)
भोजपुर पुलिस और बिहार एसटीएफ की संयुक्त टीम ने बिहार में एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया. पुलिस ने किसी वारदात को अंजाम देने के फिराक में जा रहे तीन युवकों को अलग-अलग बोर की 19 हजार 250 जिंदा गोलियों के साथ कुलहड़िया टोल प्लाजा पर धर दबोचा है. बताया जा रहा है कि गोलियों का यह खेप उत्तर प्रदेश के कानपुर से बिहार के दरभंगा, सीवान, सुपौल समेत कई अन्य जिलों में जाने के लिए चला था.
वहीं, बिहार एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि एक टाटा हैरियर कार में सवार होकर तीन युवक-लाल्टू कुमार (मुजफ्फरपुर), चंदन तिवारी (सिवान) और सरस कुमार (अहियापुर, मुजफ्फरपुर)- गोलियों का एक बड़ा खेप लेकर भोजपुर जिले के कोईलवर थाना क्षेत्र के कुलहड़िया टोल प्लाजा पार करने वाले हैं.
वहीं, पुलिस ने पहले ही जाल बिछा दिया और जैसे ही गोलियों से भरी टाटा हैरियर कार टोल प्लाजा पर आई, तो पुलिस ने घेराबंदी कर कार में सवार तीनों युवकों को अलग-अलग बोर की 19,250 गोलियों, एक पिस्तौल और 3 मोबाइलों के साथ धर दबोचा. बिहार एसटीएफ और भोजपुर पुलिस इस बरामदगी को एक बड़ी कामयाबी मान रही है.
इस पूरे मामले में भोजपुर एसपी अवधेश दीक्षित ने बताया कि एसटीएफ की सूचना पर भोजपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़ी कामयाबी पुलिस के हाथ लगी है. इसका कनेक्शन भोजपुर जिले से भी जुड़ा हुआ है और कुछ नाम भी सामने आए हैं, जो गिरफ्तार बदमाशों ने पूछताछ के दौरान बताए हैं. माना यह जा रहा है कि गोलियों की यह बड़ी खेप अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करने में सहायक होगी.
फिलहाल, पुलिस मौके से गिरफ्तार युवकों से पूछताछ करने में जुटी हुई है और इनकी निशानदेही पर कई इलाकों में एसटीएफ की मदद से छापेमारी करने में लगी हुई है. पुलिस की इस बड़ी कामयाबी से हड़कंप की स्थिति है.
रिपोर्ट: मनीष कुमार सिंह