SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

छठ पर विवादित टिप्पणी मामले में यूट्यूबर यश महेश्वरी की बढ़ीं मुश्किलें, पटना में FIR दर्ज; वीडियो जारी कर मांगी माफी

छठ पूजा और बिहारी महिलाओं के सिंदूर पर कथित अश्लील टिप्पणी के मामले में यूट्यूबर यश महेश्वरी के खिलाफ पटना में FIR दर्ज हुई है, जिसके बाद उन्होंने वीडियो जारी कर माफी मांगी है.

Written By Renu Akarniya
Published: Nov 25, 2026, 16:05 IST | Updated: Nov 25, 2026, 16:22 IST
Image Credit: छठ पर विवादित टिप्पणी मामले में यूट्यूबर यश महेश्वरी की बढ़ीं मुश्किलें, पटना में FIR दर्ज; वीडियो जारी कर मांगी माफी
Join

बिहार के लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा और महिलाओं के सिंदूर लगाने की परंपरा पर कथित अश्लील टिप्पणी को लेकर शुरू हुआ विवाद अब कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गया है. चर्चित यूट्यूबर और स्टैंडअप कॉमेडियन यश महेश्वरी की मुश्किलें बढ़ गई हैं. पटना साइबर थाने में उनके खिलाफ FIR दर्ज की गई है. मामला दर्ज होने के बाद यश महेश्वरी ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है. वहीं इस विवाद को लेकर बीजेपी, आरजेडी और कांग्रेस के नेताओं ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है. बिहार की महिलाओं ने भी टिप्पणी पर नाराजगी जताते हुए माफी और कार्रवाई की मांग की है.

पटना साइबर थाने में यश महेश्वरी के खिलाफ FIR दर्ज
दरअसल, सोशल मीडिया के माध्यम से पटना साइबर थाने को सूचना मिली थी कि यूट्यूब चैनल @Almostyash (Yash Maheshwari) पर बिहार की महिलाओं को लेकर अभद्र टिप्पणी और गाली-गलौज की गई है. इससे महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचने के साथ सामाजिक सौहार्द बिगड़ने और विधि-व्यवस्था की समस्या पैदा होने की आशंका जताई गई थी.

इसके बाद पटना साइबर थाने में कांड संख्या 1550/26, दिनांक 24 नवंबर 2026 को BNS की धारा 75(1), 79, 351, 352 और आईटी एक्ट की धारा 66(C), 66(D) के तहत मामला दर्ज किया गया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

वीडियो जारी कर यश महेश्वरी ने मांगी माफी
मामला दर्ज होने के बाद यश महेश्वरी ने सोशल मीडिया पर माफीनामे का वीडियो अपलोड किया. अपने वीडियो में उन्होंने कहा कि उनका इरादा वैसा नहीं था, जैसा वीडियो को वायरल कर दिखाया जा रहा है. जिन लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं, उन सभी से वह माफी मांगते हैं. उन्होंने यह भीभरोसा दिया कि भविष्य में इस तरह का कंटेंट नहीं बनाएंगे.

  

बीजेपी नेत्री ऋतु जायसवाल ने की हर जिले में FIR की मांग
कॉमेडियन यश माहेश्वरी के 'बिहारी महिलाओं के सिंदूर' वाले विवादित जोक को बीजेपी नेत्री ऋतु जायसवाल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था. उन्होंने कहा कि हमारे महापर्व छठ और छठव्रतियों पर अश्लील कॉमेडी करने वाले इस शख्स के खिलाफ बिहार के प्रत्येक जिले में FIR दर्ज होनी चाहिए. ऐसी सख्त कानूनी कार्रवाई हो कि इसे अपनी गलती का एहसास हो और अगली छठ में हमारे महापर्व की महानता का साक्षात दर्शन कर सके. छठ की आस्था और अस्मिता से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं!

