)
मुंगेर जिला के हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र के रतैठा पाठक टोला गांव में 18 नवंबर बुधवार की देर शाम अपराधियों ने जदयू के प्रखंड उपाध्यक्ष सह 20 सूत्री सदस्य राजीव रंजन उर्फ बबलू झा के आवास पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी. अचानक हुई गोलीबारी से पूरा गांव दहल उठा. घटना के बाद पीड़ित परिवार के बीच भय का माहौल है.
सूचना मिलते ही हवेली खड़गपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की छानबीन शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल से सात खोखे बरामद किए हैं.
घटना के संबंध में राजीव रंजन उर्फ बबलू झा ने बताया कि उनकी जमीन पर कुछ भू-माफिया जबरन कब्जा करना चाहते हैं. इसका वह लगातार विरोध कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि बुधवार को दिनभर नीतीश संवाद कार्यक्रम को लेकर पंचायत में आयोजित बैठकों में व्यस्त थे. शाम को घर लौटने के कुछ देर बाद ही अपराधियों ने उनके आवास को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. अचानक हुई गोलीबारी से परिवार के सभी सदस्य सहम गए.
उन्होंने आशंका जताई कि जमीन विवाद को लेकर ही इस घटना को अंजाम दिया गया है. हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह और इसमें शामिल लोगों की पहचान पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
इधर, घटना की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष पंकज कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए. स्थानीय स्तर पर सामने आए वीडियो में सात खोखे दिखाई देने की बात कही जा रही है, जबकि पीड़ित पक्ष का दावा है कि अपराधियों ने दर्जनों राउंड गोलियां चलाईं. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
बता दें कि दूसरी तरफ एक क्राइम की वारदात को अपराधियों ने बुधवार को अंजाम दिया. बेतिया में स्थित सेनको गोल्ड एंड डायमंड शोरूम में 19 नवंबर बुधवार की दोपहर को बड़ी लूट को अंजाम दिया गया. इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आ गया है, जिसमें 6 से 8 बदमाश शोरूम में घुसते दिखाई दे रहे हैं. अपराधी हथियारों के साथ शोरूम में दाखिल हुए और वहां मौजूद कर्मचारियों और ग्राहकों को अपने कब्जे में ले लिया. महज 20 मिनट में करीब 40 लाख रुपये के आभूषण लेकर चंपत हो गए.
रिपोर्ट: प्रशांत कुमार