App

एयरलाइंस की लूट पर लगेगी रोक? 15 दिन में 50% बढ़े टिकट प्राइस, CTI ने सरकार से की 5 बड़ी डिमांड

छठ पूजा और शादियों का सीजन शुरू होने से पहले फ्लाइट्स का किराया 15 दिन 50% तक बढ़ गया है. कुछ रूट पर तो किराया बढ़कर दोगुना भी हो गया है. ऐसे में दिल्ली के व्यापारी संगठन CTI ने सरकार से किराये की लिमिट को तय करने की मांग की है.

एयरलाइंस की लूट पर लगेगी रोक? 15 दिन में 50% बढ़े टिकट प्राइस, CTI ने सरकार से की 5 बड़ी डिमांड
Image Credit: (Reuters) कुछ हवाई रूट पर किराया बढ़कर दोगुने तक पहुंच गया है.

हर बार की तरह इस बार भी फेस्टिव सीजन और शादियां शुरू होने से पहले घरेलू फ्लाइट्स का किराया 50 फीसदी तक बढ़ गया है. अगर आप भी इस दौरान घर जाने का प्लान कर रहे हैं तो किराया सुनकर आपको झटका लगना तय है. पिछले 15 दिन के अंदर ही घरेलू उड़ान का किराया करीब 50 प्रतिशत तक बढ़ गया है. हालत ये है कि कई रूट पर टिकट के दाम दोगुने तक पहुंच गए. ट्रेन में लंबी वेटिंग लिस्ट चल रही है और एयरलाइंस के मनमाने दाम ने मिडिल क्लास की हालत खराब कर दी है. फ्लाइट के किराये में होने वाले जबरदस्त इजाफे को देखते हुए दिल्ली के प्रमुख व्यापारी संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने केंद्र सरकार से दखल देने की मांग की है.

आसमान पर पहुंचा इन शहरों का किराया

सीटीआई चेयरमैन बृजेश गोयल ने केंद्रीय उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू को चिट्ठी लिखकर इस समस्या की तरफ ध्यान देने के लिए कहा है. संगठन की तरफ से हाल ही में किये गए सर्वे में चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं. सर्वे से खुलासा हुआ कि दिल्ली से देश के कई बड़े शहरों और खासकर बिहार जाने वाली फ्लाइट्स के दाम में जबरदस्त इजाफा हुआ है. बृजेश गोयल ने कहा कि इस बढ़ोतरी से व्यापारियों का कामकाज प्रभावित होने के साथ ही लाखों मिडिल क्लास परिवारों का बजट भी बिगड़ रहा है. CTI के सर्वे के अनुसार दिल्ली से अलग-अलग शहरों का किराया-

  • दिल्ली से पटना-18,000 रुपये
  • दिल्ली से दरभंगा-20,000 रुपये
  • दिल्ली से मुंबई-15,000 रुपये
  • दिल्ली से बेंगलुरु-16,000-18,000 रुपये
  • दिल्ली से अहमदाबाद-11,000 रुपये
  • दिल्ली से हैदराबाद-11,000-15,000 रुपये

CTI की 5 मांगे

  1. हवाई किराये पर लगाम लगे: एयरलाइंस त्योहार और शादियों का सीजन देखकर मनमाना किराया वसूल रही हैं. सरकार तुरंत इस पर लगाम लगाए.
  2. किराये पर अपर कैप लगाया जाए: हर रूट के किराये पर अपर कैप तय किया जाए. कोई भी एयरलाइन संबंधित रूट पर उससे ज्यादा किराया नहीं वसूल सके.
  3. दूरी और किमी के हिसाब से हो किराया: गंतव्य की दूरी और किमी के आधार पर किराया तय किया जाए. 500 किमी और 1500 किमी की फ्लाइट का किराया एक जैसा नहीं हो सकता.
  4. फ्लाइट की फ्रीक्वेंसी बढ़ाई जाए: मांग ज्यादा है लेकिन फ्लाइट कम हैं. दिल्ली-पटना, दिल्ली-दरभंगा, दिल्ली-मुंबई, दिल्ली-बेंगलुरु जैसे बिजी रूट पर फ्लाइट की संख्या बढ़ाई जाए.
  5. नई एयरलाइंस शुरू की जाएं: महज दो एयरलाइंस सके भरोसे देश नहीं चल सकता. कॉम्पटीशन बढ़ाने के लिए 2-3 नई एयरलाइंस को शुरू किया जाए. इससे बढ़ते किराये पर लगाम लग सकेगी.
airfare

इतने महंगे क्यों हो जाते हैं फ्लाइट टिकट?

आपके मन में यह सवाल जरूर आया होगा कि सरकार इन कीमत को कंट्रोल क्यों नहीं करती. दरअसल, भारत में हवाई किराया सरकार की तरफ से तय नहीं किया जाता. यह पूरी तरह मार्केट पर बेस्ड है. एयरलाइंस की तरफ से डायनेमिक प्राइसिंग मॉडल का यूज किया जाता है. इसका सीधा सा मतलब यह है कि जैसे-जैसे सफर की तारीख पास आती है और सस्ती सीटें बिकती जाती हैं, बची हुई सीटों के दाम बढ़ते चले जाते हैं. दिवाली, छठ पूजा, होली और शादियों के सीजन में बिहार, यूपी और दूसरे बड़े राज्यों की तरफ जाने वाले लोगों की संख्या अचानक बढ़ जाती है. एयरलाइंस का यही तर्क रहता है कि टिकट के दाम डिमांड और उपलब्ध सीटों के आधार पर तय होते हैं.

सरकार ने कभी किराये पर लगाया है ब्रेक?

सरकार की तरफ से इस मामले में कभी हस्तक्षेप नहीं किया गया. ऐसा बेहद खास परिस्थितियों में ही हुआ है. दिसंबर 2025 में जब बड़े लेवल पर फ्लाइट्स के संचालन में दिक्कत आई थी और चारों तरफ अफरा-तफरी मची थी तब सिविल एविएशन मिनिस्ट्री ने कुछ समय के लिए दूरी के हिसाब से किराये की लिमिट तय कर दी थी. लेकिन इस बार CTI ने मांग की है कि सरकार को ऐसा नियम बनाना चाहिए जो हर पीक सीजन में अपने आप लागू हो जाए.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Kriyanshu Saraswat

Kriyanshu Saraswat

क्रियांशु सारस्वत वरिष्ठ बिजनेस जर्नलिस्ट (Business Journalist) हैं, उन्हें डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 साल का अनुभव है. मौजूदा समय में वह Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में बतौर 'असिस्टेंट न्यूज एडिटर' कार्यरत हैं. क्रियांशु को बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, टैक्सेशन, कमोडिटी और सरकारी योजनाओं आदि से जुड़ी खबरों को आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचाने में महारथ हासिल है. Zee News से पहले क्रियांशु ने टाइम्स इंटरनेट, हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण और अमर उजाला की वेबसाइट में अहम संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं. इस दौरान क्रियांशु ने ऑटो, टेक्नोलॉजी और लाइफस्‍टाइल लीड की जिम्मेदारी संभाली है. अभी क्रियांशु बिजनेस लीड हैं. यूपी से ताल्‍लुक रखने वाले क्र‍ियांशु पत्रकार‍िता में पोस्ट ग्रेजुएट हैं.
Read More