बीजेपी ने कहा- 'लातों के भूत बातों से नहीं मानते'
सिंदूर को लेकर दिए गए विवादित बयान पर भाजपा ने कहा कि कॉमेडियन यश माहेश्वरी, तूने एक कहावत तो सुनी होगी कि लातों के भूत बातों से नहीं मानते. भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष प्रीति शेखर ने कहा कि यह फैशन-सा बन चुका है कि अब हमारी सनातन संस्कृति के प्रति, हमारे देवी-देवताओं के प्रति गलत अपशब्दों का प्रयोग हो. बिहार में छठ के दौरान महिलाओं द्वारा लगाए जाने वाले सिंदूर की पुरुषों के प्राइवेट पार्ट से तुलना करते हुए, कॉमेडियन ने जो बात कही है, उसकी जितनी निंदा की जाए वह बहुत कम है. मैं उसकी तीव्र भर्त्सना करती हूं. उसने अपनी कॉमेडी की आड़ में इस अश्लीलता और फुहड़ता को परोसने का काम किया है, जो बिल्कुल कानूनी तौर पर दंडित करने योग्य है.

उन्होंने आगे कहा कि ऐसे लोगों को कुछ भी बोलने से पहले सौ बार सोचना चाहिए. जो स्वयं एक मां के गर्भ से जन्म लेने वाला इंसान हो, वह किस प्रकार किसी भी महिला के पहनावे, हाव-भाव और उनकी संस्कृति को गलत तरीके से प्रदर्शित कर सकता है? आप किसी को हंसाने के लिए इन तुच्छ शब्दों का प्रयोग नहीं कर सकते. ऐसे लोग और उनके किए हुए अपराध बिल्कुल दंडनीय हैं और प्रशासन को ऐसे लोगों पर ठोस कार्रवाई करनी चाहिए.

आरजेडी और कांग्रेस ने भी जताई नाराजगी
राष्ट्रीय जनता दल के पूर्व विधायक शक्ति यादव ने कहा कि इसी तरह के लोग 10 घरों से होकर गुजरते हैं और महिलाओं पर इस तरह की टिप्पणी करते हैं. महिलाओं के लिए सिंदूर उनका सम्मान है, उनकी पहचान है. इस तरह का बयान कहीं से उचित नहीं है.

वहीं, कांग्रेस प्रवक्ता स्नेहाशीष वर्धन ने कहा कि लोक आस्था के महापर्व छठ पर इस तरीके की ओछी टिप्पणी एक स्टैंड-अप कॉमेडियन, जो बददिमाग और जाहिल प्रतीत होता है. सरकार अब तक हाथ पर हाथ धरे हुए खामोश बैठी हुई है. अब तक उस पर कार्रवाई क्या हुई? अब तक स्वतः संज्ञान लेकर पुलिस ने उस पर एफआईआर क्यों नहीं दर्ज किया? अब तक देश की जो शासन और सत्ता में लोग बैठे हुए हैं, जो धर्म के नाम पर ही राजनीति करते हैं, उन्होंने इस पर क्या कार्रवाई, यह जनता के बीच स्पष्ट होना चाहिए. बार-बार बिहार, बिहार की अस्मिता और बिहार के धार्मिक पर्वों पर भी इस तरीके की ओछी टिप्पणियां करने वाले बाज आएं. हालांकि, बाद में यूट्यूबर के खिलाफ पटना में FIR दर्ज कर ली गई है.  

बिहार की महिलाओं ने भी जताया विरोध
इस विवाद पर बिहार की महिलाओं ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है. महिलाओं का कहना है कि महिलाएं सॉफ्ट टारगेट होती हैं. जो लोग भी बयान दे रहे हैं, उनको माफी मांगनी चाहिए. बिहार सहित देश की महिलाएं इस तरह के बयान को बर्दाश्त नहीं करेंगी.

फिलहाल यश महेश्वरी के खिलाफ पटना साइबर थाने में मामला दर्ज होने के बाद पुलिस जांच में जुटी है. वहीं, सार्वजनिक माफी के बावजूद इस विवाद को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर विरोध जारी है.

ये भी पढ़ें: छठ और बिहारी महिलाओं के सिंदूर पर भद्दा मजाक! कॉमेडियन यश माहेश्वरी के खिलाफ बिहार में बवाल; BJP नेता ने की FIR की मांग

(पटना से प्रकाश सिन्हा की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और हाइपर लोकल की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग, यूटिलिटी से जुड़ी खबरों पर काम कर रही हैं. रेनू पिछले 4 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. DU से पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से अपने करियर की शुरुआत की. लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा है.रेनू अकर्णिया से आप renu.akarniya@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES