SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

क्या निशांत कुमार बनेंगे बिहार के उपमुख्यमंत्री, संजय झा से मुलाकात के क्या हैं मायने?

बिहार के पूर्व सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा से मुलाकात की. मुलाकात की तस्वीर से साथ संजय झा ने सोशल मीडिया पर लिखा कि बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत से आज मेरे पटना आवास पर मुलाकात हुई.

Edited By Shailendra
Published: Nov 10, 2026, 10:16 PM IST | Updated: Nov 10, 2026, 10:31 PM IST
Image Credit: निशांत कुमार और संजय झा (@SanjayJhaBihar)
Join

बिहार में इन दिनों जदयू के भीतर नेतृत्व और भविष्य की राजनीतिक रणनीति को लेकर चर्चाएं तेज हैं. चर्चा की सुगबुगाहट आज तब शुरू हुई जब पूर्व सीएम नीतीश के बेटे निशांत आज यानी मंगलवार को जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा से मिले. निशांत ने इस मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा करते हुए संजय झा के प्रति आभार जताया. हालांकि, मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया गया है, लेकिन मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में इसे अहम माना जा रहा है.

निशांत कुमार ने सोशल मीडिया पर लिखा- आज जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के आवास पर पहुंचकर उनसे शिष्टाचार मुलाकात की. इस दौरान मिले स्नेह और आत्मीय आतिथ्य के लिए हृदय से आभार. इस मुलाकात के बाद एक बार फिर निशांत की संभावित राजनीतिक भूमिका को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं. वहीं, संजय झा ने इस मुलाकात पर लिखा कि निशांत से आज मेरे पटना आवास पर मुलाकात हुई. स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार, बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार और आम लोगों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की दिशा में उनके प्रयासों पर चर्चा हुई. साथ ही संगठन संबंधित मुद्दों पर भी बातचीत हुई.

बिहार की सियासत में लंबे समय से यह चर्चा चल रही है कि निशांत कुमार को जल्द ही कोई बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है. राजनीतिक गलियारों में उन्हें बिहार का उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की संभावना भी जताई जा रही है. हालांकि, जदयू या एनडीए की ओर से इस संबंध में अब तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है. ऐसे में संजय झा से निशांत की मुलाकात को पार्टी के भीतर चल रही राजनीतिक गतिविधियों के संदर्भ में देखा जा रहा है. संजय झा जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष होने के साथ पार्टी के प्रमुख रणनीतिक नेताओं में शामिल हैं. लिहाजा, दोनों की मुलाकात ने राजनीतिक चर्चाओं को और तेज कर दिया है.

हाल ही में बिहार विधान परिषद की 8 सीटों के चुनाव परिणाम आने के बाद जदयू के भीतर और एनडीए के घटक दलों के बीच कई मुद्दों पर बयानबाजी देखने को मिली. चुनाव में जदयू के तीन उम्मीदवारों को हार का सामना करना पड़ा, जबकि पटना स्नातक सीट से पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार ने जीत दर्ज की. पराजित होने के बाद जदयू के कुछ प्रत्याशियों ने एनडीए के घटक दलों के बीच बेहतर समन्वय नहीं होने को अपनी पराजय की प्रमुख वजह बताया. वहीं, निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर जीत दर्ज करने वाले बंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज के बीजेपी को समर्थन देने के फैसले पर भी जदयू नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आईं.

नीरज कुमार की जीत के बाद मोकामा के विधायक अनंत सिंह को जदयू से निष्कासित किए जाने और उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त करने की अनुशंसा का मामला भी चर्चा में रहा. इसके अलावा केंद्रीय मंत्री ललन सिंह की ओर से नीरज कुमार को सार्वजनिक रूप से बधाई नहीं दिए जाने को लेकर भी राजनीतिक बयानबाजी हुई. नीरज कुमार ने इस मुद्दे पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि वह सब कुछ सूद समेत लौटाते हैं.

निशांत कुमार हाल ही में बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को जन्मदिन की बधाई देकर भी चर्चा में आए थे. राजनीतिक रूप से अलग खेमों में रहने वाले नेताओं के बीच इस तरह के सार्वजनिक सौहार्द को बिहार की सियासत में एक खास घटनाक्रम के तौर पर देखा गया. इसको लेकर राजनीतिक गलियारों में संभावित नए समीकरणों की अटकलें भी लगाई गईं. हालांकि, जन्मदिन की बधाई को किसी राजनीतिक गठजोड़ या नई रणनीति का संकेत मानने का कोई आधिकारिक आधार नहीं है. इसके बावजूद इस घटनाक्रम ने निशांत की राजनीतिक सक्रियता को लेकर चर्चा जरूर बढ़ा दी.

एक तरफ जदयू के भीतर एमएलसी चुनाव के नतीजों को लेकर समीक्षा और बयानबाजी का दौर है. दूसरी तरफ निशांत कुमार की राजनीतिक भूमिका को लेकर अटकलें जारी हैं. ऐसे में दोनों नेताओं की मुलाकात को सामान्य शिष्टाचार भेंट से आगे जोड़कर देखा जा रहा है. फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं है कि मुलाकात में किसी राजनीतिक या संगठनात्मक मुद्दे पर चर्चा हुई या नहीं, लेकिन नीतीश कुमार के बाद जदयू में भविष्य के नेतृत्व, निशांत को संभावित जिम्मेदारी और पार्टी के भीतर मौजूदा समीकरणों को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच इस मुलाकात ने बिहार की सियासत का तापमान जरूर बढ़ा दिया है.

रिपोर्ट: प्रशांत झा

यह भी पढ़ें: बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने स्टीमर से किया पटना के गंगा घाटों का निरीक्षण, तैयारियों का लिया जायजा

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES