बेगूसराय से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां तेज रफ्तार थार गाड़ी ने बाइक सवार तीन लोगों को कुचल दिया. इस भीषण सड़क हादसे में एक महिला, एक पुरुष और एक बच्चे की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. वहीं, मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है.
घटना साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के हीरा टोल के पास की है. बताया जा रहा है कि महिला, पुरुष और बच्चा एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर दुर्गा पूजा का मेला देखने के लिए घर से निकले थे. इसी दौरान तेज रफ्तार थार गाड़ी ने मोटरसाइकिल सवार तीनों को जोरदार टक्कर मारते हुए कुचल दिया. टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई.
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद महिला का शव उछलकर दूसरे के घर पर जा गिरा. वहीं, दुर्घटना में मोटरसाइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
इस दर्दनाक हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. घटना की सूचना मिलते ही साहेबपुर कमाल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है. फिलहाल, पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. इस हृदयविदारक घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है.
गोपालगंज में सड़क हादसे में दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वहीं, टैंकर चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया. घटना के बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. घटना के बाद स्थानीय लोग सड़क निर्माण की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं.
20 अक्टूबर, 2026 दिन मंगलवार को नगर थाना क्षेत्र के बंजारी बाईपास पर टैंकर ने बाइक सवार दो लोगों को टक्कर मार दी और चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया. इस हादसे में बाइक सवार दोनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों की पहचान गोपालपुर थाना क्षेत्र निवासी शैलेश राय और हर्षित ठाकुर के रूप में हुई है.
स्थानीय व्यक्ति ने बताया कि एनएच-27 से बंजारी बाईपास निकलता है, जहां छह दिशाओं से गाड़ियां आती हैं. वहां बीच का डिवाइडर हटा दिया गया है, जिस कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं. आज भी एक अनियंत्रित वाहन ने बाइक सवार दो लोगों को टक्कर मार दी और चालक भाग निकला.
बेगूसराय से जितेंद्र चौधरी और गोपालगंज से मदेश तिवारी की रिपोर्ट