फाइनेंशियल प्लानिंग की 10 में से 8 कंपनियां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल कर रही हैं या अगले 12 महीनों के भीतर इसे अपनाने की योजना बना रही हैं. पिछले वर्ष ये आंकड़ा 10 में से 6 का था. ये जानकारी शनिवार को जारी एक रिपोर्ट में दी गई. एफपीएसबी इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, AI तेजी से इस पेशे का अभिन्न हिस्सा बन रहा है और पहले से ही काम करने की क्षमता और एफिशिएंसी बढ़ाने में मदद कर रहा है.
भारत सहित 37 देशों के 8,000 से अधिक फाइनेंशियल प्लानर्स के वैश्विक सर्वेक्षण पर आधारित निष्कर्षों में पाया गया कि 93 प्रतिशत फाइनेंशियल प्लानर ने कामकाज की एफिशिएंसी में सुधार महसूस किया है. 52 प्रतिशत ने परिचालन एफिशिएंसी बढ़ने की बात कही और 49 प्रतिशत ने कहा कि वे अधिक ग्राहकों को सर्विस देने में सक्षम हैं.
एफपीएसबी इंडिया के सीईओ रमेश विश्वनाथन ने कहा, 'AI वित्तीय जानकारी तैयार करने, उस तक पहुंच बनाने और उसके इस्तेमाल के तरीके को तेजी से बदल रहा है. हालांकि, यह तकनीक दक्षता बढ़ाने और वित्तीय नियोजन तक पहुंच का विस्तार करने के महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती है. लेकिन, केवल जानकारी पर्याप्त नहीं है.'
उन्होंने आगे कहा, 'वित्तीय फैसलों के लिए संदर्भ, विवेक और किसी व्यक्ति के लक्ष्यों, प्राथमिकताओं और परिस्थितियों की समझ जरूरी है. जैसे-जैसे AI का इस्तेमाल बढ़ रहा है, उपभोक्ताओं को जानकारी को उनकी व्यक्तिगत परिस्थितियों के संदर्भ में समझने और सोच-समझकर फैसले लेने में मदद करने वाले योग्य वित्तीय नियोजन पेशेवरों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है.'
करीब 70 प्रतिशत उत्तरदाताओं का मानना था कि AI उन आबादी के लिए वित्तीय नियोजन तक पहुंच बेहतर बना सकता है, जिन्हें अब तक पर्याप्त सेवाएं नहीं मिल पाती हैं. वहीं, 68 प्रतिशत को उम्मीद है कि इससे सर्विस की लागत कम करने में मदद मिलेगी. करीब 83 प्रतिशत उत्तरदाताओं का मानना था कि AI उन्हें ग्राहकों को बेहतर सेवाएं देने में मदद करेगा, जबकि वर्ष 2025 में ये आंकड़ा 78 प्रतिशत था. वहीं, 75 प्रतिशत को उम्मीद है कि इससे वित्तीय नियोजन सर्विस की गुणवत्ता में सुधार होगा, जबकि 2025 में ऐसा मानने वालों का आंकड़ा 60 प्रतिशत था.
रिपोर्ट के अनुसार, 33 प्रतिशत फाइनेंशियल प्लानर्स ने बताया कि उनके ग्राहक सामान्य वित्तीय जानकारी और शिक्षा के लिए पहले से ही एआई का इस्तेमाल कर रहे हैं. वहीं, 25 प्रतिशत ने कहा कि उनके ग्राहक पेशेवर सलाह की पुष्टि करने या उसकी तुलना करने के लिए एआई का उपयोग कर रहे हैं.
(IANS के इनपुट के साथ)