साल पंचमी तिथि 13 दिसंबर को शाम 04:47 बजे से शुरू होगी और 14 दिसंबर की शाम 07:15 बजे तक बनी रहेगी. इस तरह उदया तिथि में विवाह पंचमी पर्व 14 दिसंबर 2026 को मनाया जाएगा.

विवाह पंचमी 2026 शुभ मुहूर्त

ब्रह्म मुहूर्त- सुबह 05:16 बजे से सुबह 06:11 बजे तक. (स्नान और व्रत संकल्प के लिए शुभ समय)
प्रातः संध्या- सुबह 05:44 बजे से सुबह 07:06 बजे तक.
अभिजित मुहूर्त- सुबह 11:55 बजे से दोपहर 12:36 बजे तक. (पूजा के लिए शुभ समय)
विजय मुहूर्त- दोपहर 01:59 बजे से दोपहर 02:40 बजे तक.
गोधूलि मुहूर्त- शाम 05:23 बजे से शाम 05:51 बजे तक.
सायाह्न संध्या- शाम 05:26 बजे से शाम 06:48 बजे तक.

विवाह पंचमी पर्व का महत्व

धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक, त्रेतायुग में माता जानकी का विवाह राम जी के साथ मार्गशीर्ष माह के शुक्ल पक्ष में पड़ने वाली पंचमी तिथि पर संपन्न हुआ था. इस पर्व पर राम मंदिरों में भव्य आयोजन किए जाते हैं. अयोध्या से नेपाल के जनकपुर राम जी की बारात निकाली जाती है. वैवाहिक जीवन में सुख-शांति बनी रहे और मनचाहे जीवनसाथी पाने की इच्छा पूरी हो सके, इसके लिए विवाह पंचमी पर भक्त विशेष पूजा-अर्चना करते हैं और व्रत का संकल्प करते हैं. इससे शादी होने में आ रही बाधाएं तो दूर होती ही हैं, इसके साथ ही पति-पत्नी के रिश्ते में मजबूती और प्रेम बना रहता है.

(Disclaimer: यह लेख केवल सामान्य धार्मिक जानकारी के लिए है, व्रत-पूजा से पहले पंचांग और विद्वान से अवश्य सलाह लें, कृपया इसे ही अंतिम धार्मिक सलाह न मानें, स्थानीय परंपरा मानें.)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Padma Shree Shubham

Padma Shree Shubham

पद्मा श्री शुभम् को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव. मॉस कम्‍युनिकेशन ग्रेजुएट और हिंदी लिटरेचर से पोस्‍ट ग्रेजुएट. मीडिया में डिजिटल प्लेटफॉर्म से करियर शुरू करने के बाद कई संस्थाओं में काम किया. Nedrick News, TFI Post जैसी संस्थाओं में कार्यरत रहीं. इसके बाद Zee News जॉइन किया. समाचार और वर्तमान घटनाओं पर लिखने पढ़ने में रुचि. धर्म और ज्योतिष में अधिक रुचि. वर्तमान में धर्म और ज्योतिष संबंधी लेख लिखने में कार्यरत. पद्मा से आप padma.shubham@India.com मेल के जरिए सीधे संपर्क कर सकते हैं.
Read More