एयर इंडिया का बड़ा ऐलान, सऊदी अरब के लिए फ्लाइट्स पर रोक बढ़ी, जेद्दा की उड़ानें 24 नवंबर तक रहेंगी बंद
मिडिल ईस्ट के मौजूदा हालात के चलते एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने जेद्दा की उड़ानें 24 नवंबर और रियाद-दमाम की उड़ानें 30 नवंबर 2026 तक सस्पेंड कर दी हैं.
Air India Flight Update: मिडिल ईस्ट में मौजूदा हालात को देखते हुए एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने सऊदी अरब के लिए अपनी कुछ उड़ानों का निलंबन आगे बढ़ा दिया है. एयरलाइन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी दी है कि जेद्दा आने-जाने वाली उड़ानें अब 24 नवंबर 2026 तक सस्पेंड रहेंगी. वहीं, रियाद और दम्माम के लिए फ्लाइट्स का संचालन 30 नवंबर 2026 तक बंद रहेगा.
'पूरा रिफंड लेने का विकल्प दिया जाएगा'
एयरलाइन के मुताबिक, यात्रियों की सुरक्षा और क्षेत्र में मौजूदा परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है. इस दौरान प्रभावित यात्रियों को टिकट रीशेड्यूल करने या पूरा रिफंड लेने का विकल्प दिया जाएगा.
यात्रियों को मिलेगा फ्री रीशेड्यूलिंग और रिफंड का ऑप्शन
एयर इंडिया ने बताया कि जिन यात्रियों की जेद्दा आने-जाने की कन्फर्म बुकिंग 24 नवंबर 2026 तक की है और जिन्होंने 20 नवंबर 2026 या उससे पहले टिकट बुक कराया है. वे बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के अपनी यात्रा रीशेड्यूल कर सकते हैं. यह सुविधा सीटों की उपलब्धता पर निर्भर करेगी. इसके अलावा टिकट कैंसिल कराने पर पूरा रिफंड भी लिया जा सकता है.
रियाद और दम्माम के यात्रियों को भी इसी तरह की राहत दी जाएगी. इसके लिए टिकट 10 नवंबर 2026 या उससे पहले बुक किया गया होना चाहिए और यात्रा की तारीख 30 नवंबर 2026 तक होनी चाहिए.
ये भी पढ़ें : ईंधन की महंगाई से बेहाल लुफ्थांसा, 1000 नौकरियों पर चलेगी छंटनी की तलवार! घाटे से उबरने के लिए बड़ा फैसला
दूसरी फ्लाइट्स से भी यात्रा बदलने का विकल्प
एयरलाइन ने यात्रियों को सऊदी अरब और बहरीन के दूसरे ऑपरेशनल स्टेशनों के लिए यात्रा रीशेड्यूल करने की सुविधा भी दी है. एयर इंडिया के यात्री सऊदी अरब के किसी भी ऐसे स्टेशन के लिए अपनी यात्रा बदल सकते हैं, जहां उसकी उड़ानें संचालित हो रही हैं. वहीं, एयर इंडिया एक्सप्रेस के यात्री सऊदी अरब या बहरीन के किसी भी ऑपरेशनल स्टेशन के लिए अपनी यात्रा रीशेड्यूल कर सकते हैं.
रीशेड्यूल की गई यात्रा के लिए भी अलग-अलग समयसीमा तय की गई है. रियाद और दम्माम के यात्रियों को 14 दिसंबर 2026 तक यात्रा पूरी करनी होगी, जबकि जेद्दा के यात्रियों के लिए यह समयसीमा 8 दिसंबर 2026 रखी गई है.
यात्रियों की मदद के लिए जारी किए हेल्पलाइन नंबर
एयर इंडिया ने प्रभावित यात्रियों को रीशेड्यूलिंग और रिफंड से जुड़ी सहायता के लिए कस्टमर सपोर्ट से संपर्क करने की सलाह दी है.
- एयर इंडिया: +91 11 69329333 / +91 11 69329999
- एयर इंडिया एक्सप्रेस: +91 124 6935600
यात्रा की योजना बना रहे यात्रियों को सलाह दी गई है कि एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी फ्लाइट का ताजा स्टेटस जरूर चेक कर लें.