App

एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के घर पर विजिलेंस का छापा: छपरा में 4 घंटे तक चली जांच, 1.10 करोड़ की आय से अधिक संपत्ति का आरोप

ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता चंद्रशेखर सिंह के छपरा कार्यालय पर निगरानी टीम ने छापेमारी की है. टीम ने करीब चार घंटे तक जांच की. 1.10 करोड़ की आय से अधिक संपत्ति का मामला है.

एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के घर पर विजिलेंस का छापा: छपरा में 4 घंटे तक चली जांच, 1.10 करोड़ की आय से अधिक संपत्ति का आरोप
Image Credit: आय से अधिक संपत्ति मामले में छपरा में चार घंटे तक चली जांच (Z News)

आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने 15 अक्टूबर, 2026 दिन गुरुवार को छपरा में बड़ी कार्रवाई की. विभाग ने ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता चंद्रशेखर सिंह के पदस्थापना वाले कार्यालय में छापेमारी की. राजेंद्र सरोवर के पास स्थित विभागीय कार्यालय में करीब चार घंटे तक जांच चली. इस दौरान निगरानी टीम ने विभिन्न दस्तावेजों और विभागीय अभिलेखों को खंगाला. कार्रवाई के दौरान कार्यालय में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा.

कार्यपालक अभियंता चंद्रशेखर सिंह पर करीब 1.10 करोड़ रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है. इस मामले में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के थाने में उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. प्राथमिकी दर्ज होने के बाद निगरानी टीम ने मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाने के लिए उनके चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की. इसी क्रम में छपरा स्थित उनके कार्यालय में भी तलाशी ली गई.

कर्मियों को बाहर कर खंगाले गए दस्तावेज

गुरुवार को निगरानी टीम के छपरा स्थित कार्यालय पहुंचते ही जांच शुरू कर दी गई. टीम ने कार्यालय में मौजूद कर्मियों को बाहर कर विभिन्न कागजातों और विभागीय अभिलेखों की बारीकी से जांच की. करीब चार घंटे तक चली कार्रवाई में मामले से संबंधित संभावित साक्ष्य तलाशे गए. टीम ने उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर आवश्यक जानकारियां जुटाईं.

हालांकि, छपरा स्थित कार्यालय में तलाशी के दौरान कोई आपत्तिजनक दस्तावेज या अन्य सामग्री बरामद नहीं होने की जानकारी सामने आई है. जांच पूरी करने के बाद टीम ने मामले से जुड़े अन्य तथ्यों पर ध्यान केंद्रित किया.

सीनियर डीएसपी ने की छापेमारी की पुष्टि

छापेमारी के संबंध में सीनियर डीएसपी अशोक कुमार ने बताया कि आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में कार्यपालक अभियंता चंद्रशेखर सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. इसके बाद निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने उनके अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है.

उन्होंने बताया कि इसी कार्रवाई के तहत छपरा स्थित उनके पदस्थापना कार्यालय में भी जांच की गई. कार्यालय में मौजूद संबंधित कागजातों और दस्तावेजों को बारीकी से खंगाला गया, लेकिन यहां से कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई है. उन्होंने कहा कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.

अन्य ठिकानों पर हुई जांच के नतीजों पर नजर

कार्यपालक अभियंता के खिलाफ निगरानी ब्यूरो की कार्रवाई के बाद अब अन्य ठिकानों पर हुई तलाशी के दौरान सामने आने वाले तथ्यों पर नजर है. आय से अधिक संपत्ति के आरोपों की जांच के क्रम में जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

रिपोर्ट: राकेश सिंह

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More