जहरीली हवा से बिगड़ रही सेहत, बीमारी में खाली हुई जेब! इस उम्र वालों को सबसे ज्यादा खतरा
जहरीली हवा का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है. वातावरण में फैल रहे पॉल्यूशन के हेल्थ क्लेम पिछले तीन साल के दौरान चार गुना से भी ज्यादा बढ़ गए. बीमार पड़ने वालों में एक खास आयु वर्ग के सबसे ज्यादा वर्किंग प्रोफेशनल्स हैं. इस कारण अस्पताओं के बिल भी लगातार बढ़ रहे हैं.
सर्दी के आगमन और दिवाली की खुशियां मनाने के साथ ही देश के कई हिस्सों में हवा जहरीली होने लगती है. दिल्ली-एनसीआर समेत देश के अलग-अलग शहरों में धुंध ी मोटी चादर बिछ जाती है. अक्सर लोग इसका असर आंखों में जलन, गले में खराश या हल्की खांसी तक ही मान लेते हैं. लेकिन इसको लेकर सामने आने वाले आंकड़े देखकर किसी की भी नींद उड़ सकती है. जी हां, यह खराब हवा महज आपकी सांसों को ही नहीं घोंट रही, बल्कि आपके बैंक बैलेंस और हेल्थ इंश्योरेंस बिल को भी तेजी से बढ़ा रही है. इंश्योरेंस एग्रीगेटर पॉलिसीबाजार की तरफ से जारी किये गए डेटा ने डरावनी तस्वीर पेश की है.
इस डेटा के अनुसार पिछले तीन साल में एयर पॉल्यूशन से जुड़े हेल्थ इंश्योरेंस क्लेम में चार गुने से भी ज्यादा का उछाल आया है. सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात यह है कि जहरीली हवा की सबसे बड़ी कीमत वर्किंग प्रोफेशनल्स यानी नौकरीपेशा चुका रहे हैं. पिछले कुछ साल का ट्रेंड देखें तो यह समझ आता है कि प्रदूषण से होने वाली बीमारियां साल दर साल ज्यादा गंभीर होती जा रही हैं. रिपोर्ट के अनुसार फाइनेंशियल ईयर 2023 से लेकर 2026 के बीच प्रदूषण से जुड़े हेल्थ इंश्योरेंस क्लेम 4.34 गुना बढ़ गए. साल दर साल के आधार पर लगातार यह इजाफा हो रहा है.
बढ़ता प्रदूषण लोगों की सेहत पर भारी
फाइनेंशियल ईयर 2024 में प्रदूषण से जुड़े क्लेम्स में 67 फसीदी की बढ़ोतरी देखी गई. इसके बाद फाइनेंशियल ईयर 2025 में यह आंकड़ा 70 प्रतिशत और उछल गया, जबकि फाइनेंशियल ईयर 2026 में इसमें 53 फीसदी की और बढ़ोतरी दर्ज की गई. पॉलिसीबाजार के हेल्थ इंश्योरेंस बिजनेस हेड रोहन गोयल का कहना है कि देश में लगातार बढ़ रहा प्रदूषण सीधे तौर पर देश के हेल्थकेयर सेक्टर पर बोझ बन रह है. लोग पहले के मुकाबले कहीं ज्यादा बीमार और अस्पताल में भर्ती हो रहे हैं.
'एयर प्यूरीफायर अब लग्जरी नहीं, दवा बन गया': 'दमघोंटू हवा' के बीच 5 गुना बढ़ी डिमांड, CTI ने की GST घटाने की मांग
फेफड़ों के साथ दिल पर हो रहा सबसे बड़ा हमला
जब एयर पॉल्यूशन की बात होती है तो सबसे पहले दिमाग में अस्थमा, खांसी या फेफड़ों की बीमारी का ख्याल आता है. लेकिन इस रिपोर्ट ने बड़ा मिथक तोड़ दिया है. आंकड़ों के अनुसार प्रदूषण से जुड़े कुल क्लेम्स में सबसे बड़ा हिस्सा सांस की बीमारियों का नहीं बल्कि दिल से जुड़ी बीमारियों का है. कुल हेल्थ क्लेम में से 43.5 प्रतिशत क्लेम दिल की बीमारियों से जुड़े थे. इसके बाद बाद 35 फीसदी हिस्सेदारी दूसरे रेस्पिरेटरी इन्फेक्शन्स की रही. इसके अलावा निमोनिया के कारण 11.2 प्रतिशत और ब्रोंकाइटिस की वजह से 6 प्रतिशत क्लेम दर्ज किये गए. एक्सपर्ट्स का मानना है कि हवा में मौजूद बेहद बारीक जहरीले कण खून में मिलकर दिल की धमनियों को नुकसान पहुंचाते हैं. इससे हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा कई गुना बढ़ गया है.
सबसे ज्यादा शिकार हो रहे नौकरीपेशा
रिपोर्ट का चिंताजनक पहलू उम्र से जुड़ा है. आमतौर पर माना यही जाता है कि प्रदूषण का सबसे ज्यादा असर बच्चों या बुजुर्गों पर होता है. लेकिन इंश्योरेंस क्लेम के आंकड़े कुछ और ही कहानी बयां कर रहे हैं. 31 से 55 साल की उम्र वाले वर्किंग प्रोफेशन जहरीली हवा के सबसे ज्यादा शिकार हुए हैं. कुल क्लेम में से 59 प्रतिशत क्लेम इसी आयु वर्ग के लोगों ने किये हैं. आसान भाषा में कहें तो हर 10 में से 6 क्लेम नौकरीपेशा के हैं. इसकी कारण यह है कि ऑफिस जाने, ट्रैफिक में फंसने और रोजाना बाहर निकलने के कारण ये लोग ज्यादा समय तक जहरीली हवा के संपर्क में रहते हैं. इसके बाद 55 से ऊपर की उम्र वाले सीनियर सिटीजन दूसरे नंबर पर हैं, जिनकी हिस्सेदारी 31 प्रतिशत रही. 21 से 30 साल के युवाओं के क्लेम 6.7 प्रतिशत और 20 साल से कम उम्र के बच्चों के क्लेम 3.7 प्रतिशत दर्ज किये गए.
Weather Alert: ठंड की एंट्री के साथ गैस चैंबर बनी दिल्ली, 17 राज्यों में बारिश का अलर्ट; यहां सांसों पर संकट
दिल्ली टॉप पर, छोटे शहरों का हाल भी बुरा
प्रदूषण की बात होती है तो राजधानी दिल्ली का नाम सबसे पहले जुबान पर आता है. शहरों की बात करें तो दिल्ली में सबसे ज्यादा पॉल्यूशन से जुड़े हेल्थ इंश्योरेंस क्लेम दर्ज किये गए. दिल्ली के बाद पुणे, बेंगलुरु, मुंबई और हैदराबाद जैसी मेट्रो सिटी का नंबर आता है. लेकिन यदि आपको लगता है कि यह समस्या केवल बड़े शहरों तक सीमित है तो ऐसा नहीं है. रिपोर्ट के अनुसार टियर-2 और टियर-3 सिटी से कुल 55 प्रतिशत क्लेम आए हैं. इसका मतलब यह है कि अब छोटे शहर और कस्बे भी जहरीली हवा की चपेट में आ रहे हैं.