बेटे की चाहत में किडनैपर बनी मां, गुजरात से मुजफ्फरपुर आई महिला ने चुराया बच्चा, 4 घंटे में खुला राज
दो बेटियों के बाद एक बेटे की चाहत में एक मां को किडनैपर बना दिया. गुजरात से मुजफ्फरपुर आई महिला ने नवजात बच्चे का अपहरण कर लिया. वह बच्चे को गुजरात ले जाने की तैयारी में थी. इसकी भनक पुलिस को लगी और 4 घंटे में महिला को गिरफ्तार कर लिया. साथ ही होटल से बच्चे को बरामद किया.
गुजरात से मुजफ्फरपुर पहुंची एक महिला ने परिचित के साथ मिलकर एक गांव से नवजात शिशु का अपहरण कर लिया. इसके वह बच्चे को गुजरात ले जाने की तैयारी में थी. पुलिस को सूचना जैसे ही मिली, पुलिस हरकत में आई और महिला को नवजात बच्चे के साथ शहर के एक होटल से बरामद कर लिया. पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो शुरुआती पूछताछ में महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी दो बेटियां हैं और वह बेटे की तलाश में यहां आई थी.
महिला ने पुलिस को बताया कि वह बच्चे को लेकर अपने परिचित आरोपी के साथ करीब 50 किलोमीटर से भी दूर का सफर तय कर मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र के एक होटल में ठहरी थी. इसके बाद वह ट्रेन पकड़कर गुजरात निकल जाती, लेकिन समय रहते पुलिस ने महज 4 घंटे के भीतर होटल में ही नवजात को सकुशल बरामद कर लिया. पुलिस ने महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है.
ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि 17 नवंबर 2026 को साहेबगंज थाना क्षेत्र के शाहपुर पट्टी गांव से नवजात शिशु के अपहरण की सूचना थानाध्यक्ष को मिली थी. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र के निर्देश पर एसटीएफ सरैया के नेतृत्व में साहेबगंज थानाध्यक्ष और अन्य पुलिस पदाधिकारियों की एक विशेष टीम गठित की गई थी.
एसटीएफ की टीम और पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ह्यूमन और टेक्निकल इनपुट जुटाए. इसके आधार पर अपहरणकर्ताओं की पहचान और उनके लोकेशन को ट्रैक किया गया. जांच में पता चला कि नवजात को लेकर दोनों आरोपी मुजफ्फरपुर सदर थाना क्षेत्र के एक होटल में ठहरे हुए हैं. पुलिस ने वहां छापेमारी कर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया. उस समय दोनों आरोपी भी होटल के कमरे में मौजूद थे, जिन्हें पुलिस ने तुरंत गिरफ्तार कर लिया.
ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि गिरफ्तार महिला गुजरात में रहती है और उसकी पहचान शाहपुर पट्टी गांव के ही एक व्यक्ति से थी, जो गुजरात में ही रहता था. दोनों पहले से एक-दूसरे से परिचित थे और महिला उसी परिचित के संपर्क में यहां पहुंची थी.
पुलिस की पूछताछ में महिला ने बताया कि उसकी दो बेटियां हैं और वह बेटे की चाहत में यहां आई थी. दोनों ने साजिश के तहत नवजात को गांव से उठाया था. वहीं, बच्चे की बरामदगी के बाद बाल कल्याण समिति यानी सीडब्ल्यूसी को भी सूचना दी गई है, ताकि आगे की कानूनी कार्रवाई कर बच्चे को उसके गार्जियन को सौंपा जा सके. फिलहाल, पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है.
इनपुट: मणितोष कुमार
यह भी पढ़ें: मुंगेर में जदयू नेता के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग से मचा हड़कंप, गोलियों की आवाज से सहमा पूरा गांव