बेगूसराय में पेड़ से टकराई बाइक और उजड़ गई मां-बाप दुनिया, 2 जवान बेटों की अर्थी उठने से मचा कोहराम
बेगूसराय में बाइक के पेड़ से टकराने से दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई. बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार अपाचे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई. इस हादसे में दोनों की मौत हो गई.
बेगूसराय में लोक आस्था के महापर्व छठ की खुशियों के बीच एक बार फिर भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई. वहीं दो युवकों की मौत के बाद परिजनों के बीच कोहराम मच गया. घटना नावकोठी थाना क्षेत्र के बसिया बांध इसफा के समीप की है. बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार अपाचे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पीपल के पेड़ से टकरा गई. इस हादसे में बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई.
पेड़ से टकराई बाइक के परखच्चे उड़ गए, दोनों युवकों की गई जान
मृतकों की पहचान विष्णुपुर पंचायत के वार्ड नंबर-8 निवासी गंगा राम सहनी के पुत्र दीपांशु कुमार (20) और वार्ड नंबर-7 निवासी अशोक साह के पुत्र सूरज कुमार (16) के रूप में हुई है. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए. उसका अगला हिस्सा और पहिया टूटकर सड़क पर बिखर गया. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई.
बसिया बांध चकमुजफ्फर इसफा के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक उजले रंग की अपाचे बाइक पर सवार होकर नावकोठी से अपने घर सैदपुर लौट रहे थे. इसी दौरान बसिया बांध चकमुजफ्फर इसफा के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे स्थित पीपल के पेड़ से जा टकराई.
जवान पुत्रों की मौत से माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
दोनों युवकों की मौत की खबर जैसे ही उनके घर पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया. जिन घरों में छठ महापर्व को लेकर खुशियां और उत्साह था, वहां अचानक मातम पसर गया. जवान पुत्रों की मौत से माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया
घटना की सूचना मिलते ही नावकोठी थानाध्यक्ष मो. फिरदौस पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों युवकों के शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
बता दें कि एक बार फिर रफ्तार के कहर ने एक मां-बाप की दुनिया उजाड़ दी. दो जवान बेटों की अर्थी उठने से कोहराम मचा हुआ है. बेगूसराय में मातम छाया हुआ है.
रिपोर्ट: जितेंद्र चौधरी