वैशाली के बिदुपुर में बड़ी चोरी: पूजा सामग्री और CSP दुकान से 1.80 लाख रुपये नकद उड़ाए, CCTV में कैद हुई वारदात
Vaishali News: वैशाली के बिदुपुर के माइल चौक स्थित पूजा सामग्री और CSP दुकान में चोरों ने पीछे की दीवार में सेंध लगाकर करीब 1 लाख 80 हजार रुपये नकद समेत काजू, किशमिश और पूजा सामग्री चोरी कर ली.
Vaishali News: बिहार के वैशाली के बिदुपुर में चोरों ने पूजा सामग्री और CSP की दुकान को निशाना बनाकर करीब 1 लाख 80 हजार रुपये की चोरी कर ली. चोर दुकान के पीछे की दीवार में सेंध लगाकर अंदर गए और गल्ले में रखी नकदी के साथ दुकान में मौजूद काजू, किशमिश और पूजा सामग्री भी अपने साथ ले गए. चोरी की पूरी वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. वहीं, लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है.
माइल चौक में दुकान को बनाया निशाना
मामला बिदुपुर थाना क्षेत्र के माइल चौक का है, जो हाजीपुर-महनार मुख्य मार्ग पर स्थित है. चोरों ने धन्वंतरि पूजा सामग्री एवं कम्युनिकेशन CSP की दुकान को निशाना बनाया. दुकान संचालक पवन कुमार साह के मुताबिक, चोर दुकान के पीछे की दीवार में सब्बल की मदद से सेंध लगाकर अंदर घुसे. इसके बाद उन्होंने दुकान के गल्ले में रखे करीब 1 लाख 80 हजार रुपये नकद निकाल लिए.
नकदी के साथ काजू-किशमिश और पूजा सामग्री भी ले गए
चोरों ने केवल नकदी ही नहीं चुराई, बल्कि दुकान में रखे काजू, किशमिश और पूजा सामग्री भी साथ ले गए. चोरी की पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है. फुटेज में चोरों की गतिविधियां कैद हुई हैं. घटना की जानकारी मिलने के बाद बिदुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने में जुटी है.
कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी
वहीं, घटना के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी है. ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से अपराधियों के हौसले बढ़ रहे हैं. पूर्व जिला परिषद प्रतिनिधि अंजन सिंह, उमेश पांडे समेत अन्य ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द चोरों की पहचान कर गिरफ्तारी की मांग की है. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा.
रिपोर्ट: राजकुमार सिंह